Search This Blog

Tuesday, September 6, 2022

कहानी- असली बी० ए०

कौशल किशोर उर्फ 'किंग' असली बी० ए० है मगर यह उसकी विडम्बना है कि है आये दिन उसे लोगों को यकीन दिलाना पड़ता है कि वह असली बी० ए० है।

जब उसने कैजुअल लेबर की हैसियत से दफ़्तर ज्वाइन किया था, बी० ए० पास होने के कारण लोग उसकी ख़ास कदर करते। लगभग सौ लेबरों के बीच वह अकेला ग्रेजुएट था। दो-चार इण्टर थर्ड क्लास और बाकी दर्जा आठ या उससे कम, लिहाज़ा वह अन्धो में कनवा राजा बन बैठा। राजा भी ऐसा-वैसा नहीं, अंग्रेजी जाननेवाला राजा था और इस वज़ह से लेबर इंचार्ज घनश्याम जिसे अंग्रेजी का तनिक ज्ञान न था राजा को 'किंग' कह के पुकारने लगा था। फिर घनश्याम की देखा-देखी कौशल के संगी-साथी भी किंग कहने लगे थे।

अपनी कमी को छिपाने के चक्कर में इंचार्ज किंग का इस्तेमाल करता, लिखा पढ़ी का ख़ास काम यानी नोटिंग, ड्राफ्टिंग, लेबरों का बिल आदि किंग से करवाता फिर उसे अपने हाथ से उतार लेता। किंग की इस अहमियत के कारण उसका अपना कद लेबरों के बीच इतना बढ़ा कि वह सबों का नेता बन बैठा। हरेक समस्या का निदान किंग की अगुवाई में होता। धीरे-धीरे उसका स्टेटस ऐसा बन गया कि उसे 'लेबर' का एक धेला काम नहीं करना पड़ता और न ही इंचार्ज उससे कोई काम लेता। औरों की अपेक्षा किंग को ड्यूटी भी अधिक मिलती यहाँ तक कि कदाचित् इंचार्ज अपनी कुर्सी पर ही बैठा रहता और किंग को मोर्चा सँभालने की जिम्मेदारी सौंप देता।

सात वर्ष कैजुअल रहने के बाद किंग चपरासी के पद पर रेगुलर हो गया। चपरासी बनने के बाद भी किंग को बी० ए० पास होने का सम्मान व फ़ायदा मिलता रहा। अमूमन लोग उससे चपरासी का काम नहीं लेते बल्कि उसके साथ हमदर्दी रखते और कहते 'आजकल नौकरियों की हालत ख़राब है क्या करें लोग ? बैक डोर से आना पड़ता है, जिसे जो मिल जाए वही सही, पर पढ़े-लिखों से ऐसा-वैसा काम कैसे करवाया जाय ? वैसे ही बेचारा भाग्य का मारा है।

नौकरी मिलने के तीन साल बाद किंग के साथ रेगुलर हुए कई लोग क्लर्क बन गये मगर किंग रह गया जबकि नियुक्ति के समय यानी सीनियरटी के हिसाब से उसका दूसरा नम्बर था। लोगों को कौतूहल हुआ। एक ने किंग से पूछा-"क्या बात है तुम्हारा प्रोमोशन क्यों नहीं हुआ ?"

-"मैंने इम्तहान ही कहाँ दिया था ? पत्नी की तबीयत खराब थी", किंग ने उत्तर दिया।

अगली मर्तबा फिर जब चार प्रोमोशन हुए और किंग का नहीं हुआ तो उसने वही उत्तर दिया, किन्तु तीसरी मर्तबा जब किंग की सर्विस पाँच साल की हो चुकी थी और बिना इम्तहान के सीनियरटी के आधार पर एक दर्जन प्रोमोशन हुए और किंग रह गया तब खलबली मच गयी। पूरे दफ़्तर में यह चर्चा का विषय बन गया। किंग ने साथियों को कनविंस करने की कोशिश की- "शायद मेरा करक्टर रोल (सी० आर०) ठीक नहीं है।"

भैरोशरण जिसका किंग से चोली-दामन का साथ था, ने तीखी प्रतिक्रिया की "झाँसा मारते हो ? ग्रुप डी का सी० आर० कहाँ लिखा जाता ?"

-"मेरा मतलब मेरे ख़िलाफ़ कोई ख़राब रिपोर्ट होगी" किंग ने अपना बयान बदला।

- "कब तक झाँसा मारते रहोगे बच्चू ? सच, सच बताओ मामला क्या है ?" भैरोशरण ने ऊँची आवाज़ में कहा।

किंग को उसकी बात पर बेहद क्रोध आया। उसने सोचा इस भैरोशरण के लिए उसने क्या कुछ नहीं किया, उसके लिए लिखा-पढ़ी करना, इंचार्ज की चिरौरी करना, प्रशासनिक अधिकारी के सामने गिड़गिड़ाना और विनती करना, यहाँ तक कि उसका काम दूसरे से करवाकर उसके खाते डाल देना। एक नम्बर का कामचोर, जुआड़ी, अपना नाम तक ठीक से लिख नहीं पाता उसकी संती बड़े भाई ने हाईस्कूल का इम्तहाल दिया था। और आज जब किंग आगे बढ़ गया है तब ऊँची आवाज़ में बोल रहा है।

किंग की इच्छा हुई कि यही सब कहते हुए दो-चार हाथ जमाकर दिमाग ठिकाने ला दे मगर मुश्किल से खुद को संयत रखकर उसने कहा- "मेरा मतलब मैं नेतागिरी करता हूँ, तुम सबों के लिए लड़ता रहा हूँ, तुम्हारी वकालत करते समय अधिकारियों के साथ ठीक से बर्ताव नहीं किया होगा, रेगुलर होने के बाद तो देख ही रहे हो कभी काम बँटवारे के मुद्दे पर, कभी वर्दी के मुद्दे पर प्रशासन को धमकी देता आया हूँ, खरी-खोटी सुनाता आया हूँ इस वज़ह से मेरे खिलाफ़ अधिकारियों ने मेरी सर्विस बुक में गुप्त रिपोर्ट लगा रखी होगी।"

मगर भैरोशरण को उसकी बात रास नहीं आयी। उसने कहा- "यह नामुमकिन है, ऐसा क्यों होगा भला ? तुमने ऐसा कुछ कभी किया भी तो नहीं और न कभी सस्पेण्ड हुए या भूख हड़ताल पर बैठे, दो-चार बार जुलूस में तुम आगे-आगे जरूर थे पर तुम्हारे पीछे हम सभी थे।" एक दिन किंग के कई साथी एकजुट होकर, किंग से बिना कुछ कहे प्रशासनिक अधिकारी से मिले। उनसे पता चला कि किंग हाईस्कूल पास नहीं है। इस समाचार से सभी लोग स्तब्ध, हतप्रद हो गये। अधिकारी महोदय से मिलने के बाद सबों ने आपस में विचार-विमर्श किया। सबों का मानना था कि अधिकारी महोदय ने झूठ बोला होगा क्योंकि प्रमोशन के लिए मात्र हाईस्कूल होना अनिवार्य है, किंग बी० ए० पास न सही इण्टर तो अवश्य होगा वर्ना वह इतना लिख-पढ़ कैसे लेता, धड़ाधड़ अंग्रेजी कैसे बोल पाता ? कईयों ने किंग को दुबारा कुरेदा और बोला- "हम तुम्हारे लिये क्या करें ? हम तुम्हारी मदद करना चाहते हैं।"

किंग खफा हो गया-"मैं बी० ए० पास हूँ। असली बी० ए०, नकलछाप नहीं हूँ, मेहनत करके डिग्री ली है.. ..मेरे ख़िलाफ़ एडवर्स रिपोर्ट अवश्य होगी, ऐसी रिपोर्ट गुप्त रखी जाती है, इस कारण अधिकारी महोदय ने तुम लोगों से नहीं कहा होगा...तुम लोगों को पूछने की ज़रूरत पड़ गयी ? मुझ पर विश्वास नहीं है क्या ? बाबू बनते ही तुम सबों का मुझसे भरोसा उचट गया ? अरे तुम्हारे कहने से थोड़े न तरक्की कर दी जायगी, मेरा जब होना होगा हो जाएगा ख़ुदा के लिए मुझे मेरे हाल पर छोड़ दो, ऐसे ही मैं परेशान हूँ।"

मगर भैरोशरण चुप नहीं बैठा । वह अपनी प्रमोशन के सम्बन्ध में आयोजित पार्टी में किंग को सपरिवार निमन्त्रण देने किंग की अनुपस्थिति में उसके घर पहुँचा। उसने किंग की पत्नी से कहा-“भाभी! आप उन्हें समझाइए ना फ़ालतू नेतागिरी के चक्कर में अपना और आप सबों का नुकसान कर रहा है, नेतागिरी छोड़ दे, क्या रखा है। इसमें.......बी० ए० पास है, उसका तो कब का प्रमोशन हो गया होता मगर अब जब तीसरी मर्तबा सीनियरटी के आधार पर प्रमोशन हुआ तो उसमें भी वह रह गया।"

-"क्यों भाई साहब! उन्होंने ऐसा क्या किया ? बी० ए० पास हैं, शरीफ़ भी हैं, जहाँ तक मुझे मालूम है, शादी हुए चार साल हो गये इन्होंने वैसा कुछ नहीं किया और न ही इस बीच आपके दफ़्तर में किसी प्रकार की अशान्ति हुई। पर मुझे भी प्रमोशन न होने पर हैरानी होती है, शादी होते समय इन्होंने कहा था जल्दी बन जाएँगे, उसी बात पर ना-नुकुर करते-करते मैं राजी हो गयी थी वर्ना मैं ख़ुद एम• ए• हूँ, ईश्वर ने चेहरा-मोहरा भी ठीक-ठाक दिया है, मेरे पिता ने खर्चा भी किया था, चपरासी से कतई शादी नहीं करती.......चलिए आपके आने से कम-से-कम इतना तो पता चला कि पिछले तीन साल से लगातार प्रमोशन हो रहे हैं, वे तो मुझे यही कहते आ रहे हैं कि प्रमोशन नहीं हो रहा है, सब ठप्प हैं, सरकार ने रोक लगा रखी है ....... बड़ा झूठ ? झूठ या मक्कारी ? अभी ये घर आएँ ख़बर लेती हूँ।"

आशा का रौद्र रूप देख भैरोशरण सकते में आ गया। उसने कहा-"भाभी ! आपसे एक अनुरोध है, कृपया मेरा नाम न लीजिएगा। हमसे खामख्वाह दुश्मनी हो जाएगी, मैंने तो अपना समझकर आपसे कहा है. ..मुझ पर उसका काफ़ी अहसान है, उससे मैं आगे निकल गया, जो कम पढ़े-लिखे थे वे भी हाईस्कूल पास करके आगे निकल गये और वह बेचारा वहीं रह गया, मुझे बड़ा बुरा लग रहा है. ..अच्छा भाभी, मैं चलता यहाँ मैं आया था कृपया किंग से न कहिएगा, मैं उसे दफ्तर में दावत दे दूँगा, अगर वह ले आये तो आइएगा।"

-"ठीक है भाई साहब आपका जिक्र नहीं करूंगी, निश्चिन्त रहिए, आपने मेरा उपकार किया है, मैं आभारी हूँ.......आज मैं इनकी ख़बर लूँगी, इतना बड़ा झूठ! मेरा पति मक्कार ! हे भगवान ! किस जन्म के पाप की सजा दे रहे हैं ?"

मगर आशा ने ठण्डे दिमाग से काम लिया। किंग से कुछ कहे बिना अगले दिन वह पति के कार्यालय में पहुँची। उसकी बातों को सुनने के बाद प्रशासनिक अधिकारी ने सर्विस बुक व पर्सनल फाइल मँगवाकर किंग के हाथ का लिखा एप्लिकेशन दिखा दिया जिसमें किंग ने अपना क्वालिफिकेशन कक्षा आठ लिखा था, उन्होंने यह भी दिखा दिया कि कक्षा आठ के प्रमाण-पत्र के अलावा और कोई योग्यता प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं है।

आशा के पैरों के नीचे ज़मीन खिसकने लगी। उसकी आँखों के सामने गहन अन्धकार उतर आया। उम्मीद की किरण दूर-दूर तक दिखायी न दी। उसे इतना सदमा पहुँचा कि वह अपने पति से कुछ न कह सकी।

किंग को कुछ पता न था कि क्या कुछ घट चुका था मगर वह अपनी पत्नी की उदासीनता और मौन से परेशान हो गया। उसने तरह-तरह के कयास लगाए, घुमा-फिरा कर बार-बार उससे परेशानी का कारण पूछा, उसे रिझाने की कोई कसर नहीं छोड़ी मगर एक दिन जब दफ़्तर से लौटकर उसे पड़ोसी से पता चला कि उसकी पत्नी बेटे के साथ एक अटैची ढोती हुई कहीं चली गयी तो उसकी बुद्धि फेल हो गयी।

कमरा खोलते ही उसे एक कागज मिला जिस पर आशा ने लिख रखा था-"मैं अपने मायके वापस जा रही हूँ। फ़िलहाल लौटने का इरादा नहीं है। आपको असली बी० ए० होने का सबूत देना होगा। प्रमोशन न होने का सही कारण बताना पड़ेगा तब मैं दुबारा सोचूँगी वर्ना मैं आपको तलाक़ दे दूँगी। तलाक़ इसलिए दूँगी ताकि आपकी आधी तनख़्वाह मुझे मिलती रहे जिस पर मेरा अधिकार है क्योंकि आपने मेरे साथ धोखा किया है, आपको अपने किये की सजा मिलनी चाहिए, मेरी ज़िन्दगी के साथ आपने खिलवाड़ किया है। मैं आपको माफ़ नहीं करूंगी, मुझे आसानी से तलाक़ मिल जाएगा क्योंकि आपके दफ़र के ढेर सारे लोग हकीकत जान चुके हैं, उन्हें मालूम है कि आप 'किंग' नहीं बल्कि बेगर यानी भिखारी हैं, जी हाँ, आप भिखारी हैं। कृपया मुझसे अपने सुख-चैन की भीख माँगने न आइयेगा। हो सकता है कि मेरा जवान भाई आपके साथ बदसलूकी करे, उस अपदस्थ स्थिति में मैं आपको देखना नहीं चाहूँगी क्योंकि कल तक आप हमराह, हमसफ़र, हमनवाज़ थे।"

अचानक आये झंझावात से किंग का वज़ूद चरमराने लगा। इस विषम संकट से कैसे बाहर आये उसे समझ में नहीं आ रहा था। वह अपनी सुध-बुध खो बैठा और ऐसी चुप्पी साध ली जैसे कि साँप सूँघ गया हो। कई दिनों के बाद वह अपने पुराने इंचार्ज घनश्याम से मिला। घनश्याम की हमदर्दी आशा के साथ थी। उसने कहा- "तुमने अन्याय नहीं, अपराध किया है बल्कि पाप किया है, तुम्हें जानना चाहिये था कि पाप का घड़ा आज नहीं तो कल फूटता ज़रूर है, तुम्हें जानना चाहिए था कि तुमने जो ताज़ पहन रखा है वह कभी-न-कभी उतरेगा ही और तुम किंग से बेगर बन सकते हो। वह तुम्हारी अर्धांगिनी बननेवाली थी, उससे फ़रेब नहीं करना चाहिए था भले ही तुम असली बी० ए० हो मगर यह तो कह देना चाहिए था कि तुम चपरासी हो, प्रमोशन दफ्तरी या रिकार्ड शॉर्टर में होगा, क्लर्क बनने में समय लग सकता है, हो सकता वह तुम्हें उसी तरह क़बूल कर लेती, और कुछ नहीं तो शादी के बाद तो सब कुछ साफ़-साफ़ कहना ही चाहिए था। तुमने जो कुछ किया उससे सदमा पहुँचना स्वाभाविक है। कहीं अगर उसने आत्महत्या कर ली तो मौत के लिए तुम जिम्मेदार होगे, बच नहीं पाओगे।"

किंग ने आर्त्तनाद किया- "नहीं ! नहीं ! हम ऐसा नहीं होने देंगे हम आशा के बिना नहीं रह पाएँगे. ....... घनश्याम भाई! आप हमारी मदद करिए, आप ही हमें बचा सकते हैं, आप मेरे इंचार्ज थे, आशा आपको मानती भी है, कम-से-कम उसे इतना तो बता ही दीजिए कि मैं असली बी० ए० हूँ, सकता है उसका गुस्सा ख़त्म हो जाए ।" -"ठीक है, अगर मेरे कहने से वह मान जाए तो इससे अच्छी बात और क्या हो सकती ? कल सुबह गोमती एक्सप्रेस से चला जाए, तुम मेरे घर आ जाना मैं तैयार रहूँगा।"

कौशलकिशोर उर्फ किंग अपने इंचार्ज घनश्याम को साथ लेकर ससुराल पहुँचा। उसे देख उसके घरवालों ने आँखें टेढ़ी कर ली और कहा कि आशा बात नहीं करेगी मगर घनश्याम के अनुरोध पर वे सुनने के लिए तैयार हो गये। किंग ने कहा- “मैं असली बी० ए० हूँ, यह रहा उसका सबूत, हाईस्कूल से बी० ए० तक के मार्कशीट और सर्टिफिकेट्स, आप लोग देख लीजिए।"

आशा ने बिना देखे तपाक से पूछा- "दफ़्तर के रिकार्ड में ये सब क्यों नहीं है ? ये सब फ़र्जी हैं, मैं किसी प्रकार के बहकावे में नहीं आती, असली बी० ए० हुए होते तो पहली बैच में प्रमोशन हो गया होता। इम्तहान में क्यों नहीं बैठे? औरों की आँखों मैं धूल झोंकिएगा, मैं आपके कार्यालय गयी थी, सारे कागज़ अपनी आँखों से देखा है।”

अप्रत्याशित हमले से किंग सकपका गया, उसके हाथ-पाँव फूलने लगे। वह असहाय होकर घनश्याम को देखने लगा, गुस्से से लाल आशा उठकर भीतर जाने लगी तो घनश्याम ने कहा- "भाभी। यही सब कहने यानी सच्चाई कहने के लिए मैं इसके साथ आया हूँ, सुन तो लीजिए इसके बाद फैसला करिएगा। गम्भीर मामला है, आप दोनों के जीवन का सवाल है।" आशा रुक गयी।

घनश्याम ने कहा- "सात साल कैजुअल रहने के बाद जब रेगुलर होने की नौबत आयी तो पता चला कि जिस तारीख़ को ये कैजुअल लेबर की हैसियत से आया था इसकी उम्र हाईस्कूल सर्टिफिकेट के मुताबिक पच्चीस वर्ष से दो महीने ज़्यादा थी लिहाज़ा वह नौकरी के अयोग्य था और वह नौकरी नहीं पा सकता था, कैजुअल में ज्वाइन करते समय ही ओवर एज था, उस समय मेरी जगह जो काम करता था उसे देख लेना चाहिए था। इसने कोर्ट जाने की बात कही पर मैंने इसे मना किया था क्योंकि पहले भी एक दो लोग ऐसे ही मामले में कोर्ट जा चुके थे पर कोर्ट ने लेबर के पक्ष में निर्णय नहीं दिया था। कहीं इसके केस में भी अदालत वहीं निर्णय सुना देती तो इसका दरवाज़ हमेशा के लिए बन्द हो जाता....... .. चूँकि किंग स्वयं मेरे रिकॉर्ड्स को हिफ़ाज़त से रखा करता था, इसने हाईस्कूल से बी० ए० तक के सारे दस्तावेज़ हटाकर एक नया एप्लीकेशन रख दिया था और साथ में एक ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टी० सी०) जिसे एक गाँव के स्कूल से रुपये लेकर बना लाया था, लगा दिया था। उस टी० सी० के मुताबिक कैजुअल में ज्वाइन करते समय इसका डेट ऑफ बर्थ पच्चीस साल दो माह के बजाए बीस साल हो गया और इसका रास्ता साफ़ हो गया. इसकी ज़िन्दगी बेकार हो जाती, दो रोटी के लिए इसे दर-दर ठोकरें खानी पड़ती, ऐसे ही बेचारा किस्मत का मारा था। मैंने अलग से मारना नहीं चाहा इसलिए मैंने चुप्पी साध ली बल्कि यूँ समझिए कि मैंने इसकी मदद की थी, किन्तु ये 'असली बी० ए०' है....... आज तक यह राज़ ही है, आज आप दोनों की भलाई के लिए यह राज़ खोलना पड़ा। पिछले दो साल से ये हाई स्कूल का इम्तहान दे रहा है। पहली बार गणित में फेल हो गया था, पिछले साल आपकी तबियत ख़राब हो जाने के कारण दो पेपर में बैठ नहीं पाया था, जिस दिन हाई स्कूल पास हो जाएगा प्रमोशन हो जाएगा, उसके बाद अपने आप प्रमोशन होते रहेंगे !"

आशा की माँ की आँखें छलछला आयीं। उन्होंने कहा- "बेटी ! अब तू अपना गुस्सा थूक दे, इसे माफ़ कर दे। जो कुछ हुआ उसे तू अपना दुर्भाग्य मान ले, उसने भी तो कम दुःख नहीं झेला, भाग्य में जो लिखा रहता है वही होता है, भगवान् ने चाहा तो सब ठीक हो जाएगा, वह पढ़ा-लिखा समझदार लड़का है गणित में भी पास हो जाएगा।" 

आशा के पिता ने अपनी नाराज़गी जाहिर की- "इसके बाप को तो सच कहना चाहिए था, उसकी बेटी के साथ ऐसा हुआ होता तो उसे पता चलवा.........

घनश्याम बोल पड़ा - "बाबू जी ! इसके पिता को भी मालूम नहीं था, आपको सच कहता हूँ मेरे और इसके सिवा किसी को यह राज़ मालूम नहीं है, ढिंढोरा पीटने से इसकी नौकरी ख़तरे में पड़ सकती थी.....बेचारा सचमुच अभागा है, स्कूल की गलती के कारण हाईस्कूल सर्टिफिकेट में एक साल ज़्यादा लिख गया.......बेरोजगारी समस्या के चलते पच्चीस साल की उम्र तक नौकरी नहीं मिल पायी, कैजुअल लेबर में सात साल सड़ने के बाद जब चपरासी के पद पर रेगुलर होने हुआ तो पता चला ओवरएज है, नौकरी पाने के चक्कर में असली बी० ए० की डिग्री गँवानी पड़ी और कक्षा आठ दिखाना पड़ा। अब जो होना था हो गया. वह असली बी० ए० है, हाईस्कूल फिर से कर लेगा, प्रमोशन भी हो जाएगा।"

अपनी ख़ामोशी तोड़कर आशा ने कहा- "भाई साहब! आप सचमुच हमारे हितैषी हैं, हम आपके आभारी हैं, आपने इन्हें कम-से-कम एक दोष से मुक्त करा दिया........लेकिन नौकरी मिलने के बाद इन्हें 'किंग' बने रहने की क्या ज़रूरत थी! तुरन्त हाईस्कूल कर लेना चाहिए था । इन्होंने अपना अहंकार बरकरार रखा, झूठ दर झूठ बोला, मेरे साथ भी छल किया...अब इन्हें कहिए जल्दी से हाईस्कूल पास करके अपना प्रमोशन ले लें और 'असली बी० ए०' बोलना बन्द करें....मैं इन्तज़ार करूँगी।"
                 -----------------------

© सुभाष चंद्र गाँगुली 
-----------------------------------
( "कहानी की तलाश" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2006)
* पत्रिका ' तटस्थ' जून 2002 मे प्रकाशित ।

कहानी : लौटती धार


सुजाता के दिन अब फिरते हुए नज़र आने लगे। कुछ ही दिनों पहले उसकी शादी की बात पक्की हुई है। पहले मिहिर के माता-पिता ने देखा, कुण्डली मिलायी, फिर मिहिर, उसकी बहन और चाची ने देखा तथा तीसरी और अन्तिम बार मिहिर और उसके मित्रों ने जी भरकर देखा, फोटो खींचें, हँसी-ठिठोली की और जाते समय मिहिर ने स्वयं सुजाता और उसकी माँ से रिश्ता मंजूर है।" पुरोहित ने शुभ मुहूर्त्त देखा और अगले माघ यानी सात महीने बाद विवाह होना तय हुआ।

सुजाता के माता-पिता, भाई, छोटी बहन सभी बेहद खुश हैं। पूरे घर में उत्सव सा माहौल है। घर, आँगन, दालान सर्वत्र उत्सव की ख़ुशबू लहरा रही है। सुबह से रात तक सभी की जुबान पर सिर्फ़ शादी की बात, मिहिर की तारीफ़ और मिहिर से ज्यादा गुणगान सुजाता के, “जीजू सेर, तो हमारी दीदी सवा सेर....... हमसे सहेलियाँ पूछती हैं, दीदी को क्यों नहीं आगे बढ़ने दिया, कितनी तेज थीं, गाना-बजाना, खेलकूद, पढ़ाई लिखाई सब में अव्वल "....... "हमारी बेटी सुजाता क्या मिहिर से कम है? आपने उसे पढ़ने नहीं दिया, वर्ना अब तक वह किसी ऊँचे ओहदे पर होती। हमेशा फर्स्ट आयी है। कितनी अच्छी अंग्रेजी जानती है, बी० ए० में कितने नम्बर मिले थे..! भगवान् के घर देर है, अन्धेर नहीं । आख़रकार उसने अच्छा योग्य वर भेजा न!"....कल तक जो सुजाता सबकी आँखों की किरकिरी थी, आज वह आँखों की पुतली बन गयी।

सुजाता से अब घर का कोई भी काम नहीं लिया जाता है, उल्टा उसे आराम करने को कहा जाता है। कदाचित् छोटी बहन बिट्टू अगर उसे खाना परोसने या किसी काम में हाथ बँटाने बुलाती, तो उसकी माँ तत्काल कहतीं, "रहने दो, उसे मत तंग करो, मैं कर देती हूँ।"

-“अरे माँ, थोड़ा-बहुत काम करने से वह दुबली नहीं हो जाएगी, हाथ पर हाथ धरे बैठे रहने से आलसी ही हो जाएगी।"

-"चुप कर तेरी दीदी इतनी मेहनती है, बहुत काम कर चुकी है। अब दो-चार दिन आराम कर लेने दे। ससुराल में तो काम ही काम, फुर्सत कहाँ मिल पाएगी, देख न हमें! कितने सारे लोग शादी में आएंगे, रंग-रूप ठीक रखना है......... चन्द दिनों की मेहमान है अब वह।"

पिता और भाई भी सिवाय पानी पिलाने के कोई आदेश नहीं देते।

 सुजाता को अपने घर पर अतिथि बने रहना बड़ा अजीब लगने लगा। इस अद्भुत अनूठे अनुभव को उसने सँजोए रखना चाहा और एक-एक दिन की घटना को, घर के सदस्यों की मीठी-मीठी बातों को, वह अपनी डायरी में दर्ज करने लगी।

सुजाता का आज का अनुभव उसके पिछले दो वर्षों के अनुभव के ठीक विपरीत है। सुबह उसकी आँख खुलती महरी के दस्तक देने पर दो-तीन आवाज़ के बाद अगर सुजाता ज़वाब नहीं देती, तो उधर से माँ की आवाज़ आती, "बुचिया, बुचिया !"

दरवाज़ा खोलकर भीतर आने की देर नहीं कि माँ का फ़रमान, "बुचिया! जल्दी से हाथ-मुँह धोकर पापा को चाय दे आ....... बबलू और बिट्टू को नींद से जगा उठ जायँ, तो चाय दे दे।"

सुजाता सबको चाय पहुँचाती फिर बाथरूम जाकर साफ-सुथरी होकर खुद अपनी चाय ले लेती। कभी-कभार उसकी चाय ठण्डी हो जाती और चूल्हे पर खाना पकने के कारण ठण्डी चाय दोबारा गर्म कर पाना सम्भव नहीं हो पाता या फिर उसके लिए चाय ही नहीं बचती, तो सुजाता नर्मी से विरोध जताती, "माँ मेरी चाय ? मेरा भी ख़्याल रखना चाहिए ?"

माँ की त्योरियाँ चढ़ जातीं, “तू क्या मेहमान है, जो तेरे लिये इंतज़ार करूँ ? दस घण्टा बाथरूम में रहोगी, तो चाय ठण्डी हो ही जाएगी। अब जैसी है, वैसी पी ले। रोज-रोज फ़ालतू गैस जलती है।" कभी कहतीं, "नहीं बची, तो नहीं बची, नशा बुरी चीज़ है।"

सुजाता चाय पी या ना पी, पिता की आवाज से चौंकती, "बुचिया ! अभी तक अख़बार नहीं लायी ? देख, जल्दी से ले आ, वरना कोई उठा लेगा।"

सुजाता अख़बार लेकर जाती, तो उसका भाई बबूल चिल्लाता, “ए बुचिया ! स्पोर्ट्सवाला पेज इधर दे जा। अभी थोड़ी देर में ले जाना, एक बात रोज-रोज कहनी क्यों पड़ती है ?"

इधर सब्जीवाला गुहार लगाता, “आलू, टमाटर, गोभी, बैंगन....दीदी !”
माँ चीखती, "बुचिया! जा सब्जी ले ले, सुन ! देख ले डलिया में क्या है, क्या नहीं है, बिना देख-सुनकर ले लेती है, तो ज़रूरत से ज़्यादा तरकारी बनानी पड़ती है, फ़ालतू खर्चा होता है। टमाटर देखकर लेना, लाल-लाल और थोड़ा कड़ा हो। उस दिन सारा फेंकना पड़ा था। रोज-रोज तरकारी खरीदती है, फिर भी ताज़ा-बासी, अच्छा-बुरा नहीं पहचान पाती, पैसा बेकार जाता है! और सुन ! मिर्चा अलग से माँग लेना। फोकट में देता है, फिर भी नहीं लेती।" माँ की इस तरह की बातें सुजाता एक कान से सुनती, दूसरे से निकाल देती है। आदत पड़ चुकी थी।

- "माँ ! ग्यारह रुपये पचास पैसे।"

-"ठीक से जोड़ लिया है न ? मिर्चा का तो जोड़ा नहीं ?"

उधर दूधवाले की सीटी बजने लगी।
दूधवाला तूफान मेल है, ज़रा-सा सब्र नहीं कर सकता, सीटी पर सीटी बजाता। खीझकर माँ कहती, "बुचिया वहाँ खड़े-खड़े क्या कर रही है? सुनायी नहीं देता ? क्या मैं दौड़ू ? जा, जल्दी से दूध ले ले, बर्तन ठीक से धो लेना।"

-"पहले रुपये तो दीजिए, सब्जीवाला कब से खड़ा है।" सुजाता झुंझलाती। 

- "दूधवाला एक घण्टा खड़ा रहेगा क्या ? अभी चला जाएगा तो हाय-हाय करना पड़ेगा। तू दूध ले ले, मैं सब्जीवाले को दे देती हूँ...साढ़े ग्यारह कैसे हुआ ? तुझे वह जो दाम बता देता है, तू वही मान लेती है, मोल-भाव करना पड़ता है! पता नहीं किस राजकुमार के घर जायगी, कैसे गृहस्थी संभालेगी !”

थोड़ी-सी फुरसत मिलती, तो सुजाता अख़बार लेकर बैठती। अभी पन्ना भी नहीं पलट पाती कि बबलू का हुक्म होता, “बुचिया ! मेरी कमीज़ प्रेस कर दे। कल तूने बनियान साफ़ नहीं की थी, आज कर देना।" 
कमीज़ पर आयरन चलाती, तो माँ की आवाज़ सुनायी देती, "बुचिया! पापा की पैंट-शर्ट निकाल दे और टिफिन तैयारकर बैग में रख देना।"

इसी तरह दिन-भर चरखी जैसी चक्कर काटती बुचिया। कहने को तो उसकी माँ की गृहस्थी माँ ही सँभालती, हिसाब-किताब भी वहीं रखती, लेकिन अनगिनत छोटे-बड़े काम, जिन पर शायद ही किसी का ध्यान जाता हो, बुचिया को करना पड़ता। सुबह से रात तक इतनी मर्तबा 'बुचिया बुचिया' सुनती कि सुनते-सुनते कान थक जाते, हाथ पैर दुखने लगते। थककर चूर होकर जब बुचिया बिस्तर पर निढाल होती, तो एकदम शव-सी पड़ी रहती। कदाचित् सपने में 'बुचिया' सुनकर एकबारगी नींद से उठ बैठती। किन्तु तब भी बेचारी को सुनना पड़ता, "बुचिया कुछ नहीं करती, जब देखो, तब रिकार्ड प्लेयर बजाकर गाना सुनती है या टी० वी० के सामने बैठी रहती है। सिलाई-बुनाई कर सकती है, घर का दो पैसा बच सकता है।"

बुचिया को ताने- उलाहने सुनने, घरवालों की रूखाई देखने और सुनने की आदत पड़ चुकी थी। सुजाता करे, तो क्या करे, कहे तो किससे कहे, कुछ नहीं समझ पाती। वह तो बस भाग्य को कोसती और भगवान् के सामने गिड़गिड़ाती, "हे भगवान ! मुझे लड़की का जन्म क्यों दिया ? लड़की बनाया, तो उस घर में क्यों भेजा, जहाँ लड़की के हाथ पीले करने के लिए ढेर रुपए खर्च करने पड़ते हैं ? उस घर में क्यों भेजा, जहाँ हिटलर जैसा बाप है, जिसके आगे किसी की नहीं चलती ? उस घर में क्यों भेजा, जहाँ बेटियों को थोड़ा-बहुत पढ़ने तो दिया जाता है, लेकिन आगे बढ़ने नहीं दिया जाता है।"

सुजाता ने अपनी भावनाओं को, मन की पीड़ाओं को डायरी में दर्ज़ कर रखा है। सुजाता ने लिखा कि जब वह स्टूडेण्ट थी, उसकी हर प्रगति व प्रशस्ति पर उसके माता-पिता बल-बल खाते, उसकी बातों को गम्भीरता से लेते, उसे बढ़ावा देते, मगर अब जब पढ़ाई-लिखाई छोड़, दो वर्ष से बिन ब्याही बैठी हुई थी, उसकी स्थिति अपने ही घर में दासी की हो गयी थी, जिसे तन ढँकने के कपड़े और दो टाइम खाना खाने के एवज़ में कोल्हू जैसा खटना पड़ता। अब वह सुजाता नहीं, बेजुबान आज्ञाकारी 'बुचिया' बन चुकी थी। सुजाता ने लिखा था कि जब वह एम० ए० में थी और आगे बढ़ने के लिए भरपूर मेहनत कर रही थी, तभी अचानक उसके पिता ने उसे कॉलेज जाने से मना कर दिया था।

उसके पिता के कान भरनेवाला था उसका अपना भाई बबलू। बबलू ने कई बार सुजाता से कहा था कि वह अपने क्लास के लड़कों से बातें न किया करे, मगर सुजाता ने हर बार जवाब में कहा था, "इसमें कौन-सी बुराई है भइया ? हम साथ-साथ पढ़ते हैं, दिन-भर क्लास-रूम में रहते हैं, बातें यूँ ही हो जाती हैं, मैं अकेली थोड़े ना हूँ। सभी लड़कियाँ लड़कों से बातें किया करती हैं।"

मगर जिस दिन बबलू घर पर बेतुकी बात करने लगा था और राजीव नाम के एक लड़के के साथ ख़ामख़्वाह उसका नाम जोड़ा था, उस दिन सुजाता ने अपना आपा खो दिया था और कहा था, "भइया, तुमने तो यूनिवर्सिटी का मुँह नहीं देखा है, को-एजूकेशन क्या होती है, तुम क्या जानोगे ?” उस दिन बबलू ने धमकी देकर कहा था, “खूब समझता हूँ और तुम्हें भी अच्छी तरह से समझाऊँगा बहुत उड़ रही है, तेरे पर काटने पड़ेंगे।”

बबलू ने सुजाता के जीवन में जो जहर घोला था, उसकी ख्वाहिश को जिस तरह लिए सुजाता उससे घृणा करती है। किन्तु यह अजीब-सी विडम्बना है कि घृणा के बावजूद से कुचल दिया था, जिस ढंग से उसकी ज़िन्दगी के अमन-चैन को छीन लिया था, उसके सुजाता को बबलू के हाथ में राखी बाँधनी पड़ती है। राखी बाँधकर जब बबलू बहन को आशीर्वाद देता है, तो सुजाता मन ही मन कहती, "भइया, तुम जुग-जुग जीओ, सुखी रहो। पर तुमने मेरे साथ जो कुछ किया है, उसके लिए मैं तुम्हें कभी माफ़ नहीं करूँगी, कभी नहीं। अगले जन्म में तुम जैसा मनहूस भाई भगवान मुझे ना दे, यही कामना हर रक्षाबन्धन के दिन करूँगी।"

शादी तय हो जाने से सुजाता खुश है। खुश है कि उसे इस दमघोटू वातावरण से मुक्ति मिलेगी, खुश है कि उसे उसके भाई की सूरत नहीं देखनी पड़ेगी, खुश है कि अब उसे 'बुचिया, ए बुचिया' करके कोई नाक दम नहीं करेगा। खुश है कि मोहल्ले की चाची जी, ताई जी, नानी जी, बुआ जी उसे कनखियों से नहीं देखेंगी और अब वे लोग उसकी मौज़ूदगी में उसकी माँ से शादी की इंक्वायरी नहीं करेंगी और सुजाता खुश है कि उसके रिश्तेदार अब खतों के अन्त में नहीं लिखेंगे, सुजाता की शादी का क्या हुआ ?

सुजाता नवीन सपनों की उधेड़बुन में लग गयी। उसके होनेवाले जीवनसाथी ने उसके सर्टिफिकेट व मार्कशीट देखकर उसकी प्रतिभा की तारीफ़ तो की ही थी, साथ ही साथ अचरज भी व्यक्त किया था कि उसने अपने कैरियर को मँझधार में डूबने क्यों दिया। मिहिर ने उससे कहा था कि उसे पढ़-लिखकर नौकरी करनी चाहिए। उत्तर में सुजाता ने कहा था कि उसके खानदान में बेटियों को अधिक पढ़ाने की प्रथा नहीं है, सिर्फ़ अच्छी व कुशल गृहिणी बनने की तालीम दी जाती है। घरवाले नौकरी चाकरी के विरोधी है। मिहिर ने उससे कहा था कि अगर वह लिख-पढ़कर कुछ बनना चाहेगी, तो वह पूरा साथ देगा, क्योंकि उसकी इच्छा है कि उसकी बीबी कमाऊ हो, ताकि दोनों की आमदनी से जीवन का स्तर बेहतर हो ।

सुजाता के मन की अतृप्त इच्छा अचानक जाग उठी। अति उत्साह के साथ उसने सारे सर्टिफिकेट, मार्कशीट, प्रशस्ति-पत्रों तथा तमाम नोट्स व किताबों को बटोरकर इकट्ठा किया। धूल की परतों को हटाकर सारी पुस्तकों पर कवर चढ़ाया और अलमारी में सजा दीं। अब वह सुबह अपनी मर्ज़ी से माँ के साथ काम में थोड़ा-बहुत हाथ बँटाती, फिर किताब खोलकर बैठ जाती। उसे पढ़ते देख उसकी माँ उत्साहित हो उठी, उन्होंने बेटी की पीठ थपथपायी और ब्याह के बाद पढ़ाई चालू करने की बात कही। सुजाता ने माँ के आग्रह को देख पढ़ाई शुरू करने की इच्छा जाहिर की। थोड़े दिनों की बाद वह यूनिवर्सिटी जाने लगी। वह मन लगाकर पठन-पाठन करने लगी और साथ-साथ नौकरी पाने के लिए कम्पीटिशन की तैयारी करने लगी।

मगर जब चार-पाँच महीने बाद सुजाता का इम्तहान निकट था, सुजाता ने अचानक गौर किया कि उसके अध्ययन में किसी को कोई दिलचस्पी नहीं है, बल्कि उसके पिता और भाई दोनों ही उसे यूनिवर्सिटी जाने से मना करने लगे। उसकी माँ ने जुबान पर ताला लगा दिया था। उनके चेहरे पर ना पहले जैसी खुशी थी और ना ही गम था। वह ज्यादातर गुमसुम रहतीं, चुपचाप अपने काम में लीन रहती और मन ही मन बुदबुदातीं।

सुजाता ने गौर किया कि उसके माता-पिता जब कभी आपस में बात करते, उस दौरान अगर वह दाख़िल हो जाती, तो तुरन्त बातचीत का विषय बदल जाता या फिर सन्नाटा पसर जाता। सुजाता को लगा कि शायद घरवाले उसकी शादी की बात उसके सामने नहीं करना चाहते।

फिर धीरे-धीरे उसके पिता और भाई हुक्म चलाने लगे। सुबह होते ही शुरू हो जाता 'बुचिया' 'बुचिया'। सुजाता वज़ह ढूँढ़ती। यूनिवर्सिटी में शीतकालीन अवकाश था। सुजाता दिन-रात पढ़ना चाहती, किन्तु बार-बार किताब बन्द कर हुक्म का पालन करना पड़ता। एक दिन परेशान होकर वह झुंझला उठी, "आप लोगों ने मेरा जीना दूभर कर रखा है। सिर पर इम्तहान सवार है, जब तब डिस्टर्ब करते हैं।"

-"किसके लिए पढ़ रही है तू ? मैं तो कहती हूँ यह पढ़ाई बढ़ाई बन्द कर घर बैठ। ज़्यादा लिख-पढ़ लेगी, तो तेरी शादी नहीं हो पायेगी।" माँ ने हताशा व्यक्त की। 

- "क्या ?" सुजाता स्तब्ध, हतप्रभ। किसी ने कुछ नहीं कहा।

सुजाता ने जब काफ़ी कुरेदा, तब उसकी माँ कमरे के भीतर जाकर लिफ़ाफ़ा ले आय और सुजाता को थमा दिया।

लिफ़ाफ़ा खोलते ही सुजाता सातवें आसमान से गिरी। उसकी तस्वीर और साथ में था एक पत्र । पत्र में लिखा था

"अत्यन्त दुःखी होकर मैं आपको आपकी बेटी की तस्वीर लौटा रहा हूँ। आपका घर-द्वार, आपके घर के लोग हमें बहुत अच्छे लगे थे। सुजाता बेटी की जितनी प्रशंसा करूँ, नाकाफ़ी होगी। किन्तु क्या बताऊँ, मेरे बेटे ने अभी पिछले हफ़्ते फोन पर बताया कि वह वर्किंग गर्ल से शादी करना चाहता है। उसने एक लड़की की सूचनी भी दी है। ऐसी स्थिति में मैं नहीं समझता कि बेटे को जोर-जबर्दस्ती राजी करवाना उचित होगा। आपकी बेटी सुजाता के लिए मंगल कामनाएँ करता हूँ।”

पत्र पढ़ते-पढ़ते सुजाता रूआँसी हो गयी। सुजाता ने देखा उसकी माँ पलंग पर बैठकर सुबक रही हैं, आँसुओं को रोकने की कोशिश कर रही हैं। अपना मनोबल मजबूत कर सुजाता ने कहा, "माँ! ऊपरवाला जो कुछ करता है, भलाई के लिए ही करता है। कहावत है शादियाँ स्वर्ग में तय होती हैं...... आप लोग बेवज़ह दिल छोटा न करें। मैं अपनी पढ़ाई जारी रखूँगी, इम्तहान दूँगी। मैं नौकरी की तलाश करूँगी, नौकरी कर लूँगी, तो किसी के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। किसी के आगे झुकना पड़ेगा, न दहेज का लफड़ा और ना लोगों की बेतुकी बातें।" बगलवाले कमरे से पिता ने कर्कश स्वर में कहा, "बुचिया! ज़्यादा बोलने लगी है। हम तेरे लिये फिर से लड़का ढूंढ़गे। कल से पढ़ाई-लिखाई बन्द । यह मेरा आदेश है।"

सुजाता पिता के सम्मुख जाकर दृढ़ता से बोली, “पापा! पिछली मर्तबा जब मैं घर बैठ गयी थी, उस समय सर्टिफिकेट के मुताबिक मैं अट्ठारह की नहीं थी। अब मैं अपना निर्णय लेने में सक्षम हूँ.. ...मै पीछे लौटनेवाली नहीं हूँ। आप अगर मेरा खर्च नहीं उठाएँगे, तो ना सही। मैं स्वयं अपना रास्ता ढूँढ़ लूँगी। यह मेरा फैसला है।" सुजाता के उत्तर से माता-पिता दोनों स्तब्ध रह गये।

सुजाता की शादी क्यों कैंसिल हो गयी, इसका जवाब देते-देते सुजाता के माता पिता तंग आ गये। पूरे मोहल्ले में, रिश्तेदारों में तरह-तरह की बातें होने लगीं। हर रोज कभी भाई या कभी बहन किसी से कुछ सुनकर घर आकर कहते और तत्काल घर का वातावरण गर्म हो जाता। लोगों को जवाब देने के भय से सुजाता की माँ ने घर से बाहर निकलना बन्द कर दिया। जाने-अनजाने उनका आचरण सुजाता के प्रति ख़राब होने लगा। छोटी-छोटी बातों पर वे रूठ जातीं और सुजाता पर गुस्सा उतारती बहुत दिनों तक सुजाता ने यह सोचकर माँ से कुछ नहीं कहा कि माँ की निराशा और बेटी की चिन्ता उनके आचरण में झलकती है, लेकिन एक दिन जब सुजाता दूध गैस पर चढ़ाकर पढ़ने लगी थी और दूध गाढ़ा होते-होते जलकर राख हो गया था और सुजाता दौड़कर किचन में खड़े-खड़े 'च्च-च्च' करके अफ़सोस करने लगी थी, उस समय उसकी माँ पीछे से आकर बरस पड़ी थी, "पता नहीं तेरा मन कहाँ पड़ा रहता है! तेरे कारण कितना नुकसान हुआ है!” तब सुजाता ने अपना धीरज खो दिया था, "माँ! मेरी तस्वीर क्या लौट आयी, आप सबों ने मेरा जीना दूभर कर दिया है... . अच्छा होता वे लोग तस्वीर ना लौटाकर थोड़ी-सी मोहलत माँग लिए होते, कम से कम और कुछ दिनों तक मैं सुजाता तो बनी रहती। माँ! मेरी तस्वीर लौट आयी है, तो इसमें मेरा क्या क़सूर ?. ..अब से अपनी गृहस्थी आप खुद सँभालिए, सब लोग अपना-अपना काम खुद किया करें। सभी सक्षम हैं.... .. अब मैं और बुचिया नहीं बनूँगी।"

माहौल गर्म हो उठा। माँ का चेहरा तमतमा उठा, होंठ फड़फड़ाने लगे, कटाक्ष दृष्टि से बेटी को देखने लगीं। फनफनाती हुई सुजाता कमरे से बाहर निकलने लगी कि उसके पिता हाथ में एक पैकेट मिठाई लेकर प्रसन्नचित्त मुद्रा में कमरे के भीतर दाख़िल हुए और उल्लसित होकर बोले, "अभी-अभी इण्टरनेट में रिजल्ट देखकर आ रहा हूँ, सुजाता को बैंक की नौकरी मिल गयी है। वेल डन माई गर्ल, खूब तरक्की करो! मे गॉड ब्लेस यू।"

खुशी के मारे सुजाता उछल पड़ी। उसने माता-पिता का चरण स्पर्श किया। माँ ने बेटी को गले से लगाया। अपार खुशी का इज़हार करते हुए पिता बोले, “मुझे नाज़ है बेटी तुम पर, तुमने चमत्कार कर दिखाया। तुमने मेरी सोच बदल डाली। मुझे अब तुम्हारी शादी के लिए चप्पलें नहीं घिसनी पड़ेंगी, रिश्ते खुद चलकर आएँगे।" कुछ शर्मिन्दगी से सुजाता बोली, "पापा बस । मैंने इतना कमाल नहीं किया है। आजकल तो यह आम बात है, लड़कियाँ क्या कुछ नहीं कर रही हैं।”

अगले दिन सुबह-सुबह फोन की घण्टी बजी। सुजाता की माँ ने रिसीवर उठाकर कुछ सुना, कुछ कहा, फिर सुजाता की ओर रिसीवर बढ़ाकर कहा, "लो बेटी, एक और खुशखबरी.."

- "बधाई हो! मैं बहुत खुश हूँ......... बधाई !!”

-“हैलो! हैलो........ . सुजाता खुश हूँ....... बधाई !!"

-"हैलो! हैलो!........सुजाता न ?”

-“जी! मैं सुजाता।”

-" मेरी बधाई क़बूल नहीं करोगी ?. ...मैं मिहिर ।"

- "सॉरी रांग नम्बर !" सुजाता ने गुस्से से रिसीवर पटक दिया। सुजाता के माता-पिता बेटी की आँखों में एक चमकती धार को लौटता देख रहे थे।
                ------------------------


© सुभाष चंद्र गाँगुली
---------------+----------------
( "कहानी की तलाश" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2006)
* पत्रिका ' वनिता ' अगस्त 2010 मे प्रकाशित ।

कहानी: बर्थ डे

उस दिन संजय की माँ का जन्मदिन था। संजय अपनी माँ आशा से बहुत पहले से ही कहता आ रहा था कि वह जन्मदिन के रोज स्कूल नहीं जायेगा, घर पर रहकर माँ का जन्मदिन मनायेगा किन्तु आशा ने सुबह-सुबह उससे कह दिया कि वह बेवजह नागा न करे, स्कूल से लौटकर बर्थ डे मनाए।

इसी बात को लेकर माँ और बेटे में काफ़ी देर तनातनी चली क्योंकि आशा ने पहले उसकी बात पर हामी भर दी थी।

दोनों अपनी-अपनी बात पर अडिग थे और जब आशा ने डाँट लगायी तो संजय अपनी बात मनवाने के लिए रोने लगा। आख़िरकार आशा ने हार मान ली और संजय से कहा- "ठीक है रोना-धोना बन्द करो, अभी पढ़ाई-लिखाई कर लो फिर जो कुछ मनवाना-वना है कर लेना।"

मगर मामला यहाँ शान्त नहीं हुआ। स्कूल न जाने की बात सुनकर संजय के पिता सतीश नाराज़ हो गये और बेटे को डाँटने-फटकारने लगे।

आशा ने जब बेटे की तरफ़दारी की तो सतीश ने संजय को दो-चार हाथ रसीद कर दिया फिर आशा से कहा- "मेरे रुपए क्या हराम के आते हैं ? खून-पसीना एक करके कमाता हूँ, इंगलिश स्कूल में कितनी मोटी फीस भरनी पड़ती है नहीं मालूम तुम्हें ? नौ सौ रुपया पर मन्थ, जुलाई में एक साथ साढ़े चार हजार दिया था वह अलग, अगले महीने से कोचिंग जायेगा उसके लिए कल ही तीन हजार रुपया एडवांस में जमा करना पड़ा नहीं मालूम? खामख्वाह टेंशन पैदा करती हो।"

-“टेंशन आप पैदा कर रहे हैं या मैं? पढ़ने तो बैठ गया है। दिनभर पढ़ाई-लिखाई करके, एनज्वॉय करेगा। मैंने उससे कह दिया है।" -“खाक पढ़ेगा। फाँकी मारेगा। तुम्हारे चक्कर में लड़का बर्बाद हो जाएगा। भेजो उसे स्कूल । "

-"कभी किसी ने मेरा 'बर्थ डे' नहीं मनाया अब बेटा खुशियाँ मनाना चाहता तो आपको अच्छा नहीं लग रहा है। ख़ुद तो याद नहीं रखते 'बर्थ डे' कब है, मैरिज डे कब है, अब बेटा सेलिब्रेट करना चाहता है तो आपको अच्छा नहीं लग रहा है। सुबह सुबह छोटी-सी बात को लेकर इतना गर्मा रहे हैं दिनभर के लिए मूड खराब कर दिया........

-"ऐसे ही लड़का लबड्डुस है, मार्क्स अच्छे नहीं आते, पढ़ाई में मन नहीं लगता, कन्सन्ट्रेट नहीं कर पाता तभी न वास्तुविदों से कंसल्ट करके घर में पढ़ने-लिखने बैठने की जगह, किताब रखने की जगह सब कुछ बदला गया ? उस पर भी रुपए खर्च हुए। राहू की दशा ठीक करने के लिए गोमेद पहनाया, क्या कुछ नहीं कर रहा हूँ उसे आगे बढ़ाने के लिए ?........तुम्हारा 'बर्थ डे' है तो क्या सब कुछ थम जाए ? सारे लोग हाथ पर हाथ धरे बैठ जाए ? उससे कहो जल्दी से तैयार होकर स्कूल जाए....... चलो तुम्हारे 'बर्थ डे' की खुशी में शाम को होटल ले चलूँगा। जल्दी घर आ जाऊँगा।"

उधर माता-पिता की नोंक-झोंक से त्रस्त संजय आँसू बहाता हुआ किताब का पेज गीला कर चुका था। उस दृश्य को देख आशा का मन तार-तार हो गया और वह कमरे से निकलकर पति से बोली - "अजी रहने दीजिए आज टेंशन में पढ़ भी नहीं पा रहा है। एक दिन न जाने से क्या बिगड़ जायेगा ? मन में तनाव रहेगा तो स्कूल में भी मन नहीं लगेगा। एकाध दिन तो उसकी भी सुननी चाहिए।"

सतीश का गुस्सा भड़क उठा। उसने कहा- "टेंशन हो रहा है! स्कूल में मन नहीं लगेगा! तुम्हारे इस गँवारू रवैये की जानकारी पहले रहती तो मैं कर्जा लेकर पच्चीस हजार डोनेशन देकर एडमीशन ही न करवाता। इंगलिश स्कूल में एक-एक दिन की पढ़ाई माने रखती है। ऐसे ही थोड़े ना लोग हजार तकलीफ़ उठाकर इंगलिश स्कूल में भेजते हैं ? तुम क्या जानोगी कितना नुकसान होता है, ख़ुद जो पढ़ी हो देहाती स्कूल में।"

फिर दनदनाते संजय के कमरे में घुसकर उसका कान उमेठकर सतीश बोले-“कान खोलकर सुन लो आइन्दा कभी स्कूल न जाने का बहाना बनाया तो मार-मारकर चमड़ी उधेड़ लूँगा। तुम्हें आई० ए० एस०, डॉक्टर, इंजीनियर कुछ बनना है। क्लास सेवेंथ में हो, अभी से मेहनत करोगे तभी आगे बढ़ पाओगे। जाओ जल्दी से तैयार होकर भागो, देर हो जायेगी तो सौ रुपया फाइन भरना पड़ेगा।”

आशा बोली- “जा बेटा जा, पापा कह रहे हैं ना शाम को होटल ले चलेंगे।" थोड़ी देर बाद आशा ने पति से कहा-"अजी आप जरा उसे स्कूल छोड़ दीजिए ना ! बच्चा है, देर हो गयी है, स्कूल में सजा मिलने के डर से साइकिल भगायेगा, थक जायेगा...... अभी साइकिल भी ठीक से चला नहीं पाता... "

इस पर भी सतीश ने गुस्सा झाड़ा-"फ़ालतू दिमाग चाट रही हो। दूध पीता बच्चा नहीं है। उसकी उम्र में मैं बहुत कुछ किया करता था। पेड़ों पर चढता. स्वीमिंग करता, कुश्ती लड़ता। तुम्हारे प्यार से लड़का इनडिसीप्लीण्ड होता जा रहा है।" निरुपाय संजय रोता-बिलखता जल्दी-जल्दी ड्रेस पहनकर साइकिल उठाकर भागा।

संजय के जाने के बाद पता चला कि जल्दीबाजी में स्कूल टिफिन संजय की मेज पर ही रह गया है। आशा ने जब सतीश से टिफिन पहुँचाने को कहा तो सतीश ने खिसियाहट से कहा- "लापरवाही तुम करोगी और डाँड़ मैं हूँ ? स्कूटर क्या पानी से चलती है ? एक दिन नाश्ता न करने से मर नहीं जाएगा तुम्हारा लाडला जाओ जल्दी से खाना तैयार करो मैं तैयार हो रहा हूँ। सुबह से टेंशन के मारे सिर फटा जा रहा है। एक कप कड़क चाय बनाकर ले आओ।"

स्कूल से घर लौटने का समय बीतता गया, संजय के वापस न आने पर आशा का तनाव बढ़ता गया। पाँच मिनट, दस मिनट, पन्द्रह मिनट करते-करते डेढ़ घण्टा बीत गया। आशा भीतर-बाहर करती रही, बार-बार दीवार घड़ी देखती रही, सूरज का ढलान और सड़क की ओर देखती रही। फिर जब सूरज ढलने को हुआ तो वह घर से निकलकर गली के मुहाने जाकर खड़ी रही कुछ देर, फिर पी० सी० ओ० से संजय के स्कूल और सतीश के दफ्तर में कई-कई बार फोन मिलाया मगर सारी घण्टियाँ व्यर्थ गयीं।

सतीश रोज़ाना दफ़्तर बन्द होने के बाद दफ़्तर के 'मनोरंजन क्लब' में ताश पीटकर रात दस ग्यारह बजे तक कभी हँसता-मुस्कुराता और कभी मुँह लटकाये घर लौटता। आशा शुरू-शुरू में बहुत पीछे पड़ी थी मगर सतीश को ऐसी लत पड़ गयी थी कि बिना फड़ पर बैठे और पेग लड़ाए उसे चैन न पड़ता।

मगर उस दिन सतीश ने जल्दी घर लौटने का वायदा किया था क्योंकि होटल ले जाना था। इससे पहले भी दो-तीन बार सतीश वादा खिलाफी कर चुका था। बहाना भले ही दफ्तर के काम का बनाया था, दारू की बू से आशा ने सच्चाई जान ली थी।

संजय ने कभी देर भी की हद से हद आधा घण्टा-पौन घण्टा। कभी ट्रैफिक जाम के कारण तो कभी किसी मन्त्री के आने से ट्रैफिक घुमा देने के कारण। आशा ने अड़ोस पड़ोस पूछा, शहर में कोई ऐसी-वैसी बात तो नहीं हुई, फिर दो-चार लोगों से मदद माँगी, स्कूल- दफ्तर जाकर ख़बर लेने की विनती की। सबों ने परेशानी सुनी पर कहा किसी ने कुछ नहीं, क्योंकि सतीश अपने मकान के दो तरफ दो बड़े-बड़े नेम प्लेट में नाम के अक्षरों से बड़े अक्षरों में 'सुपरवाइजर' टाँगकर सबसे बड़ा अधिकारी जो बना हुआ था और बीबी, बेटे को हिदायत देता "अचुआ-पचुआ से न मिला करो, स्टेटस का ख्याल रखा करो।"

आखिरकार अत्यन्त व्याकुल होकर आशा ने घर पर ताला डालकर दफ्तर जाने का मन बना लिया।

उसने ताला डाला ही था कि सतीश के दफ़्तर का बिरजू घर के दरवाजे पर, अपनी मोटर साइकिल रोकी और कहा-“भाभी जी कहाँ जा रही हैं ? अच्छा हुआ आप पहले से ही तैयार हैं, सतीश साहब ने मुझे भेजा है, आपको ले चलने के लिए।"

-"क्या ??" आशा भौंचक ।

-"जी! उन्होंने ही भेजा है आपको ले चलने के लिए।"

-"कहाँ ? वे कहाँ ? आज तो उनको सीधा घर लौटना था। संजय अभी तक घर नहीं लौटा है मैं परेशान हूँ। मैं बार-बार फोन ट्राई कर रही हूँ, मुझे कहाँ पर बुलाया है, क्यों बुलाया है ? क्या हुआ है ?..

- "निश्चिन्त रहिए। सब ठीक है। संजय साहब के साथ है. .अरे! आज तो आपका 'बर्थ डे' है, हैप्पी बर्थ डे ! चलिए! वे दोनों आपका इन्तज़ार कर रहे हैं...... आइए बैठिए !......अरे! आपके पति ने ही मुझे भेजा है, आप अपनी मर्जी से थोड़े ना मेरे साथ चल रही हैं, साहब के आदेश पर ही. ..इससे पहले आपने मुझे एक-दो बार देखा है, पहचानती तो हैं, आइए बैठिए।"

- "भाई साहब आप मुझसे कुछ छिपा रहे हैं। कुछ छिपा रहे हैं, पता नहीं मेरा मन घबरा रहा है....... मैं किसी से हँसकर दो बातें करूँ उन्हें पसन्द नहीं और आज आपके पीछे बैठने के लिए उन्होंने कैसे भेज दिया ? फिर संजय साइकिल से स्कूल जाता है, स्कूल यूनिफार्म में है, वे क्लब जाते हैं, संजय अपने पिता के पास कैसे-क्यों पहुँच गया ? सच-सच बताइए क्या बात है ?"

रास्ते भर आशा इसी तरह की बातें दोहराती गयी और हर बार बिरजू सहज स्वाभाविक ढंग से कहता गया- "भाभी आप अकारण परेशान हो रही हैं। आलतू फालतू क्यों सोच रही हैं ? आज शाम आपको सिविल लाइंस में होटल में जाना था ना।"

- "जी हाँ, होटल की बात तो सही है मगर "

सिविल लाइंस में होटल के पास बिरजू ने अपनी मोटर साइकिल रोकी। होटल के स्टैण्ड में गाड़ी खड़ी की। आशा को थोड़ा-सा सुकून मिला ही था कि बिरजू को होटल के सामने नर्सिंग होम की ओर जाते देख वह सहम गयी। घबराती हुई तेज डगों से वह बिरजू के पीछे-पीछे चलती गयी। बिरजू बिना पीछे पलटे चलते-चलते नर्सिंग होम में इमरजेंसी वॉर्ड के पास जाकर रुक गया। सतीश को देख आशा चीख उठी-"क्या हुआ ? क्या हुआ मेरे बेटे को ? बताइए ना क्या हुआ ? आप चुप क्यों है ?"

गम्भीर मुद्रा में सतीश ने उत्तर दिया- “शान्त रहो। नथिंग सीरियस तुम्हारा बेटा साइकिल से गिर पड़ा था। सिर पर थोड़ी-सी चोट आयी है, जरा-सा खून निकला था, सोचा अच्छे डॉक्टर को दिखा दूँ सो यहाँ ले आया....... अभी ठीक हो जाएगा।" -"कब गिरा ? कैसे गिरा ? कहाँ गिरा ? किससे टकराया ? सिर पर चाट आयी ? ज्यादा तो नहीं लगी? और कहाँ-कहाँ चोट लगी ? हाथ-पैर तो नहीं टूटा ? कितना

खून निकला ?" आशा ने प्रश्नों की झड़ी लगा दी। सतीश बार-बार कहता गया- "शान्त रहो। ख़ास बात नहीं। मामूली-सी चोट है। अभी ठीक हो जाएगा।"

'वे तीनों 'इमरजेंसी' के सामने चुपचाप खड़े-खड़े एक-दूसरे के मुँह ताकते, डॉक्टर और नर्स को अन्दर-बाहर होते देख रहे थे। क़रीब पौन घण्टे बाद एक डॉक्टर 'इमरजेंसी' से बाहर निकले और सतीश को अपने पास बुलाकर बोले-“फ़िलहाल आपका बेटा ठीक है, होश आ गया है। अच्छा हुआ जो काफ़ी ब्लड निकल गया था, समय रहते आ पहुँचा था। खोपड़ी से क्लॉट की सफाई कर दी है। मगर अभी बहत्तर घण्टे निगरानी रखनी पड़ेगी। देख-सुन और बोल नहीं पा रहा है। बहत्तर घण्टे बाद ही 'इम्प्रूवमेण्ट' समझ में आयेगा। इस बीच आप लोग उससे नहीं मिल पायेंगे।"

सतीश ने कहा- "प्लीज ! एक बार मिलने तो दीजिए। हम लोग दूर से देख तो लें।" - "सॉरी! ही इज नॉट यट आउट ऑफ डेंजर ।"

-"डॉक्टर साहब प्लीज! उसे किसी भी कीमत पर बचाइए रुपए पैसे की चिन्ता मत कीजिए। मुझे अपने दफ्तर के सी० जी० एच० एस० से सब मिल जायगा। प्लीज! उसे बचाइए !"

-“धीरज रखें! ऊपरवाले से प्रार्थना कीजिए। मे गॉड ब्लेस यू!" आशा थोड़ी दूरी पर सुबक रही थी। वह डॉक्टर के हाव-भाव से समझ चुकी थी कि उसका इकलौता बेटा अब ऊपरवाले के भरोसे हैं। उसकी आँखों से अनवरत आँसू निकलते रहे। दोनों हाथों से सिर थामकर वह फर्श पर बैठ गयी।

कुछ देर बाद एक नर्स इमरजेंसी कमरे से बाहर निकली और इधर-उधर देख आशा के समीप आकर रुक गयी। आशा उठ खड़ी हुई।

नर्स ने पूछा- "आप ही संजय की माँ है ?"

-"जी मैं ही हूँ, मैं हूँ। कैसा है मेरा बेटा ?"

नर्स ने कुछ टाफियाँ और एक ग्रीण्टिग कार्ड बढ़ाकर आशा से कहा- "आज सुबह जब आपका बेटा आया था, खून से लथपथ था। उसका पैंट और शर्ट पुलिस जाँच के बाद ही दिया जायगा। पैंट के जेब से यह सामान मिला।"

ग्रीण्टिग कार्ड खोलकर आशा ने देखा और अवाक् होकर एकटक देखती रह गयी। ग्रीण्टिग कार्ड संजय के हाथ का बना हुआ था जिसमें रंगों से भरा एक सुन्दर-सा माँ का चित्र था और उसके नीचे लिखा हुआ था "हैप्पी बर्थ डे टू यू मम्मी! हैप्पी बर्थ डे !”


© सुभाष चंद्र गाँगुली 
-------------------------------
( "कहानी की तलाश" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2006)
* पत्रिका -' क्रांतिमनु ' 1998मे