Search This Blog

Monday, December 19, 2022

लघुकथा : व्यवहार


          
मेरी इकलौती बेटी की शादी में मेरा अज़ीज़ दोस्त राजेश के न आने से मै थोड़ा दुःखी था, चिंतित भी था। वह कुशल है,शहर में भी है फिर न आने का कारण क्या है जानना पड़ेगा।
हमारे कार्यालय में हम उम्र लोगों का एक ग्रुप था।
नौकरी में आने की उम्र का अंतर दो चार साल का रहा होगा। इस ग्रुप में जाति-धर्म का भेदभाव नहीं था। प्रायः लंच में कार्यालय के बाहर ' गुप्ता जी की चाय की दुकान ' पर मुलाकात होती रहती। 
हम सबों की शादियां हुई, बच्चे हुए, अवसरों पर एक दूसरे के घर आना-जाना होता । शुभ अवसरों पर एक दूसरे की खोज-खबर लेते, किसी के न आने पर उपस्थित न होने का कारण पूछते।
सामूहिक कार्यों में सपरिवार हाजिर होते-होते एक दूसरे से पारिवारिक सम्बन्ध हो गया था।
घनिष्ठता के मामले में राजेश मेरा सबसे घनिष्ठ मित्र था। उसका कारण शायद यह भी रहा कि  हम दोनों की नियुक्तियां एक ही दिन एक ही साथ हुई थी, दोनों अगल-बगल बैठ कर वर्षों काम किए।
मेरे घर से काफ़ी दूर था राजेश का घर, क़रीब बीस-बाइस किलोमीटर । बीच में नदी पार करने के लिए है बहुत लम्बा पुल। उसके तीनों बच्चों की शादियों में उतनी दूर खटारा स्कूटर लेकर दो बार जाड़े में कंपकंपाते हुए सपत्नी पहुंचा था।
उसकी पिता की मृत्यु होने पर कार्यालय से छुट्टी लेकर उसके घर गया था । दाह-संस्कार के उपरांत घर आते-आते काफ़ी रात हो गई थी।
यह सारी बातें मुझे यकायक यादें आने लगी जब मैंने देखा कि मेरी इकलौती कन्या की शादी में राजेश नहीं आया।
विवाह समारोह के तीन-चार माह बाद पेंशन कार्य हेतु मेरा दफ़्तर जाना हुआ था। मैं सालभर पहले रिटायर हुआ था, राजेश तब भी कार्यरत था।
राजेश से मिला, हालचाल लिया फिर पूछा " बेटी की शादी में मैं देर रात तक तुम्हारा राह देख रहा था।"
उसने बेरुखी से उत्तर दिया " भेज तो दिया था।"
मैंने आश्चर्य व्यक्त किया " कोई तो आया नहीं था। न तुम, न तुम्हारे परिवार का कोई।"
उसने तैश में कहा " लिफ़ाफ़ा पहुंचा था कि नहीं? 'व्यवहार' मिला था न ?"
उत्तर देने का मन नहीं कर रहा था फिर भी कहा 
" आज मैं तुम्हें नहीं बता पाऊंगा और न ही तुम समझ पाओगे कि मुझे क्या नहीं मिला।"
बिना उत्तर की प्रतीक्षा किए मैं बाहर निकल आया।
                ------------------------

© सुभाषचंद्र गांगुली 

Wednesday, November 30, 2022

लघुकथा : कहीं नज़र ना लगे



' हावड़ा काल्का ' हावड़ा से चली रात दस बजे। बेटी रीमा को उसके ससुराल से ले जाने के लिए मैं कोलकाता आया था। बेटी की गोद में है उसकी छह माह की बिटिया बबली।
           ए सी थ्री का डिब्बा । कोच में सब लोगों ने अपनी-अपनी जगह ले ली। गाड़ी छुटने के आधा घंटा-पौन घंटे में लगभग सभी यात्रियों ने बिस्तर सेट कर लिया।
            रीमा की गोद में है छह-सात महीने की उसकी बेटी बबली। जब से डिब्बे के भीतर आयी है तब से रोयी जा रही है, कभी धीरे तो कभी तेजी से ।
            एक-एक कर लौटते गये और अपने-अपने केबिन का लाइट आफ कर पर्दे खींच देते रहे। धीरे-धीरे कम्पार्टमेन्ट में उजास कम होता गया और फिर उतना ही उजाला रह गया जितना पैसेज और गलियारे की मध्यिम रोशनी से भीतर आता है।
                ज्यों-ज्यों रोशनी कम होती गई त्यों-त्यों मेरी नातिन का रुदन बढ़ता गया । गाड़ी धीमी चलती तो आवाज़ सुनाई देती, तेज चलती तो कहीं कोई कितना भी चीत्कार करे नहीं सुनाई देती।
               डिस्टर्बेंस तो होता ही है पर क्या किया जाए, आख़िर वह बच्चा है और उसे कोई तकलीफ़ है जरूर। केबिन में कोई न कोई झांक कर चला जाता । सभी कुछ न कुछ कह रहे थे, कभी बिडबिडा रहे थे तो कभी जोर से बक रहे थे।
बेटी रीमा लोअर बर्थ पर थी, उसके ऊपर मिडिल बर्थ में लगभग उसी के उम्र की एक मुस्लिम लेडी विराजमान है।
 दोनों में बातचीत शुरू हुई। उसने अपना नाम आयरा बताया। मायके जा रही है। ' गया ' स्टेशन पर उतरेगी, वहां उसका भाई रिसीव करेगा, फिर बाई कार एक घंटे का रास्ता । गांव में है उसका मायका है । 
उसके पूछने पर बेटी ने अपना नाम बताया फिर कहा कि वह एम ए,एम बी ए है, मल्टीनैशनल में जनरल मैनेजर है। आयरा ने बताया कि वह एम एस सी, पीएचडी है, पीजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर है।
काफ़ी देर तक उन दोनों में बातचीत हुई । एकदम दो सहेलियां जैसी। अधिकतर बातें ट्रेड एंड कामर्स, रसिया-यूक्रेन युद्ध, अमेरिका की दादागिरी पर हुई । आयरा ने विज्ञान की खोज पर भी जानकारियां दी। उसने बताया इजरायल वालों ने हवा से नमी खींच कर पानी बनाने वाली मशीन का आविष्कार किया है। 
मजे की बात यह थी कि बातचीत के दौरान जब-जब बबली रोती आयरा कहती " इसे नज़र लग गई है" । रीमा अनसुनी कर देती।
एक बार जब बबली ने दूध पीते-पीते बोतल फेक दिया तब आयरा बोली " इसे ज़बरदस्त नज़र लगी है। लाइए मैं नज़र उतार देती हूं।"
रीमा बोली " मैं नज़र-वज़र  नहीं मानती। बकवास है सब। मां ने कहा था बच्चों के दांत निकलते समय बहुत तकलीफ़ होती है। इसके मसूड़े कड़े हो रहे हैं।"
आयरा बोली " ये दांत वाली तकलीफ़ नहीं है। आपका बच्चा इतना ख़ूबसूरत है इसे यकीनन नज़र ही लगी है।"
--" अरे आप विज्ञान की टीचर हैं और नज़र लगने की बात कर रही हैं !"
--" मां के लिए उसकी संतान सबकुछ होती है। संतान की भलाई के लिए विज्ञान और कला क्या देखना। हर वह उपाय जिससे बच्चा स्वस्थ रहे सही होता है। हर मां अपनी संतान का नज़र उतारती है। मेरे बच्चे जब बहुत छोटे-छोटे थे तो मैं भी नियमित नज़र उतारा करती, कभी-कभी मेरी मां-दादी उतार देती।"
रीमा बोली - "इस देश मे लोग इतनी अधिक अंधविश्वासी है, इतना ज़्यादा नज़र मानते हैं कि   ' रफाल ' आने पर नीम्बू मिर्चा बांध तो दिया था। दुनिया भर में किरकिरी हुई थी ।"
आयरा ने उत्तर में कहा- " बहन दोनों बातें अलग-अलग है। मैं सिर्फ़ बच्चों को नज़र लगने की बात कर रही हूं। "
बबली दूध पीकर सो चुकी थी । दोनों महिलाएं अपने-अपने बर्थ पर लेट गई थीं।
बमुश्किल आधे घंटे ट्रेन चली थी कि एक जगह रुक गई। रुक गई तो रुक गई। बबली फिर म्याऊं-म्याऊं सुर में रोने लगी। कभी-कभी रुक-रुक कर तो कभी लगातार। सीमा से सम्हाला नहीं जा रहा था। उसे लेकर वह अन्दर-बाहर करती रही। डांटती, बिलबिलाती, गुस्सा झाड़ती फिर पुचकारती। बेचारी बबली !
उधर समझदार लोग जिनकी निद्रा भंग हो गई थी इतनी देर से ट्रेन रुके रहने से अधैर्य हो उठे थे, लगातार बकबक किए जा रहे थे, रेल मंत्री, गृहमंत्री, प्रधानमंत्री, ग्रामप्रधान, रेल कर्मचारी, सिस्टम सबको कोस रहे थे।
थक हार कर रीमा गोदी में लेकर टहलाने लगी मगर बच्ची को शांत करने की हर कोशिश व्यर्थ हो गयी। मैंने बबली को गोद में लेकर टहलाने की कोशिश की किंतु वह और ज़्यादा रोने लगी। शायद बच्चों को मुलायम शरीर पसंद होता है।
आयरा अपनी बर्थ से झुक-झुक कर देख रही थी, कुछ न कुछ कह रही थी मगर अब उससे भी नहीं रहा गया, वह बिस्तर छोड़ कर नीचे उतर गई। वह बोली -" लाइए दीदी मुझे, मै देखती हूं।"
रीमा बोली- " अरे आप कैसे सम्हालेंगी ? मेरे ही पास नहीं रह रही है, आपका स्पर्श तो वह पहचानती भी नहीं । आखि़र कितना रोयेगी ? थक हार कर चुप हो ही जाएगी ।"
आयरा बोली -" लाइए मैं कोशिश करके देखूं। मैं भी एक मां हूं। कोशिश करके देखूं। कभी कभार गोद बदलने पर भी काम बन जाता है।"
उसने जैसे ही दोनों हाथों को बबली की कांखों में डाला बबली शांति से उसके पास चली गई। 
उसे लेकर आयरा चहलकदमी करने लगी । रोने की थोड़ी बहुत आवाज़ सुनाई दी कुछ देर, फिर लगा कि वह सो गयी होगी है।
इस बीच गाड़ी चलने लगी थी। रीमा की आंखें लग चुकी थी। 
मैंने देखा आयरा लौट कर चुपके-चुपके बबली को उसकी बगल में लिटा दिया। रीमा की पलकें खुल गई। कुछ बोलने जा रही थी मगर आयरा ने उसे चुप रहने का संकेत दिया।
अगले दिन सुबह छह बजे गाड़ी ' गया ' स्टेशन पहुंच गई। समय से दो घण्टे लेट चल रही थी।
आयरा के पास एक ही किट बैग था, उसे लेकर नीचे उतरी । उसने अपना हिजाब पहन लिया, चेहरा खुला हुआ था,वह रीमा के क़रीब आयी, रीमा ने उसकी कलाई पकड़ कर बोली -" बहन शुक्रिया। आपने बेटी को शांत करा दिया था। मैं  बहुत परेशान थी। जब से आप रख गयी आराम से सो रही है। मैंने दूध पिलाया, डाइपर भी बदला। आपको बहुत परेशान किया होगा  ......."
वह बोली - " नहीं नहीं। परेशानी का क्या मैं भी एक मां हूं। मैंने नज़र उतार दिया था। बहुत तेज नज़र लगी थी। बच्चों का नज़र उतारने के लिए किसी मां को विज्ञान की जरूरत नहीं होती। "
रीमा बोली -" भगवान करे मां की इस ममता को कहीं नज़र ना लगे ।"
दोनों की आंखें नम हो आईं। 
आयरा ने हिजाब से अपना चेहरा ढक लिया। "  ख़ुदा हाफ़िज़ ! "  वह निकल गई।
  
02/12/2022
---------------------

© सुभाषचंद्र गांगुली 

Tuesday, October 18, 2022

लघुकथा : देशद्रोही


       
            अख़बार में ख़बर छपी थी--" पाकिस्तान में आतंकी हमले में तीस लोग मरे और अनेक घायल। मृत और घायलों में अधिकांश बच्चे थे। " अख़बार का नाम याद नहीं है, इस ख़बर को मैंने किसी ई-पेपर में पढ़ी थी। पढ़कर मैंने कमेंट किया था - " आतंकी हमले सर्वथा, सर्वत्र निन्दनीय है । ऊपर वाला सबको सद्बुद्धि दें, घायल बच्चे शीघ्र ठीक हो जायें यही कामना करता हूं।"
एक ने प्रतिक्रिया दी - " जैसी करनी वैसी भरनी। सब साले आतंकी हैं । सब के सब । साले जानवर हैं, कुकुर की मौत मिलनी चाहिए । "
मैंने उत्तर दिया- "आतंकवादी सिर्फ़ और सिर्फ़ आतंकवादी होता है । आतंकियों का न कोई धर्म होता और न ही कोई जात । अफसोस ! अधिकतर भोले-भाले निर्दोष लोग ‌‌‌मर जाते हैं और लोग जाति और धर्म के आधार पर झूठी सम्वेदना जताते हैं। मासूम बच्चों की क्या ग़लती ? नादान- नासमझ होते हैं वे, अभी तो ठीक से चलना भी नहीं सीखे थे और दुनिया से जाना पड़ा, अधर्मी लोगों के कारण । पता नहीं जितने लोग घायल हैं उनमें से कितने बच्चे बच पाते हैं, सही सलामत हो पाते हैं। पाकिस्तानी बच्चा, हिंदुस्तानी बच्चा, रुसी बच्चा क्या अंतर है ? बच्चा तो बच्चा है। कठुआ की रेप पीड़िता और हाथरस की रेप पीड़िता में क्या अंतर है ? बच्चा हो या वालिग, आतंकी हमले में कहीं कोई इंसान पर हमला होता है दिल दहल जाता है मेरा । आखि़र हम सब ख़ुदा के बन्दे जो हैं। "
उसने तीखी प्रतिक्रिया दी। गालियां दे डाली फिर लिखा- " अभी भी गुलाम मानसिकता नहीं छोड़ पा रहे हो बुरबक कहीं का। याद रखना हमें अंग्रेजों ने नहीं, मुसलमानों ने गुलाम बनाया था। जाहिल हैं वे, खाते हमारा और गाते पाकिस्तान का ।"
फिर थोड़े दिनों बाद हिमाचल रेंज में भूचाल आया। पाकिस्तान का ऊपरी हिस्सा प्रभावित हुआ। काफ़ी जान माल का नुक़सान हुआ । भूचाल ने कश्मीर को भी अपने चपेट में ले लिया था। ख़बर से दुखी होकर मैंने लिखा- " भूचाल से मरने वालों की आत्माओं को शांति मिले ! पीड़ित परिवारों के साथ सहानुभूति है, मैं उनके लिए दुआएं मांगता हूं।"
थोड़े दिनों के बाद उसी आदमी की प्रतिक्रिया आयी । उसने लिखा -" आपको मुसलमानों की इतनी चिंता है तो आप चले जाओ पाकिस्तान, मुसलमान बन कर वहीं रहो । देशद्रोही कहीं का ।" 

© सुभाषचंद्र गांगुली
21/08/2018
15/092022

---------------------------------------------------