Search This Blog

Wednesday, January 11, 2023

कहानी- आखिरी उम्मीद



बहुत देर से मकान ढूँढते ढूँढ़ते जया को मकान मिल ही गया। बाउन्ड्रीवाल के फाटक पर नेमप्लेट पर मोटे-मोटे अक्षरों में लिखा था- अमर परिहार-एडवोकेट स्ट्रीट लाइट की मध्यिम रोशनी में नाम पढ़ा जा रहा था, फिर भी जया ने करीब से जाकर देख लिया।

दस कदम की दूरी पर वकील साहब का चेम्बर। काम में तल्लीन थे ये वकील साहब। आहिस्ता से फाटक खोल तीन सीढ़ी चढ़कर जया ने चिक हटाकर झाँका, हाँ, अमर परिहार ही है। कुछ अकुलाहट से जया ने गला खखारा, हाथ हिलने से चूड़ियाँ भी खनक उठी। अमर ने सिर उठाकर देखा फिर कहा-'आइए अन्दर ।

बैठिए।" भीतर दाखिल होते ही जया को देख अमर जरा सा विचलित हो उठा। सहमी, सकपकायी, सिर पर पल्लू डाली उस औरत को कुछ पल देखने के बाद उसने कहा- 'आज का काम ख़त्म। ऐसा करिए आप अपना नाम और फोन नम्बर लिख दीजिए, कल मैं आपको टाइम दूँगा।'

-'मैं ज्यादा टाइम नहीं लूँगी सर ।'

- नहीं आज नहीं होगा, कल जरूरी केस है। मैं थका हुआ हूँ. सोने का टाइम भी हो गया है।'

- प्लीज सर। मात्र दस मिनट मुझे सुन लीजिए। बहुत जरूरी है।... शायद मैं कल न आ पाऊँ।' जया ने अपना घुंघटा हटाते हुए कहा। घुँघट हटते ही अमर उसको अपलक देखता रह गया। वह शब्द ढूँढ़ने लगा। 

जया ने कहा-'आपने ठीक ही पहचाना। मैं जया... जया चन्द्रा थी पहले।'

कोलाहल विहीन रात किन्तु उन दोनों के मन में अजीब सा कोलाहल । जया बहुत कुछ बोलना चाहती और अमर यह जानने के लिए बेताब था कि परायी स्त्री इतनी रात को अकेली क्यों मिलने आयी है?

वर्षों पहले वे दोनों यूनिवर्सिटी में एक ही क्लास में थे। इसी जया को वह दिलोजान से चाहता था। उसकी एक अदा पर उसके मन के सारे तार झनझना उठते। अमर हमेशा उससे बात करने का बहाना ढूँढ़ता। बड़ी कोशिश के बाद उससे दोस्ती करने में वह कामयाब हो गया था। करीब साल भर बाद एक दिन अमर ने अवसर देख कर अपने प्रेम का इज़हार कर दिया था किन्तु उत्तर में जया ने जो कुछ कहा था उससे अमर इतना मर्माहत हुआ था कि वह अभी भी उस सदमे से उबर नहीं पाया था। जया ने कहा था कि उसका मेलजोल महज एक दोस्ती थी जो एक ही क्लास में साथ-साथ उठने बैठने से हो जाता है। जया ने यह भी कहा था कि अमर का प्यार एकतरफा प्यार था जो यंग लड़कों को अक्सर हो जाता है।

आज जब जया परायी स्त्री है और मुसीबत के मारे आयी हुई है तो अमर को हमदर्दी होने लगी। उसका पुराना प्रेम सामने आकर खड़ा हो गया। अकेली इतनी रात को क्यों आयी है जान लेना उचित होगा। 

उसने पूछा- 'इतनी रात तुम अकेली आयी हो?"

-‘जी। अकेली हूँ।'

'तुम परायी स्त्री.... अकेली? मेरे घर? क्या चाहती हो? किस काम से आयी ?... तुम्हें पता मैं अनमैरिड हूँ अकेला हूँ हाँ, साथ में मेरी माँ और मेरी बुआ रहती है।

- मालूम है। मुझे तुम्हारे बारे में सब कुछ मालूम है। 

-'मालूम है? अच्छा बोलो अपनी बात किस काम से आयी हो?" 

जया बोली- 'सोचा मरने से पहले तुमसे एक बार मिल लेना चाहिए। मन के भीतर बहुत घुटन है, मन की बात कह देनी जरूरी है... मन का बोझ हल्का हो जाने से चैन से मर पाऊँगी।' जया की आँखों से अविरल आँसू बहने लगे। कंठ सँघ गया। अमर आसमान से गिरा। 

वह चीख कर बोला- 'क्या ? मरने की बात कहाँ से आ गयी? केस क्या है? क्या तुम बीमार हो? कोई लाइलाज बीमारी हो गयी है क्या?.
...क्या हुआ? क्या प्राबलम जल्दी से बोलो।' 

-'बीमारी शरीर में नहीं, मन में है, बल्कि मेरे जीवन में, लाइलाज बीमारी, मौत से ही मुक्ति मिलेगी।'

"मुझे कुछ समझ में नहीं आ रहा है, सीधा-सीधा बोलो क्या बात है ?.... तुम्हारी शादी किसी अच्छे आदमी के साथ हुई थी न?

-खाक अच्छी शादी के बाद पाँच साल बड़ी मुश्किल से मैंने झेला, जैसे-तैसे मन मारकर एडजस्ट करने की कोशिश की, तमाम अत्याचारें सही मगर हालात बद से बदतर होती चली गयी। अब वह घर, घर नहीं नरक है। आत्महत्या के सिवा अब कोई उपाय नहीं है।'

- क्या? क्यों? आत्महत्या के सिवा कोई उपाय क्यों नहीं? उपाय ढूँढना पड़ता है। मैं वकील हूँ, हम लोग हार नहीं मानते कभी भी।

नहीं कोई उपाय नहीं। उस नीच, दुराचारी के हाथ से बचने का कोई और उपाय नहीं है। जिन्दा रहूंगी तो वह मुझे वेश्या बना देगा या जान से मार डालेगा।' अमर स्तब्ध, हतप्रभ। उसकी जिज्ञासा बढ़ती गयी। उसने कहा- 'तुम्हारा पति ऐसा क्यों करेगा? मेरा मतलब उसने तुम्हारे साथ ऐसा क्यों करना चाहा ? मुझे साफ-साफ बताओ शायद मैं तुम्हारे लिए कुछ कर सकूँ।'

जया का क्रोध फूट पड़ा 'एकदम नीच, कमीना, दुराचारी। रातोरात धनवान बन जाना चाहता था। जब मेरी शादी हुई थी, उसकी एक जनरल स्टोर की दुकान थी। ज्यादा कमाने के फेर में उसे बंद कर मोटर सायकिल, स्कूटर पार्टस की दुकान खोली। घाटा हुआ। फिर भारी कर्जा लेकर टी0वी0 की दुकान खोली। उसमें भी घाटा हुआ। फिर दूसरा धन्धा । इस क्रम में खड़े होने की जगह वह बैठने लगा, कर्ज पर कर्ज़ फिर इतनी कम रकम रह गयी कि वह कहीं का नहीं रहा। मैंने दफ्तर से लोन लेकर दिया, मैंने कहा आप फिर से जनरल स्टोर की दुकान खोल लीजिए, जब मेरी शादी हुई थी मैं खुश थी, मुझे ज्यादा पैसा नहीं चाहिए, मैं खुद भी तो कमाती हूँ।'

उसने कहा 'मैं जोरू का गुलाम नहीं हूँ, अपना निर्णय खुद ले सकता हूँ। मुझे धन बटोरना है, सारा सुख भोगना है, अभी इसी वक्त, बुढ़ापे में नहीं।.... मेरे पिताजी ने बुरे दिन के लिए जो रकम बचाकर रखा था, हड़कम्प मचाकर, मुझ पर अत्याचार कर, और अधिक अत्याचार करने की धमकी देकर पिताजी से सब ले लिया। फिर एक बड़ी सी दवाई की दुकान खोली, थोड़े दिनों के बाद फिर पैसा, पैसा करने लगा, मेरे सारे गहने बिक गए, मैंने सोचा चलो अब खत्म होगा बवाल...उसकी दवाई की दुकान ठीक-ठाक चलने लगी, मगर उसने दुकान को दौड़ाना चाहा। हमसे कहा दफ्तर से छुट्टी लेकर या चाहे बिना वेतन दुकान पर बैठो, तुम्हारी खूबसूरती कैश करनी है... मैंने आपत्ति की। मैं हरगिज़ नहीं बैठना चाहती थी, मगर वह भी हाथ धोकर पीछे पड़ गया, कहा-सुनी हुई, नोक-झोक हुई, हफ्तों बोलचाल बंद था...मेरे बीमार पिता ने उसे समझाया पर उसने उनके साथ बदसलूकी की... फिर उसने मुझे घर पर कैद कर दिया, बात-बेबात लात-जूता मारने लगा, किसी से मिलने नहीं देता, बात नहीं करने देता, मुझ पर निगरानी रखने के लिए एक नौकरानी को लगा दिया... मैंने हालात के साथ समझौता कर लिया, सोचा अगर इसी में मेरी मलाई हो...दुकान पर बैठने लगी, दुकान की आमदनी सचमुच बढ़ती गई। मगर उसकी जरूरतें और बुरी आदतें भी बढ़ती गई। वह हमेशा एक ही बात लेकर परेशान रहता था, कैसे धन जुटाया जाय, किधर से पैसा आये। उसके सिर पर हमेशा धन का भूत सवार रहता था। डुप्लिकेट दवाइयां भी बेचता था। जब में उससे कहती कि डुप्लीकेट दवाई से जानें जा सकती, बीमारियाँ ठीक नहीं होगी तो वह कहा करता कि धन की कदर सब जगह होती है, धन बटोरने का हरेक तरीका सही है, धनी आदमी का कोई ऐब नहीं ढूँढ़ता, धनी आदमी की बुराई कोई नहीं देखता

अमर ने आश्चर्य व्यक्त किया-'मकान, दुकान, तुम्हारी खुद की कमाई सब कुछ तो था फिर....

जया और उत्तेजित हो गई। उसने कहा- 'पिशाच था वह, पिशाच। उसने मेरी कोख में पल रहा बच्चा गिरवा दिया। उसने कहा पहले धन बटोर ले बच्चा-बच्चा बाद में देखा जाएगा। उसने कहा तुम अपनी खूबसूरती से दसियों लाख कमा सकती हो, उन पैसों से हम फैक्ट्री खोल लेंगे, करोड़ों बना लेंगे, दुनिया हमारी जूती के नीचे फिर तुम रानी बनकर ऐश करोगी।'

- अमर ने पूछा 'क्या?... तुम्हारे घर वालों ने शादी से पहले खोज-खबर नहीं ली थी?' अमर ने पूछा।

जया ने कहा- 'ली थी। क्यों नहीं लेते, मगर किसी के मन के भीतर कैसी-कैसी बदइच्छाएं रहती, किसके मन के भीतर कितना पाप है यह कौन जान सकता?... मैंने उसे छोड़ देने की ठान ली, घर से निकल रही थी कि नशे में धूत उस शैतान ने मुझे दबोच लिया। मेरी चोंटी पकड़ कर धमकी दी 'अगर तूने चालाकी करने की तो कोशिश की मैं तुझे और तेरे माँ-बाप को जान से मार डालूँगा', फिर दो-चार दिन बाद उसने कहा 'कल रात पूरे मेकअप में रहना, खूब सज-धज कर अपना मूड भी ठीक रखना, एक नेता के घर जाना है, बहुत बड़ा नेता है, उसने कहा है कि गैस एजेन्सी या पेट्रोल पम्प खुलवा देगा। हमारे बहुत अच्छे दिन आ जायेंगे। ड्राइवर लेने आयेगा, चुपचाप चली जाना उसके साथ.... नेताजी के साथ किसी प्रकार की बेहूदी हरकत न करना। अगर तूने बदतमिजी की तो अंजाम बुरा होगा।'

रात को ड्राइवर आया था, मैं गाड़ी पर सवार हुई थी, रास्ते में टॉयलेट जाने के बहाने अपने कार्यालय के सामने मैंने गाड़ी रुकवाई। कार्यालय में घुसकर पीछे के दरवाज़े से भाग निकली, भागते-भागते एक टेम्पो में बैठकर रेलवे स्टेशन पहुँची किसी ट्रेन के नीचे मर जाने के लिए, देखा बनारस आने वाली ट्रेन सामने खड़ी है, एक बारगी तुम्हारा ख्याल आया... एक आखिरी उम्मीद... शायद तुम कोई रास्ता फिर मुझे यह भी लगा कि मरने से पहले मुझे तुमको अपनी सफाई देनी चाहिए नहीं तो मरने के बाद भी तुम मुझे माफ़ नहीं करोगे....।' अमर की चिन्ता और जिज्ञासा लगातार बढ़ती जा रही थी। उसने अवाक होकर पूछा- 'माफी! किस बात की माफी ?*

मुझे मालूम था कि तुम मुझे बहुत चाहते हो, मैं भी तुम्हें प्यार करने लगी थी पर मैं क्या करती... तुम मुझसे तीन साल के छोटे हो। बीबी उम्र में बड़ी नहीं हो सकती, कोई स्वीकार नहीं करता, जिन्दगी में कई तरह की दिक्कतें भी आती है... मैंने अपना प्यार मन में ही दबा लिया था...शायद मेरे जीवन की सबसे बड़ी गलती यही थी कि मैंने इस सच्चाई को तुमसे छिपायी थी, पहले ही कह दी होती तो सालों से मेरे मन में गुनहगार होने का बोझ न रहता...न ही तुम्हारे मन में मेरे प्रति कोई घृणा होती... मैंने तुम्हें धोखा नहीं दिया था... अब मेरे मन का बोझ उतर गया...मुझे अब चलना चाहिए...।' -'कहाँ ठहरी हो? कहाँ जाओगी?'

-'कहीं नहीं। पता नहीं कहाँ जाऊँगी...अब तक मेरे सुइसायड नोट को लेकर कोहराम मच गया होगा।'

-'सुइसायड नोट?"

'घर से निकलते समय सुइसायड नोट रख लिया था। दफ्तर के दरवाजे से निकलते वक्त चौकीदार को लिफाफा देकर कहा था कि मेरे अधिकारी को वह लिफाफा अगले दिन दे दे।' वापस जाने के लिए जया चिक हटाकर कमरे से निकली ही थी कि अमर ने उसकी कलाई पकड़ ली। उसने कहा- 'कायर, बुजदिल आत्महत्या करते हैं... पढ़ी-लिखी लड़कियों के साथ भी इतना अमानवीय अत्याचार और तुम उसे छोड़ दोगी? क्या लड़कियाँ इसी तरह सतायी जाती रहेगी? तुम्हें हार नहीं मानना चाहिए, लड़ना चाहिए। उसे उसके किए की सजा भुगतनी पड़ेगी, तुम्हें इंसाफ मिलेगा, मैं तुम्हारी मदद करूँगा, तुम्हारी लड़ाई में मैं साथ रहूँगा । हिम्मत न हारो।'

जया शान्त हो गई। अमर के सीने में सिर रख कर रोते-रोते बोली, 'अमर! मुझे बहुत डर लग रहा है।' अमर ने कहा, 'मन से भय निकाल कर फेंक दो। तुम्हें अत्याचार के खिलाफ लड़ना होगा....सब ठीक हो जाएगा... मुझ पर भरोसा रख सकती हो...तुमसे तीन साल का छोटा सही, मैं तुम्हें संभाल सकता हूँ।"

© सुभाष चंद्र गाँगुली 
( "मोक्षदायिनी" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2021)

कहानी- बुड्ढे को मरने दो


उस रोज अपने मोहल्ले में चम्पा की शादी थी।

शादी घर में दूर-दूर से रिश्ते-नाते आये हुए थे। सुबह से स्टीरियो फुल वॉल्यूम में बज रहा था। घर के बाहर खुली जगह लड़के-लड़कियाँ गाने के साथ-साथ तालियों पीट कर डान्स कर रहे थे।

उधर सामने बगल वाले घर में नब्बे वर्ष के वृद्ध दादाजी की हालत बहुत खराब थी। मौत दरवाज़े पर दस्तक दे चुकी थी। वे अन्तिम साँसें ले रहे थे। बाहर के रिश्तेदारों, शहर के परिचित लोगों को तबियत ख़राब होने की ख़बर दे दी गयी थी, फिर भी परिवारजन हिम्मत नहीं हारे थे। दादाजी को बचाने का पुरजोर कोशिश कर रहे थे। डॉक्टर नर्स घर पर थे। दादाजी को आक्सीजन दिया जा रहा था।

पड़ोस का शोरगुल पड़ोसी को रास नहीं आ रहा था। दादाजी ने भी दो-दो बार विरक्ति प्रकट किया था। घर की बहू ने एक बार रिक्वेस्ट किया था कि साउन्ड बन्द कर दे। मगर उन लोगों ने अनसुना कर दिया था। आखिरकार दादाजी के पोते और कई लोगों ने मिलकर स्टीरियों बन्द करने का अनुरोध किया।

कहने की देर नहीं कि लड़की का भाई चीख कर बोला 'नहीं बन्द होगा।' उसके ना बोलते ही दादा जी का पोता भड़क उठा। बहस होने लगी। लड़की का भाई झगड़ने लगा। डान्स करने वाले लड़के भी झगड़े में शामिल हो गये। काँव-काँव में किसी को किसी की बात सुनाई नहीं दे रही थी। भीड़ देखकर भीड़ बढ़ने लगी। बाजा बजाने वाला भी स्टीरियो बन्द कर भीड़ में खड़ा हो गया। तब कहीं समझ में आया मामला क्या है। पाँच-सात मिनट बाद ही दादाजी के पोते निराश होकर वापस घर के भीतर चले गये। उनके साथ भीतर से निकले अन्य दो लोग तमाशा देख रहे थे।

फिर लड़की का भाई, नाचने गाने वाले बच्चों तथा एकत्रित भीड़ आपस में ही उलझ गए। सबकी राय अलग-अलग थी। किसी ने कहा बाजा बजाना चाहिए किन्तु साउन्ड धीरे कर दिया जाए। एक ने कहा 'अभी बन्द कर दिया जाए बाद में बजाना।' एक ने कहा 'दिन भर के लिए बन्द रखो रात को जब बारात आयेगी तब बजा लेना किसी ने कहा 'अमे यार छोड़ो पास पड़ोसी के दर्द का ख्याल रखना चाहिए फिर वे तो पूरे मोहल्ले के दादाजी हैं। एक बूढ़े ने कहा, 'हमारे टाइम में ये सब शोर मचाने वाले बाजे नहीं थे, शहनाई बजती थी शान्ति से शादियों होती रही। जितना-जितना पैसा होता जा रहा है, दिखावा बढ़ता जा रहा है।' बुड्ढ़ा बीमार या जवान बीमार, कौन मरा कौन जी रहा किसी को फर्क नहीं पड़ता। कितना बुरा वक्त आ गया। 'हे राम'

इस बूढ़े की बात सुन कर लड़की के भाई गुस्से से बोला- 'स्टीरियो किसने बन्द किया? बजाओ नहीं थमेगा कौन रोज-रोज शादी होती है। धूमधाम से शादी होगी. ...बुड्ढे को मरने दो!"

लगभग आधा घण्टा अनावश्यक हो हल्ला हुआ। पता नहीं क्यों लोग गुस्सैल और झगड़ालू होते जा रहे हैं। असहिष्णुता बढ़ रही है। अपने बचपन में मैंने ऐसी घटना न घटते देखा था और न ही सुना था बल्कि मुझे याद है एक बार ऐसा हुआ था कि दुर्गा पूजा मैदान के पास एक बुजुर्ग महिला का देहान्त हो जाने के कारण एक दिन दिन भर लाउडस्पीकर नहीं बजा था, रात को नाटक भी नहीं खेला गया था। ऐसा ही कहीं न कहीं हुआ करता था।

दोपहर बारह बजे दादा जी ने प्राण त्याग किया। दो बजे तक अर्थी उठने की बात हुई। चूंकि दादा जी प्रतिष्ठित व्यक्ति थे तथा उस मोहल्ले के पुराने वाशिन्दे थे, उनकी मौत की ख़बर आग की तरह फैल गई और देखते-देखते सैकड़ों लोग श्रद्धान्जलि के लिए आ पहुँचें। भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी। छोटा सा मैदान पूरा भर गया। कहाँ शादीघर, कहाँ स्टीरियो डान्स कुछ अता-पता न था।

दादाजी के पोतों ने अपने प्रिय दादाजी की अन्तिम यात्रा को स्मरणीय बनाने के लिए ताम-झाम किया। दादाजी के शव को एक खुले वाहन पर रखा गया। मिनटों में फूलों और फूल मालाओं से लाश ढक गया। गाजे-बाजे के साथ राम-नाम सत्य है, हरि का नाम सत्य है नारों के साथ शव यात्रा शुरू हुई। अपार जनसमूह लम्बी कतार में पीछे-पीछे चलने लगा। बीच-बीच में आहिस्ता-आहिस्ता चलती मिनी ट्रक के ऊपर से दो लोग फल-फूल, मखाने, बतासे, खजूर, चौअन्नी, अठन्नी, एक रूपए के सिक्के लुटाते रहे। लूट की चीजों को बटोरने की होड़ में लड़को बच्चों में आपस में छीना झपटी, हाथापाई भी होती रही।

दाह-संस्कार सम्पन्न होते ही मैं अपने घर के लिए रवाना दिया। मेरा घर दादाजी के मकान से कुछ ही 'दूर था। रात आठ बजे का समय था। गली में प्रवेश करते ही अजीब सा सन्नाटा देख में सिहर उठा। शादीघर में किसी प्रकार का हलचल नहीं, कुछ झालर जरूर जल रहे थे मगर गाना-बजाना गायब। एक कुत्ता बार-बार जबड़ा फैलाकर रोने जैसा आवाज निकाल रहा था जिससे एक लड़का इतना चिढ़ रहा था कि वह बार-बार ढेला मारकर उसे भगाने की कोशिश कर रहा था। कुल मिलाकर अजीब सा गमगीन वातावरण था जनमानव शून्य कोलाहल विहीन निस्तब्ध कफ्यू-ग्रस्त रातों की तरह लगने वाली एक रात।

अकुलाहट से मेरे दिल की धड़कने तेज हो गयी। तेज उगों से में चम्पा के घर पहुंचा। मैंने घंटी बजायी। एक अपरिचित व्यक्ति बाहर निकले। उससे मालूम हुआ कि चम्पा के पिता को ब्रेन हैमरेज हो गया था। गम्भीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। आईसीयू में रखा गया था। थोड़ी देर पहले उन्होंने दम तोड़ दिया था। उनकी उम्र मात्र पैंतालीस वर्ष थी।

© सुभाष चंद्र गाँगुली 
( "मोक्षदायिनी" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2021)

Monday, December 26, 2022

कहानी- शिल्पी का वह चाक



करीब तीन दशक बाद मुझे उस शहर में जाने का अवसर मिला जहाँ मेरा बचपन बीता था। दफ़र के काम से मैं उत्साहित हो उठा। भूले बिछड़े लोगों के साथ भूली बिछड़ी यादों को ताजा कर कुछ समय बिताने का सुख का आनन्द कुछ अलग ही होता है। बिना टाइम लगाये मैंने कार्यालय प्रशासन को दौरे पर जाने की सहमति दे दी।

मैं ट्रेन पर सवार हुआ। चौदह घन्टे की यात्रा। रात हो गई। खाना खा लिया। एसी चल रही है। कम्बल ओढ़कर लेटा। उत्तेजना में नींद नहीं आ रही। आँखों के सामने अतीत के पन्ने खुलते जा रहे हैं।

पढ़ाई-लिखाई समाप्त होने पर मुझे घर से दूर दूसरे शहर में नौकरी मिली थी। घर और शहर छोड़ते समय मुझे बहुत तकलीफ़ हो रही थी क्योंकि मैं हमेशा के लिए बहुत कुछ छोड़ कर जा रहा था। मेरे घर के पास रहने वाले कुम्हार और उनके परिवार को हमेशा मिस करूँगा यह सोचकर दुःखी था । कुम्हार के बेटे मेरे बचपन के मित्र थे, और कुम्हार और उनकी पत्नी मुझे बहुत दुलार देते। मैं चाचा-चाची कहा करता । मेरा पूरा बचपन उन्हीं लोगों के साथ बीता था। फिर मैं अपने विद्यार्थी जीवन में व्यस्त हो गया था,
उनके बच्चे भी बड़े होते-होते पिता के काम में शामिल हो गये थे। वे सब मुझे 'भइया ' कहके पुकारते ।
अन्तिम दिन तक मेरा सम्बन्ध बना रहा उस परिवार से स्टेशन के लिए निकलने से पहले मैं उन लोगों से मिलने गया।
मैंने कहा 'मैं जा रहा हूँ।' 
परिवार के सभी एक जगह आकर खड़े हो गये। कुम्हार बोले-'फिर आना। इस शहर में, आना होगा तो मिलना ज़रूर।' 
कुम्हार की पत्नी बोली-'अब का अइहें। मकानौ बेच दिए हैं।' वह अपना आँसू पोंछने लगी। अविरल आँसू बहने लगें। दूसरा बेटा बोला- "भइया आप तो साब बन गये, हमार बाबू को कलाकार वाला 'मेडल' मिला रहा, सरकार से कहिके पिनसान उनसन दिला देहें तो हमार लोगन का भला होय जाई।' 
'अच्छा, देखूंगा। पता लगाऊँगा।' मेरा गला रुँध गया। पूरे परिवार की भावुकता देख मेरा हृदय भारी हो गया। मैं निःशब्द शब्द ढूंढ रहा था। मैं निकल गया।
पता नहीं मैं क्या कहना चाहता था या कुछ कहना था भी पर उस पल मुझे लगा कि मुझे बहुत कुछ कहना है। दरअसल में उन दोनों के पैर छूना चाहता था, मेरे बचपन के दोस्तों को गले से लगाना चाहता था पर मैं कुछ नहीं कर सका था। एक अजीब सी दूरी महसूस किया था मैंने रास्ते भर एक ही प्रश्न मुझे कचोटता रहा यह कैसा गैप ? किसने रोका था मुझे? आखि़र यह गैप हीं क्यों ? यह कैसा संस्कार ? कौन जिम्मेदार है इसके लिए ?... यह गलत है। मुझे अपनी गलती सुधारनी होगी।
 **********************************
मेरी आँखों के सामने मेरे बचपन के दिन तैरने लगे।
शहर की भीड़ से दूर नदी पास के इलाके में धीरे-धीरे लोग बस रहे थे। सस्ती जमीन मिल रही थी इसलिए दूरी और असुविधाओं के बावजूद पिताजी ने थोड़ी सी जमीन खरीदी थी फिर दफ़र से लोन लेकर एक छोटा सा मकान बनवा लिया था। 
मेरे घर से थोड़ी दूरी पर था कल्लू कुम्हार का मकान और उसका कारोबार। मकान क्या दो छोटी-छोटी झोपड़ियाँ और उसके सामने था एक विशाल नीम का पेड़। और उसके आगे पेड़-पौधों से भरा मैदान जहाँ बच्चे खेलने जाते, पंचायतें लगतीं।बस इसी परिधि में सिमटी हुई थी मेरी दुनिया आठ वर्ष की उम्र तक। फिर स्कूल जाने लगा तो वह भी शामिल हो गया।
उस नीम के नीचे कुम्हार दिन भर काम किया करता । चाक से निकले बर्तनों, साँचों में ढले खिलौनों, मूर्तियों को वृक्ष के दूसरी ओर पंक्तिबद्ध कर रख देता सूखने के लिए।
जेठ की गर्मी में भरी दोपहर लू में नंगे बदन कमर से घुटने तक एक धोती लपेटे वह घन्टों काम करता। पेड़ों से गिरती टहनियों और सूखे पत्ते, नीम फलों के गिरने से अक्सर काम में असुविधा होती, और बरसात में कदाचित तेज बारिश से उसके किए धरे पर पानी फिर जाता। कभी-कभार बरसात में या जाड़े में दिन दिन भर धूप न निकलने से सारे सामान गिले रह जाते। रात के अँधेरे में चूहें, बिल्लियों से भी नुकसान होता। कुम्हार की पत्नी बिलबिलाती, किस्मत को कोसती मगर कुम्हार उसे समझाता बनना बिगड़ना प्रकृति का नियम है। मैंने कुम्हार को कभी उदास नहीं देखा। सीमित संसाधनों और असुविधाओं के बावजूद वह इतना कमा लेता कि गुजर बसर हो जाता।
कुम्हार की पत्नी और बूढ़ी माँ भी अक्सर दोपहर और शाम साँचों में मिट्टी डाल कर खिलौने बनाते। जन्माष्टमी, दीपावली तथा अन्य त्योहारों से पहले कुम्हार एक से एक मूर्तियाँ अपने हाथों से बनाया करता।
खूंटे पर रखा उस चाक को कुम्हार द्वारा नवाया जाना, फिर मिट्टी के लोद पर दोनों पंजों की उँगलियों फेर कर आकार देकर धागे की मदद से आहिस्ता से वर्तन को निकालना, एक के बाद एक सामान का निकलते रहना, खिलौनों और मूर्तियों पर ब्रश से रंग चढ़ाना, स्प्रिंगदार गर्दन वाले बुढा-बुढी का गर्दन हिलना, और कुम्हार की लम्बी-लम्बी लटकती मूँछे, बड़ी-बड़ी आकर्षक आँखें और उसका प्यार मुझे इतना भाता, इतना भाता कि जब भी मौका मिलता मैं घर से भागकर उस संसार में पहुँच जाता। माँ की डॉट सुनता, थोड़ी देर घर पर रूकता किन्तु मौका देखते ही भाग जाता। और कुम्हार के पास जाकर बैठ जाता। कोई अनजान शक्ति मुझे खींच ले जाती।
       कभी-कभी चाक चलाते चलाते कुल्हड़, गिलास निकालते समय लकड़ी की काठी पर बँधा धागा मुझे थमा कर कहते 'लो इसे तुम निकालों' मुझसे नहीं होता, बना बनाया काम बिगड़ जाता में फिर मांगता वह मुस्कराते हुए दो-चार बार देते | फिर बिगाड़ने के लिए। कभी-कभार ब्रश से रंग चढ़ाते समय मेरे हाथ ब्रश थमा देते। जब मुझसे नहीं होता और छोड़ देता तो वह कहते सीखों, बेटा सीखों, रंग भरना सीख लोगे तो बड़ा कलाकार बन जाओगे एक दिन ।'
      हर खिलौने और मूर्तियों के चेहरे पर कुम्हार खुद अपने हाथों से आँखें, भौंहें,ओंठ बनाया करता
         कभी-कभार जब मेरे हाथों में ब्रश रहता मैं आँखें बनाने की कोशिश करता, गड़बड़ हो जाने पर चुपके से नज़रें बचाकर रख देता किन्तु जब कभी कुम्हार की पत्नी देख लेती मुझे डाँट पड़ती। कुम्हार तुरन्त मुस्कराकर कहते 'ठीक है ठीक है, मत डोंटो उसे में ठीक कर लूँगा।'
             कुम्हार की पत्नी मुझे बहुत दुलार भी करती। कभी-कभी वह अपने तीनों बेटों के साथ मुझे भी रोटी-सब्जी, रोटी आचार कुछ न कुछ खाने देती, कभी अपने हाथ से खिला भी देती थी। आये दिन वह मुझे कोई न कोई खिलोना देती जिसे मैं जन्माष्टमी पर उनके बच्चों के साथ मिलकर अपने घर झाँकी सजाता।
      मेरे घर पर खिलौने की भरमार हो गयी थी। पिताजी अनेक बार कुम्हार से कह चुके थे कि मुझे मुफ़् में खिलौने न दिया करें मेरी आदत बिगड़ जायेगी मगर वे नहीं सुनते।
          कुम्हार की कलाकृतियों में झलकता था भारतीय संस्कृति, जीवन दर्शन। ग्राम्य तथा शहरी जीवन शैली और विविधताओं में एकता के चित्रण को बहुत सूक्ष्मताओं के साथ उकेरता था। जो कोई देखता खूब प्रशंसा करता।
     *****************************
एक बार किसी नेता के प्रयास से कुम्हार को उसके उत्कृष्ट कार्य के लिए 'श्रेष्ठ' कलाकार' पुरस्कार मिला था। पुरस्कार में एक चमचमाता चाँदी का मेडल, कुछ नगद राशि और एक प्रशस्ति-पत्र मिले थे। सम्मान समारोह में बड़े नेताके हाथ से पुरस्कार प्राप्त करने की तस्वीर पूरी रिपोर्ट के साथ कई समाचार पत्रों में छपी थी। पुरस्कार लेते समय वह रो पड़ा था।
          कुम्हार की पत्नी प्रशस्ति-पत्र और एक अख़बार लेकर मोहल्ले में घूम-घूम कर सबको दिखाती, पढ़े-लिखे लोगों से पूछती प्रशस्ति-पत्र में क्या लिखा है, बार-बार सुनकर गद्गत होती ।         उस पुरस्कार से मोहल्ले में कुम्हार का सम्मान बढ़ गया था। पढ़े-लिखे लोगों में उसका जिक्र होते ही लोग 'शिल्पी' को सम्बोधन देते। पूरे शहर में कुम्हार की ख्याति फैल गई थी
 एक व्यापारी कुम्हार से खिलौने और मूर्तियाँ थोक भाव में खरीदने लगा था। वह खरीद कर शहर में ऊँचे दाम में बेचता। मगर कुम्हार को सुविधा हुई। बेचने की चिन्ता ख़त्म हो गई। उसकी बिक्री बढ़ गई। आमदनी बढ़ी। कुम्हार ने एक पक्का कमरा, छोटा सा किचन व बाथरूम बनवा लिया था।
  मगर अच्छे दिन बहुत अल्पकालिक थे, आर्थिक स्थिति कहीं ठहर सी गयी थी। उदारीकरण, वैश्वीकरण के चलते आधुनिकीकरण की होड़ शुरू हो गयी थी। मिट्टी के सामान की माँगों में कमी आने लगी। कुल्हड़, प्याले, दीये प्लास्टिक ने सेंध लगा दिया। सम्पन्न लोग फिज खरीदने लगे। दफ्तरों में कहीं-कहीं वाटर कुलर दिखने लगे। मटके, झाँझर की माँग घटने लगी। किन्तु सब कुछ घटित हो रहा था धीरे-धीरे, इतना धीरे की इस शिल्प और व्यवसाय से जुड़े लोग रोजी-रोटी का विकल्प तलाशने की ज़रूरत ही नहीं समझ पाये थे।

************************************

'शिल्पी' परिवार से मिलने के लिए मैं निकला। 'बादशाहपुर' 'बादशाहपुर' पूछता गया मगर टेम्पो वाले रूके नहीं, एक ने रूका भी तो समझ नहीं पाया कि मैं कहाँ जाना चाहता हूँ। वही रिक्शेवालों के साथ भी हुआ। आख़रकार में रिक्शे पर चढ़ बैठा और बोला 'चलो'। उसने पूछा 'कहाँ' ?
-- 'मालगोदाम से आगे बादशाहपुर ।'
- 'बाबू हम नये आदमी। जानता नहीं। बाहर से आये है। मालगोदाम मालूम है।' 'चलो उससे थोड़ी दूर पर है, मैं रास्ता बता दूंगा।'
मालगोदाम से आगे आ गया, और आगे, कुछ नहीं समझ में आ रहा है किधर है। यह हाई वे है। रात को ट्रकें दौड़ती हैं दिन में लगभग खाली रहती थी, जाना मैं सायकिल से सरपट दौड़ता, इसके दोनों तरफ दूर-दूर तक पेड़-पौधे, खेत, झोपड़े, दो-चार छोटे-छोटे मकान और कहीं-कहीं जानवर बँधे दिखते थे।
  ‌‌‌‌‌      अब सड़क के दोनों तरफ़ बाजार ही बाजार, छोटी बड़ी इमारतें, बहुमंजिली इमारतें, मॉल, बैंक, असंख्य गाड़ियाँ, बेशुमार लोग। बाजार के पीछे कहीं कुछ नहीं दिखता।
           यही सड़क आगे चलकर कहीं दाँये घूम जाती है। मैं वहीं बाँये मुड़ता था, दूर से 'खड़ी कुँआ दिखता, रास्ता न गड़बड़ा जाए उसे ध्यान में रखता, लोगों से भी कहता 'खड़ी कुंआ' से बाँये टर्न करिएगा, मेरे घर के लिए।' 'खड़ी कुंआ' की याद आते ही मैंने रिक्शा छोड़ दिया। पास ही होना चाहिए।
इधर-उधर भटकने के बाद एक बुजर्ग आदमी की चाय की दुकान पर चाय पीने बैठ गया। बहुत पुरानी दुकान मैंने पूछा- 'खड़ी कुंआ किधर है?" -'खड़ी कुआँ' ? 
वह चौंका। फिर बोला-'कभी था। कबका पट गया। जाना कहाँ है?'
- -बादशाहपुर ।' 
-'इ काली सड़क से सीधे जाइए। जहाँ कुँआ रहा वहीं एक माँ शारदा की मन्दि है, मन्दिर के बगल से चलते रहिएगा, दूर से दिख जाएगा एक बड़ा सा बोर्ड, उसी पर लिखा मिलेगा 'शारदानगर' ।
- 'शारदानगर ?... 
-'नहीं, मुझे बादशाहपुर जाना है।'
- 'हाँ हाँ बाबूजी वही है। नाम बदल गया है। पूरा इलाका अब शारदानगर कहलाता है। किसी जमाने बादशाहपुर के नाम से ही जाना था।' 
-- 'कभी मैं रहता था बादशाहपुर में, मेरे घर के पास कल्लू कुम्हार का घर था, उसे सब जानते थे।"
-'जी। जी बाबूजी। सब उधर है। कई गाँव थे। बादशाहपुर, कासिमपुर, वीरपुर, कुम्हार टोली सब मिलाकर 'बादशाहपुर' था अब वही -शारदानगर' कहलाता है।'
उन्हें धन्यवाद देकर मैं आगे बढ़ गया पड़ा। 'शारदानगर' प्रवेश कर गया। विशाल मार्केट। चारों और दुकान ही दुकान । हर घर पर दुकान। सैकड़ों दुकानें। गलियों के दोनों तरफ दुकानें। पता नहीं मैं किस भू-भूलैया में फँसा । गली से बाहर निकल रहा हूँ, फिर घूम-फिर कर किसी इलेक्ट्रानिक दुकान के ही सामने बड़ी मेहनत के बाद एक दो दुकानदार मिल गये जिन्हें मै पहले से जानता। 
उनसे पता चला कि यह शहर का सबसे बड़ा 'इलेक्ट्रानिक मार्केट' है। दूर-दूर से लोग आते है यहाँ । मार्केट इतना तेज फैला कि कुछ लोगों ने अधिक किराये के लालच में अपना मकान किराये पर उठाकर और कहीं जाकर बस गये। बहुतों ने मोटी रकम देख अपना मकान व्यापारियों को बेच दिया। कहीं-कहीं लोग ऊपर रहते हैं नीचे के कमरे में दुकान है। उसने मुझे समझाया मार्केट से किधर से निकल कर मैं अपने पुराने मकान पहुँच सकूँगा ।
          में चलने लगा। जब में रहता था उन दिनों यहाँ मकानों की गिनती उँगलियों पर थी। कच्चे-पक्के मकान थे सबके सब मेन रोड पक्की थी बाकी सब कच्ची । सायकिलें चलती । बिजली भी नहीं थी। घर-घर में चांपाकल था, दूर-दूर कुँए दिखते थे। अब सब लुप्त। आम, अमरूद, महुआ, नीम आदि से भरे इस जगह पर पेड़ ढूँढ़ना पड़ रहा है अब। एक व्यक्ति से मैंने पूछा तालाब के बगल से मुझे कुम्हार टोली के पास अपनी बस्ती में जाना है, तालाब किधर है ?' वह बोला 'तालाब तो कब का पट गया था। उस पर अपार्टमेन्ट खड़ा हो गया। वो रहा।'
 -'उफ्फ! तालाब भी ?... कब?'
-दो-तीन साल पहले।'
-"बहुत बुरा हुआ। अनर्थ हुआ। कभी मैं यहाँ रहता था। यह तालाब लाइफ लाइन हुआ करता गाँवों का। सूखा पड़ने पर वही बचाता।' 
मैं आगे बढ़ता गया। अपने पुराने मकान के पास पहुँचा। कुम्हार की जमीन पर अब एक दो मंजिला पक्का मकान खड़ा था। नीम का पेड़ गायब। खेत का मैदान भी इमारतों से भर गया था। कुम्हार और उसके परिवार की जानकारी लेने के लिए परिचित व्यक्ति ढूँढ़ने लगा।

मेरे घर से थोड़ी दूरी पर रहने वाले भोलाबाबू के घर कॉलबेल बजाया। अस्सी पार कर चुके थे। अपना नाम, पिताजी का नाम बताने से उन्होंने मुझे पहचाना, घर पर बिठाया।

भोलाबाबू ने जानकारी दी कि कुम्हार को मिट्टी नहीं मिल पाती थी, ठेला लेकर दो लड़के दस बारह किलोमीटर दूर से मिट्टी ले आते रहे उस से थोड़ा बहुत काम चलता था, दाल-रोटी मिल जाती थी, बाद में शहरीकरण के बढ़ते वो भी मिलना बन्द हो गया था। अफसोस जताते हुए भोलाबाबू चकबंदी के दौरान स्कूल, खलियान आदि के लिए भूमि छोड़ते समय कुम्हारों के लिए ज़रा भी भूमि नहीं छोड़ी। व्यवसाय में मंदी तो पहले से ही थी बाद में रोटी भी छिन गई। उन्होंने आगे बताया कि कुपोषण के कारण एक बेटे का देहान्त हो गया था। एक बेटे को दमे की बीमारी हो गयी थी। कुम्हार को भी टी०बी० हो गया था। मकान गिरवी रखना पड़ा था पत्नी के चाँदी के गहने, पीतल के बर्तन बिक गए थे, यहाँ तक कि कुम्हार को पुरस्कार में जो 'मेडल' मिला था उसे भी बेचना पड़ा था। और इन सबके बावजूद दूसरा बेटा और कुम्हार दोनों चल बसे थे

कर्जा न चुका पाने के लिए मकान और खाली पड़ी जमीन भी छीन गई थी। कुम्हार की बूढ़ी माँ, पत्नी और एक बच्चा कहाँ चले गये किसी को मालूम नहीं । खेद व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा 'स्वार्थी, लालची नेताओं ने विदेशों का कबाड़ खरीद कर भारत के प्राचीन, गौरवमय शिल्प का नाश कर दिया। ग्रामोद्योग,

हस्तकलाओं को नष्ट करने का जो कुचक्र अँग्रेजो ने रचा था वह आज भी जारी हैं।' अब शायद थोड़ी देर और ठहरता तो मैं फूट-फूट कर रो पड़ता। एकबारगी उठकर मैं बाहर निकल आया।

कुम्हार का वह कर्मभूमि और अपने बचपन के दिनों को याद करने के लिए फिर उस स्थल के निकट गया।

देखा शिल्पी का वह चाक उस भवन पर चढ़ने की सीढ़ियों के नीचे नाली के ऊपर पायदान बना हुआ है।

©  सुभाष चंद्र गाँगुली 

( "मोक्षदायिनी" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2021)
* ' शिल्पी ' नाम से ' युद्धरत आम आदमी ' में   भी 1997 में प्रकाशित हुई थी। 2020 में दुबारा लिखा।
* 'शिल्पी का चाक' ग्राम्य जीवन की प्यार भरी संस्कृति और सादगी, हस्त कला के हुनर की खूबसूरती और ख्याति को मशीनीकरण से बढ़ते उत्पाद व शहरों के चारों तरफ फैलते बाजार से मृत प्राय होने के दर्द ने आंख गीली कर दी । बादशाहपुर के 'शारदा नगर' बनते उसकी  कलात्मक खूबसूरती का ख्याति लब्ध घूमता चाक हमेशा के लिए ठहर गया .।

प्रोफेसर सुनीता त्यागी
( रिटायर्ड)
पीजी कॉलेज, बिजनौर