Search This Blog

Tuesday, September 6, 2022

कहानी- भय


पार्टी के लिए तैयार होकर कमरे से निकलते समय अन्तिम क्षण जब नेहा ने ख़ुद को आइने में देखा तो वह मर्माहत हो गयी। उसके बदन पर सोने के आभूषण न रहने के कारण वह नयी नवेली दुल्हन नहीं लग रही थी।

हाल ही में नेहा ने घरवालों की मर्ज़ी के ख़िलाफ़ कोर्ट में शादी की थी।

शादी के बाद नेहा जब माता-पिता से आशीर्वाद लेने घर पहुँची थी तो उसके पिता घर से बाहर निकल गये थे और जाते-जाते कह गये थे- “दुबारा अपनी मनहूस सूरत दिखाने न आना। कहाँ मैं तेरी शादी इंजीनियर से करने जा रहा था और तूने कहाँ इस बैंक क्लर्क का हाथ थाम लिया। नानसेंस !"

माँ किन्तु माँ थी। बेटी को छाती से लिपटाकर रो पड़ी थी। सुहागिन की माँग का सिन्दूर भरा था और दामाद का हाथ पकड़कर कहा था- "बेटा तू उनकी बात का बुरा न मानना, सब ठीक हो जाएगा... .. नेहा को बड़े जतन से पाला-पोसा था मेरी बेटी का ख़्याल से रखना बेटा।"

घर लौटकर नेहा ने जब अपना पर्स खोला था तो वह दंग रह गयी थी। माँ ने उसमें मंगल सूत्र, सिन्दूर का डिब्बा, बिन्दियाँ और दो हजार पाँच सौ एक रुपए रख दिये थे। पिता की क्रूरता से मनःक्षुब्ध नेहा ने माँ की भेंट को वापस करने का मन बना लिया था किन्तु उसके पति कमल ने समझाया था कि माँ द्वारा दिये गये शगुन को वापस करके माँ की भावना को ठेस पहुँचाना उचित नहीं है, फिर उस बात को लेकर सास-ससुर में मनोमालिन्य हो सकता है।

माँ के रुपयों से नेहा ने तीन साड़ियाँ खरीद ली थीं। कमल की नयी-नयी नौकरी है। थोड़ा-बहुत कर्जा करके यार-दोस्तों के लिए छोटी-मोटी पार्टी की व्यवस्था की है, तीन-चार साड़ियाँ, काँच की चूड़ियाँ, नकली गहने, जूते, चप्पल आदि खरीद दिया है।

नेहा को मालूम था कि फिलहाल इससे ज़्यादा कमल के लिए सम्भव नहीं था। कमल ने पहले ही कहा था थोड़ा-बहुत धन इकट्ठा कर साल भर बाद शादी करेगा किन्तु नेहा को ही जल्दी थी क्योंकि उसे भय था कि उसके घरवाले ज़ोर-ज़बरदस्ती अन्यत्र शादी कर देंगे।

नेहा की तैयारी में देरी देख कमल ने दरवाज़ा थपथपाया। दरवाज़ा खुलते ही नेहा की नम आँखें देख कमल का दिल दहल उठा। उसने कहा- "क्या बात है ? आज खुशी का दिन है। पार्टी में कितने सारे लोग तुम्हें देखने आयेंगे और इधर मूड ऑफ ?"

नेहा चुप थी। मन ख़राब होने का कारण नहीं बता सकी। कमल ने कहा- "पापा-मम्मी के लिए मूड ऑफ है ? होता है। स्वाभाविक है। चलो, चलो, आँखें पोंछ लो। लुक नॉर्मल, बी नॉर्मल । "

मगर ज़्यादा देर तक नेहा नॉर्मल नहीं रह पायी थी। पार्टी शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही किसी ने उसकी साड़ी छूकर देखा था, किसी ने साड़ी का दाम पूछा था और किसी ने नकली गहने और काँच की चूड़ियों को देखकर मुँह बिचकाया था। घर लौटकर गम के आँसू बहाकर नेहा चुपचाप सो गयी थी। कमल ने उसकी टीस को छेड़ा नहीं था।

नयी नवेली दुल्हन न दिखने की पीड़ा को नेहा जितना भूले रहना चाहती थी उतनी ही उसे याद आती। जब कभी तैयार होकर वह आईने के सामने खुद को देखती उसे उन औरतों की बातें सालती जिनसे वह लगातार ताने उलाहने सुनती चली आ रही थी। किसी ने कहा था-"तुम्हारी माँ ने गहने नहीं दिये दिये ही होंगे। नयी दुल्हन गहने पहना करो।" किसी ने कहा था-"माँ-बाप की मर्ज़ी के ख़िलाफ़ शादी करने से ऐसा ही होता है। अब झेलना तो पड़ेगा ही।" 
मौसी ने कहा था-"कोर्ट में शादी हुई, माँ-बाप से कुछ न मिला सही तुम्हारी सास ने भी तुम्हें कुछ नहीं दिया ? अरे तुम तो अब उस घर की बहू हो, कमल से बात क्यों नहीं कर लेती ? इकलौता है। वह किसके लिए गहने रखी हुई है ? सुना है बुढ़िया के पास ढेर गहने हैं।"

अन्ततः नेहा से नहीं रहा गया। एक दिन अत्यन्त भावुक होकर उसने अपना दुःखड़ा कमल को सुनाया।

पत्नी की बातों पर हामी भरते हुए कमल ने कहा- "ठीक कह रही हो। माँ अगर अपनी पसन्द की लड़की ले आती तो गहने देती ही, तुममें कौन-सी कमी है ? बल्कि तुमसे बेहतर लड़की थोड़े न मिल पाती। घर का सामान घर ही में रहेगा, हम तुम तो नहीं...... किन्तु मुझे भय है कि बात छेड़ने से माँ बिगड़ न जाए।"

 और हुआ भी यही । एक दिन जब मालती देवी ट्रंक खोलकर गहनों को डिब्बों में सजाकर कायदे से धर रही थी, पीछे खड़े-खड़े बहुत देर देखने-सोचने के बाद कमल ने ज्योंही हार और झुमके की माँग रखी, मालती देवी ने सटाक से कुण्डी में ताला डाल दिया, फिर चाबी का गुच्छा आँचल में बाँधकर चीख उठी-"ये गहने मेरे हैं, मेरे अपने गहनों में से मैं एक रत्ती नहीं दूँगी, मरते दम नहीं दूँगी।”

मालती देवी की इस तरह की बेदर्द, बेरहम प्रतिक्रिया से कमल एकदम से सन्न। उसके मन में अलग तरह की जिज्ञासा जाग उठी। उसने मालती देवी से पूछा-"क्यों ? ऐसी कसम क्यों खायी तुमने ?”
_“क्यों ? निर्लज्ज ! शर्म-हया तो है नहीं। बड़ों का आदर करना भी सीखा नहीं, पूछता है क्यों ?........ तुझे अब कारण भी बताना पड़ेगा ? जानता नहीं तूने क्या किया ? मेरे गहने उस छोकरी को पहनायेगा ?"
-" माँ ! अब वह इस घर की बहू है । तुम्हारी बहू है।"
- "अपनी मर्ज़ी से छोकरी को उठा लाये हो और कहते हो बहू है। बेशर्म कहीं का। पूरा घर गंधा दिया है छोकरी ने। नाक कटा दी है तुम दोनों ने ...... तेरे पिता अगर जीवित रहते तो तुझे निकाल दिये होते इस घर से।"
- "माँ ! बेतुकी बातें मत किया करो। वह पढ़ी-लिखी भद्र घर की लड़की है। उसके पिता ऊँचे ओहदे पर काम करते हैं। नामी आदमी है। जाने-माने लेखक हैं।"
 - "तभी तो उन्होंने अक्लमन्दी की। फूटी कौड़ी नहीं दी।....... अपवित्र कर दिया है घर को इस छोरी ने।”
- " दहेज लेकर तुम्हारी मनपसन्द लड़की घर ले आता तो घर पवित्र बना रहता, उसके आने से घर अपवित्र हो गया है यह किस धर्म में है ?"
-"वह निम्न गोत्र की है। उन लोगों से हमारा रिश्ता नहीं होता है। तेरे पिता वैसे लोगों के घरों में नहीं जाते थे। वैसे लोगों के घर हमारे वंश में कभी किसी ने जलग्रहण तक नहीं किया, न बोलचाल का रिश्ता रखा।"
- " यह गोत्र - सोत्र, जात-पाँत क्या होता है ? बकवास है सब हमने लव मैरिज की है ..... ...जमाना इण्टरनेट और अन्तरिक्ष की यात्रा कर रहा है और तुम हो कि वही सन् अट्ठाईस को जी रही हो, ऊँच-नीच, छूत-अछूत.....दो कौड़ी की बातें, अनएडुकेटेड जैसा। आजकल इस तरह की बेबुनियाद बातें करना मूर्खता है।"

- "ओ हो! भड़ास ने अब यह रूप ले लिया ? इस उम्र में मुझे तुझसे समझना पड़ेगा कौन ऊंचा कौन नीचा, धर्म क्या और अधर्म क्या ?..... बिरादरी में शादी करता तो दहेज में मोटी रकम, गहने, मोटर साइकिल सब कुछ मिल जाता, माँ के आगे झोली नहीं फैलानी पड़ती ।....तेरी कीमत मैं पाँच लाख लगा रही थी. ...इसीने फँसाया होगा तुझे, आजकल की लड़कियां लड़के फंसाने में माहिर होती है। मां बाप भी कम चंट नहीं होते जान-बूझकर आँखें बंद कर रख रुपया बचा लेते....।" 

मालती देवी अनर्गल बोलती चली गयी। बन्धनहीन, निर्मम । उधर नेहा अपराधिन सी निर्वाक् खड़ी अपशब्दों को हजम न कर पाने के फलस्वरूप अविरल आँसू बहाये चली जा रही थी।

कमल ने महसूस किया कि नेहा को अकारण खरी-खोटी सुननी पड़ रही है, माँ ने उसे कुछ ज़्यादा ही ही जलील कर दिया है। 
कमल ने जिरह करने का मन बना लिया और पूछा - "उतने गहने तुम्हें कहाँ से मिले। बोलो कहाँ से मिले ? चुप क्यों हो ?" मालती देवी का चेहरा तमतमा उठा। मन ही मन बिलबिलाने लगी।
कमल ने जिरह की "बोलो! चुप क्यों हो गयी ? मैं पूछता हूँ उतने गहने कहाँ से मिले तुमको ?”

-"मायके से मिला था।"

- "मिला था या लेकर चली आयी ? तुम्हारे पास उतने गहने और मौसी के पास कोई गहना नहीं क्यों ?"

कमल के जासूसी प्रश्न से मालती देवी कटघरे में नज़र आयी। हाथ की उँगलियों को गटक के पास रखकर चाबी के गुच्छे को टटोलकर देखा ठीक से बँधा है या नहीं फिर बोली - "मगर तू क्यों खुफियागिरी कर रहा है ? तेरा इस सबसे क्या लेना-देना ?"
- "लेना-देना है। तुम कितनी महान् हो वही भेद मैं खोलना चाहता हूँ । मेरी भाभी है, मौसी है, उन सबों को तुमने ठेंगा दिखा दिया, उन सबों का हिस्सा हड़प लिया ।" 

- "हड़प लिया था ? ..तुझे क्या मालूम अपने परिवार के लिए मैंने क्या कुछ नहीं किया....... जब मेरी माँ मरी, मैं सत्रह की अपने भाई-बहनों को पाल-पोस बड़ा किया, माँ का प्यार दिया.........। "

- "और उसके एवज तुमने अपनी माँ और दादी दोनों के गहने मार दिये, नाना जी देखने के लिए जीवित नहीं रहे, किसी ने कुछ कहा नहीं, देखा नहीं, जो कुछ लेने लायक था तुमने सब ले लिया, जरा-सा सोचा नहीं किसी और के लिए, ना ही मौसी को शादी में कोई गहना दिया, हड़पना नहीं तो और क्या था ?"

-"तो तेरी मौसी ने तेरे कान भरे हैं ! तू कुछ भी बक मैं तुझे एक रत्ती नहीं दूँगी, हरगिज़ नहीं दूँगी.. ..यही थोड़े-से गहने हैं मेरा सम्बल । सारा पैसा उन्होंने मकान में लगा दिया था मेरे लिए कुछ नहीं छोड़ा, वही जो तीस-बत्तीस हजार है, बीमारी - हीमारी में जब निकल जाए ....... कितना कहा था फिर भी तेरे पिता जी मकान मेरे नाम से नहीं लिखा...... आजकल घर-घर की कहानी बनती जा रही है कि कोई लड़का अपने माँ-बाप को नहीं देखता, बीबी आयी नहीं कि बेटा पराया, तू भी आज के युग का है, एक-एक करके मेरे पास जो कुछ है सब लेकर दो रोटी के लिए मुझे दिन-रात मेहनत कराएगा....... मेरे पति अब नहीं रहे, मैं कुछ नहीं दूँगी, कुछ नहीं....... फूट-फूटकर रोने लगी मालती देवी । नेहा ने कमल को और कुछ बोलने से रोक लिया।

उक्त घटना के बाद मालती देवी के आचरण में अजीब-सा बदलाव नज़र आने लगा। बात-बेबात वह बौखलाती, चीत्कार करती, रोती, सिर पीटती। अक्सर उदास, अनमने से घर के एक कोने में बैठी रहती। जब-तब ट्रंक के ताले को जोरों से हिलाकर देखती बन्द है कि नहीं। कभी देर रात कमरा बन्दकर गहनों को खोलकर देखती फिर रख देती। दिन-भर घड़ी-घड़ी आँचल में बँधे चाबी के गुच्छे को टटोलती। जब कभी घर से बाहर जाती अपने कमरे में ताला डाल देती और वापस लौटकर सबसे पहले ट्रंक का ताला हिलाकर देखती कि बन्द है या खुला। उसने कमल से बोलचाल बन्द कर दी। कमल अगर पास जाता या कुछ समझाने की कोशिश करता तो वह शोर मचाने लगती।। दिन-रात मन ही मन बड़बड़ाती। 

एक दिन सुबह-सुबह मालती देवी ने कमल को नींद से जगाते हुए कहा- "कमल ! उठ उठ देख छगन के घर पुलिस आयी है ।"
 "आने दो, हमें क्या करना।” कमल ने करवट बदली । मालती देवी अधीर, अशान्त थी । थोड़ी देर तक अन्दर-बाहर करने के बाद फिर कमल को ठेलते-ठेलते बोली- "उठ, उठ ! देख छगन के घर कुर्की हो गयी है, छगन की बीबी रूपा छगन से लड़-झगड़कर मायके चली गयी थी, दो महीने से वहीं है, वह अपनी सास के संग नहीं रहना चाहती। रूपा के घरवालों ने जालसाजी कर मकान को रूपा के नाम लिखवा लिया है.. "
-“ह्वाट ?!!” कमल एकबारगी उठकर बैठ गया।
-“देख ना पुलिस मकान खाली करवाने आयी है। छगन परेशान है। एक बार इधर, एक बार उधर भाग रहा है।"
कौतूहलवश कमल ने घर से बाहर निकलकर चारों ओर नजर दौड़ायी फिर छगन को देखते ही पूछा- "क्या बात है ?"

घर लौटकर जोरों से हँसते हुए कमल ने कहा-
"माँ तुम क्या तमाशा करती हो। ऐसी उल्टी-सीधी, बेसिर-पैर कहानी गढ़ती हो कि कहानीकार भी फेल तुम्हारे सामने।" 
- " मैंने ख़ुद देखा छगन भाग रहा था एक बार इधर, एक बार उधर, माथे से पसीना चू रहा था.... मालती देवी अपनी बात पर अडिग थी।
 वह बोली-"नहीं। तू गलत बोल रहा है।
....उसका मकान रूपा के नाम हो गया है।"

- "माँ, अब चुप भी हो जाओ। सुबह-सुबह नींद से उठा दिया। सिपाही ने पावरोटी खरीदकर पचास का नोट दिया, छगन के पास फुटकर नहीं था सो वह छुट्टा कराने के लिए पूछ रहा था।”

मालती देवी अपनी बात मनवाने में तुल गयी। वह बोली-"नहीं। मैं पागल हूँ क्या ? ऐसे ही मेरे बाल पक गये हैं क्या ? छगन टाइम माँग रहा था इसलिए पचास रुपया घूस दे रहा था, वे लोग नहीं माने, छगन ग़रीब है, वह घूम-घूमकर लोगों से रुपया माँग रहा था।"

कमल ने झिड़की दी- "क्यों खामख्वाह दिमाग ख़राब कर रही हो ? अपना दिमाग तो आधा ख़राब कर चुकी है। अब हम लोगों का दिमाग भी ख़राब कर दोगी। जाओ अपना काम करो। पूजा-पाठ में मन लगाओ, किताबें पढ़ा करो, दिमाग ठीक रहेगा। तुम सोचती हो हम लोग इस मकान को अपने नाम करवा लेंगे और तुम्हें बाहर निकाल देंगे. यही ना ?"

बात वहीं ख़त्म हो गयी।

माँ के लिए कमल की चिन्ता बढ़ गयी। उसने महसूस किया कि माँ भयग्रस्तता से अर्धविक्षिप्त हो चुकी है। उसे लगा कि माँ के मन में काल्पनिक भय और अविश्वास गहराता जा रहा, उसका मानसिक सन्तुलन बिगड़ सकता है । किसी रोज़ अनहोनी हो सकती है। कमल ने महसूस किया कि अब माँ के साथ एक छत के नीचे बिताना तीनों के लिए ही ठीक नहीं है। सम्भव है कि माँ को भयमुक्त कर देने से उसे उसकी खोयी हुई माँ मिल जाए।

मकान अभी भी पिता के नाम था। कमल ने कानूनी कारवाई कर अपना हक हमेशा के लिए त्याग दिया और मकान की सम्पूर्ण मिल्कियत मालती देवी के नाम करवा ली। कागज़ात सौंपते हुए कमल ने कहा-“अब से यह मकान सिर्फ़ और सिर्फ़ मालती देवी का है। तुम चाहे बेच दो, चाहे रखो, तुम्हें तुम्हारा मकान और तुम्हारे गहने मुबारक। हमें तुम्हारा प्यार चाहिए था, गहने नहीं।"
 मालती देवी हतप्रभ होकर बेटे और बहू को घर से जाते हुए देखती रही, अनचाहे ही उसकी आँखें डबडबा आयीं। और जब वे दोनों सड़क पर आँखों से ओझल होने को थे मालती देवी ने पूरी ताकत से चीत्कार किया "कमल ! कमल ! मेरे लाल ! नेहा ! मेरी बहू.......।"


© सुभाष चंद्र गाँगुली 
------------------------------------
( "कहानी की तलाश" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2006)
* पत्रिका ' स्वातिपथ ' अगस्त 1999 में प्रकाशित
* पत्रिका 'तटस्थ ' में अप्रैल से जून 2006 में प्रकाशित
* पत्रिका 'वैचारिकी'' 2/11/1998 में प्रकाशित

कहानी: बुआ

आज ऋचा की शादी है। थोड़ी देर में बारात आनेवाली है। ऋचा की माँ दीपा दुःखी तो है ही बेहद उदास भी है। उदासी का कारण यह नहीं है कि बेटी परायी हो जायेगी बल्कि यह है कि ऋचा ने माँ के दिये हुए गहने पहनने से इंकार कर दिया है। माँ की सख्त नाराज़गी के बावजूद उसने बुआ के गहनों को पहन रखा है।

माँ ने पहले आदेश दिया, डाँटा-फटकारा, गुस्सा झाड़ा फिर बहुत देर तक वह गिड़गिड़ायी, चिरौरी की और आखिरकार हार मानकर फूट-फूटकर रो पड़ी। ऋचा का मन किन्तु तनिक न पिघला। बुआ ने जो रुपये भेजे थे उससे उसके पिता ने जिन गहनों को खरीदा था उन गहनों को वह किसी कीमत पर उतारने को तैयार नहीं हुई।

खुशियों के बीच एक तनातनी बल्कि एक अज़ीब गमगीन माहौल। घर आये मेहमानों के चेहरे से भी हँसी-मुस्कान लुप्त वज़ह क्या है बाहरी किसी को मालूम नहीं पर सभी हैरत में हैं कि बेटी की विदाई के समय या उससे थोड़ी देर पहले माँ रोये, मूड ऑफ करे तो ठीक है, अभी हँसी-ठिठोली के वक़्त उसका चेहरा क्यों लटका हुआ है? अभी से उसकी आँखें नम क्यों? अपनी बेटी को देख तक नहीं रही है, इसकी वज़ह क्या है?

मन मुटाव का सही कारण क्या है न ऋचा किसी को बताना चाहती और न ही उसकी माँ। दोनों के मन में भय है कि बात का बतंगड़ बन जाने से परिवार की प्रतिष्ठा को आँच लगेगी।

दीपा ने मलय से कहा कि वह ऋचा को समझाये कि वह अपनी जिद्द छोड़ दे, उसे समझाये कि गर्भधारिणी माँ से ऊपर किसी का स्थान नहीं होता है। उसने कहा कि वह समझायें कि आज का दिन जीवन का सबसे शुभ और खुशी का दिन है, इस दिन किसी मृत व्यक्ति के धन और मन को तन-मन से कोसों दूर रखना चाहिए। अन्त में दीपा ने रुआँसी होकर कहा कि वह अपनी लाडली को समझाए कि अगर ऋचा माँ का कहा नहीं मानती है तो वह कभी बेटी का मुँह नहीं देखेगी।

माँ की भयंकर चेतावनी के बाद ऋचा ने माँ के गहनों को तो पहन लिया किन्तु बुआ के गहनों को न उतारने की बात पर वह अडिग रही।

दीपा घूमती-फिरती काम करती। बिलबिलाती और बीच-बीच में मलय के सामने अपनी बात दोहराती है।

मलय के पास इस संवेदनशील समस्या का समाधान नहीं है। माँ और बेटी दोनों की संवेदनाओं को वह समझ सकता है, भावुकता के धरातल पर उसका मन बेटी के साथ है लेकिन विडम्बना ही है कि वह अपनी मन की बात पत्नी से कह नहीं सकता। शादी के शुभ अवसर पर मलय को ऋचा की बुआ की कमी महसूस होने लगी। उसकी यादें, उसके साथ बिताये गये दिन, उसकी पूरी कहानी मलय की आँखों के सामने घूमने लगे।

*

रात के बारह बजे का समय था। मलय गहरी नींद में था। दीपा की छटपटाहट से उसकी आँखें खुल गयी थीं। उसने झुंझलाकर दीपा से कहा था- "रात होने से पहले ही मैंने तुमसे कहा था अस्पताल चलना हो तो बताओ, रात को परेशान न करना मगर उस समय तुम चुप थी, अब परेशान कर रही हो। अब चुप भी हो जाओ! देखता हूँ।"

बेचारी दीपा ! क्या करती ? उसके जीवन का यह पहला अवसर जो था। घर में ड़े-बूढ़े भी न थे। दीपा की माँ तो बचपन में ही चल बसी थी और पिता शादी के थोड़े दनों के बाद। मायके के नाम उसका कोई नहीं है। बड़ा भाई है, उसे प्यार भी करते हैं पर दीपा की भाभी, माँ का स्थान लेने को तैयार नहीं थी। उसने दीपा को अपने ससुर के तेरही के दिन ही कह दिया था-"आज से तुम इसे मायका कहना छोड़ दो, यह तुम्हारे भाई का घर है। भाभी अपनी गृहस्थी देखेगी कि ननद को सँभालेगी ?" भाभी की बात दीपा को इस कदर चुभ गयी थी कि उसने भाभी से नाता तोड़ दिया था।

मलय की माँ दस रोज़ पहले तीर्थ यात्रा में निकली थी। मलय ने माँ से प्रोग्राम स्थगित करने की विनती की थी पर उन्होंने जवाब में कहा था- "बहुत खट चुकी हूँ जिन्दगी भर, अब तुम सब अपना-अपना सँभालो। मुझे क्या समझ रखा है तुम लोगों ने ? मैं क्या फालतू हूँ जो आज इसकी सौरी कल उसकी सौरी सँभालूँ ?”

माँ के बर्ताव से मलय को भीषण आघात पहुँचा था मगर उसने माँ से कुछ भी नहीं कहा था। आज भी वह खुद को टटोल रहा था। आखिर उसने अनजाने कहीं माँ को चोट दी होगी वर्ना ऐसे नाजुक वक्त पर माँ उसे छोड़कर चली नहीं जाती।

दीपा ने मलय से कहा था “चलिए मान लेती हूँ कि अनजाने में मुझसे या हम दोनों से कोई गलती हुई थी और माँ के मन को ठेस पहुँची था लेकिन यह बताइए कि क्या ऐसे संकट के समय ही उनको हिसाब चुकाना था। नागिन भी गर्भवती पर रहम करती है। बेटे पर अपना हक दिखाते समय, नौ महीने कोख में पालने की तो खूब याद दिलाती है, तिरथ में निकलते समय भूल गयी उसी बेटे की सन्तान मेरे कोख में है। माँ के नाम से मकान है तो हड़कम्प देखिए कहती हैं खूब खट चुकी हूँ, खूब खटी हैं तो अपनी गृहस्थी के लिए खटी हैं बेटे की गृहस्थी के लिए खटी थीं क्या ?" मलय ने महसूस किया था कि बड़े-बूढ़े कितने भी असमर्थ हों परिवार में उनकी ज़रूरत रहती है। माँ की याद में मलय की आँखें भर आयी थीं। उसने महसूस किया कि माँ को किसी भी कीमत पर रोकना चाहिए था।

जब तक मलय पलंग पर बैठे-बैठे चिन्तन-मनन कर रहा था तब तक दीपा की पीड़ा और बढ़ गयी थी। दर्द से कराहती हुई वह पलंग से उतरकर जमीन पर वैसे छटपटाने लगी थी जैसे जल बिन मछली। मलय को एक बारगी दफ़्तर के शुक्ला जी की याद आ गयी जो उसी के घर के पास रहते थे। शुक्ला जी से कहते ही वे साथ चलने को तैयार हो गये थे। शुक्ला जी क़मीज पहन रहे थे कि उनकी पत्नी उमा ने कहा था- "आप क्या करने जा रहे हैं? आप वहाँ क्या करेंगे? मैं चलती हूँ। यह औरतों का काम है। "शुक्ला जी ने अवाक् होकर कहा था-"तुम ? तुम जाओगी ? तुम अस्पताल और डॉक्टर के नाम से रोने लगती हो, तुम्हारे पाँचों बच्चे घर पर जन्मे हैं.. को सँभालेगा या तुम्हें ?" उमा ने कहा था- "कब तक डरती रहूँगी ? अस्पताल और ...... मलय अपनी बीबी डॉक्टर से कौन बच पाया है ? आज दीपा के लिए डर जाऊँ तो कल अपनी बहू के लिए किसे बुलाने जाऊँगी ? कहीं मैं बीमार पड़ गयी और अस्पताल जाना पड़ा तो ?” उसकी बातों से शुक्ला जी प्रसन्न हो गये थे।

मलय रिक्शा ढूँढ़ने निकला था। बड़ी खुशामद व चिरौरी के बाद एक को राजी कर पाया था मगर जहाँ दिन में पाँच रुपये लगते हैं वहाँ आधी रात में पच्चीस रुपये में सौदा तय हुआ था। बड़ी मुश्किल से उमा ने दीपा को रिक्शे पर चढ़ाया था और मुश्किल से अस्पताल पहुँची थी।

अस्पताल में उस दिन छुट्टी थी। किसी डॉक्टर की नाईट ड्यूटी नहीं थी। सिर्फ़ इमरजेंसी के लिए एक डॉक्टर की ड्यूटी थी मगर वे अपने चेम्बर में सो रहे थे। नर्स ने मलय से कहा था आप बेवज़ह परेशान कर रहे हैं। अभी डिलेवरी में देर हैं। फाल्स पेन लग रहा है ले जाइये कल ले आइएगा।"

-"डॉक्टर साहब को जगाइये ना ? वे देख लें। फॉल्स पेन नहीं है। आण्टी जी कह रही हैं समय हो गया है। डॉक्टर साहब को उठाइये एडमिट कीजिये।"

"उन्हें उठाने से वे नाराज़ हो जायेंगे।"

-"इसमें नाराज़ होने की कौन-सी बात है ? डॉक्टर को सोने के लिए थोड़े ही तनख्वाह दी जाती है। यह उनकी ड्यूटी है। यह सरकारी अस्पताल है, मैं सरकारी कर्मचारी हूँ, ड्यूटी फर्स्ट।"

-“भाषण देने आये हैं या बीबी को एडमिट करने ?"

मलय की इच्छा हुई थी कि वह नर्स का कान उमेठकर दो तमाचा जड़ दे मगर उसने खुद को क़ाबू में रखकर नर्मी से कहा था. "मेरी परेशानी समझिये।" नर्स ने आगबबूला होकर कहा था-"अगर मैं एडमिट न करूँ तो आप क्या कर लेंगे ?"

मलय के मुँह से निकल पड़ा था-"आपके दोनों पैर पकड़ लूँगा और तब तक नहीं छोडूंगा जब तक उसे एडमिट न करें.........आखिर आपको भी तो बुआ बनना है.. बुआ बनेंगी ना ?"

अचानक नर्स के चेहरे पर प्रसन्नता उमड़ पड़ी थी और उसने नम्रता से कहा था "अभी एडमिट करती हूँ। आप घबराइए मत। इत्मीनान से बाहर बैठिए। आपने मुझे बहन माना है अब सारी जिम्मेदारी आपकी बहन की है। "

कमरे से बाहर निकलकर मलय बेंच पर बैठ गया था। नर्स दीपा को लेबर रूम में ले गयी। मलय बेहद नर्वस व चिन्तित था। उसके जीवन में यह अनोखा अनुभव था। एकान्त में अकेला चिन्ताग्रस्त होकर समय बिताना कठिन होता है! रातभर वह जम्हाई लेता रहा। कदाचित् इधर-उधर और टहल लेता। सुबह सात बजे नर्स बाहर निकलकर मेट्रन से मिली फिर मलय से बोली कि उमा जी को घर पहुँचा दें। उसने यह भी कहा कि उसने अपनी ड्यूटी फिर से लगा ली है, वह देख लेगी।

उमा को घर पहुँचाकर मलय अस्पताल लौटा फिर उसी बेंच पर बैठा रहा।

दोपहर बारह बजे तक नर्स अन्दर-बाहर आती-जाती रही। जब-जब वह कमरे से बाहर निकलती मलय पूछता-“सिस्टर कोई खबर ?" बिना उत्तर दिये वह चली आती। क़रीब साढ़े बारह बजा मलय नाश्ता करने सड़क पर निकल गया था। लौटने के बाद उसने देखा कि कई डॉक्टर और लेडी डॉक्टर लेबर रूम के अन्दर जा रहे हैं और उन सबों के पीछे था ऑक्सीजन और सबसे पीछे थी नर्स नर्स का चेहरा पिछली रात जैसा गम्भीर किन्तु भय-विह्वल । मलय नर्स की ओर बढ़ा था मगर इससे पहले की वह कुछ पाता वह तेज रफ़्तार से लेबर रूम के भीतर घुस गयी थी। व्यग्रता और काल्पनिक भय से तनावग्रस्त मलय बरामदे के एक कोने में बैठा रहा

लगभग आधे घण्टे बाद नर्स ने बाहर निकलकर पूरे उल्लास के साथ कहा था "मैं बुआ बन गयी हूँ। बधाई हो गुरुवार दोपहर का समय लक्ष्मी आयी है।" मलय प्रसन्न हुआ था लेकिन अभी भी वह इतना सहमा हुआ था कि प्रसन्नता व्यक्त न कर सका था। उसने पूछा था-"मेरी पत्नी कैसी हैं ? सीरियस बात तो नहीं है ? आप ऑक्सीजन लेकर गर्यो ? कहीं. ..?" नर्स ने कहा था-"इस समय ठीक है। आप देर से लेकर आये थे। बच्चे के गले में फन्दा पड़ गया था। जान ख़तरे में पड़ गयी थी। अब ख़तरा टल चुका है मगर अभी भी सावधानी बरतने की ज़रूरत है। आप घर जाकर फ्रेश हो आइये, मैं हूँ। मिठाई खिलाइयेगा न ?"

-"यह भी पूछने की बात है ?" नर्स के प्रति मलय का हृदय अगाध स्नेह और असीम श्रद्धा से भर उठा था। उसने महसूस किया कि नर्स ने उसके लिए नर्स और माँ दोनों का काम किया है।

दीपा को अस्पताल से छुट्टी मिलने बाद नर्स रोजाना मलय के घर आने लगी थी। बच्ची को गोद में खिलाती, उसके कपड़े बदलती। एक महीने तक नित्य आना हुआ। फिर महीने में चार-पाँच बार उसकी सास भी तीर्थयात्रा से लौट चुकी थी लेकिन फिर भी बुआ बीच-बीच में आकर भतीजी की सेवा करती।

मलय ने सोचा बड़ी फजीहत है। उसने तो बेबसी में काम निकालने के लिए उसे बुआ बना दिया था मगर वह तो सचमुच अपने को बुआ मान बैठी। दीपा बिस्तर से उठकर काम-काज करने लगी थी।

नर्स जब भी ऋचा से मिलने आती अपने साथ कुछ न कुछ सामान ले आती। मलय

का धीरे-धीरे उसके साथ लगाव हो गया वह उसे घर का सदस्य मानने लगा था।

कई साल बाद नर्स का प्रमोशन हो गया था, साथ-साथ तबादला भी। वह मद्रास चली गयी थी। मद्रास से वह अक्सर भतीजी को फोन करती। उससे दुनिया भर की बातें करती। जब कभी ऋचा को दीपा डाँटती तो वह यह कह के चुप करा देती कि वह बुआ से शिकायत कर देगी और फोन पर शिकायत सुनते ही बुआ कहती-"माँ को फोन दो". और फिर फोन पर भतीजी का पक्ष लेकर भिड़ जाती। कदाचित् दीपा उसकी दखलअंदाजी बर्दाश्त नहीं कर पाती और कह देती "तुम बुआ नहीं, नर्स बुआ हो। सगी बुआ होती तो इस कदर मेरी बेटी को सिर न चढ़ाती।" इस प्रहार से नर्स को चोट पहुँचती और वह फोन पटक देती। दीपा को यह नागवार था कि उसकी बेटी उसे बुआ कहे। वह नर्स बुआ कहने को कहती मगर बेटी ने माँ की बात नहीं मानी।

हर साल जाड़ों में हफ्ता-दस दिन छुट्टी लेकर बुआ भतीजी से मिलने आती। मलय के घर रुकती। दीपा को उसका नियमित आना और उसके यहाँ ठहरना नापसन्द था। एक बार दीपा ने मलय से कहा था-"नर्स को समझाकर कहिए वह हमारे घर न ठहरा करे पता नहीं लोग क्या कुछ सोचते होंगे। वैसे भी वह मेरी ननद तो नहीं है।" मलय ने कहा था- "तुम्हारे मन में खोट है। तुम अपना मन साफ़ कर लो। वह मेरी बेटी की खात आती है.. ..क्या कहेंगे लोग ? इसमें कहने का क्या है ? रिश्ता और सम्बन्ध क्या सिर्फ खून से होता है ? यह तो बिटिया की तकदीर है उसे इतनी अच्छी बुआ मिल गयी है। तुम्हें उसका सम्मान करना चाहिये, आदर करना चाहिये। वह अब गैर नहीं है।"

प्रत्युत्तर में दीपा ने कहा था-"उस दिन देवर जी कह रहे थे भाभी तुम कितनी भोली हो इतना भोलापन ठीक नहीं है। मर्दों को ढील नहीं देनी चाहिये। इससे पहले कि घोड़ा भाग जाये तुम लगाम खींच लो अपने पैरों पर कुल्हाड़ी न मारो।" उसकी बातों से मलय सकते में आ गया था। उसने कहा था-"आप भला जग भला। लोग क्या कहते हैं मुझे इसकी चिन्ता नहीं है किन्तु इस कारण तुम्हारे मेरे रिश्ते में दरार नहीं आनी चाहिये। उसके बारे में घटिया ख़्याल आना पाप है। उससे मेरा न सही बेटी का कुछ न कुछ सम्बन्ध पिछले जन्म में अवश्य रहा होगा। सच्चाई तो यह है कि मैं उसे बहन नहीं मान सका। भले ही वह मुझसे उम्र में छोटी है जब भी वह मेरे सामने होती है जाने क्यों उसमें माँ का रूप देखता हूँ। मुझे लगता है वह कभी मेरी माँ थी, पर इस क्रूर सच्चाई को मैं जानने नहीं देना चाहता। कहीं जान जाए तो वह जुदा हो जायेगी।"

दीपा ने कहा- “सॉरी! अनजाने में मैंने आपको चोट पहुँचायी। किन्तु मैं क्या करूँ लोग तरह-तरह की बातें किया करते हैं।" मलय ने गम्भीरता से कहा था- "छोड़ो लोगों की बातें। सारे सम्बन्ध बखान के नहीं होते हैं कुछ सम्बन्ध सिर्फ अनुभूति के होते हैं।”

लेकिन किस्मत में जुदाई ही लिखी थी। एक दिन एक अजनबी का ख़त मिला। खत से पता चला नर्स को ब्रेन ट्यूमर था जिस कारण से उसने शादी नहीं की। वह अपनी बीमारी के बारे में किसी से चर्चा भी नहीं करती। अचानक ड्यूटी के दौरान उसकी तबीयत ख़राब हो गयी थी और बिस्तर पर दो दिन रहने के बाद उसने दम तोड़ा था। मृत्यु शैय्या पर लेटे-लेटे उसने अपनी भतीजी को एक पत्र लिखा था-"जो रुपये मैंने तुम्हारे नाम छोड़ा है उससे मनपसन्द गहने खरीद लेना और गहनों को पहनकर शादी करना, बुआ ऊपर से देखेगी।" और अन्त में लिखा था-"अगले जन्म में मैं तुम्हारी माँ बनने की कामना करती हूँ।" (नर्स बुआ)

© सुभाष चंद्र गाँगुली 
-----------------------------------
( "कहानी की तलाश" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2006)
* समाचार पत्र ' पायोनियर ' दिनांक 11/12/1999मे प्रकाशित
* पत्रिका ' दस्तक' बहादुरगढ़, हरियाणा अप्रैल 1997मे प्रकाशित
* पत्रिका : 'तरंग ' जनवरी--मार्च 2003
* पत्रिका 'उत्तरा'‌14/06/1999

Monday, September 5, 2022

कहानी- खून का रंग



सुहागरात पर अभिजीत ने पत्नी को एक सोने की अंगूठी भेंट की फिर एक बेशकीमती हार देकर कहा-यह हार मेरी दादी की और से।'
'दादी? तुम्हारी दादी?' पूजा चकित हुई।
"हाँ पूजा, मेरी एक दादी है....इस हार की चर्चा तुम माँ से, माँ से ही क्यों किसी से न करना क्योंकि दादी ने मुझे एक ही हार दिया था और अपना आशीर्वाद भी दिया था।'
"दादी की चर्चा तो तुमने पहले कभी नहीं की। तुम्हारी सगी दादी ?"
'अपनी ही दादी। कभी बात नहीं उठी सो।"
'कहानी लंबी है पर तुम मेरी अद्धांगिनी हो, तुम्हें मेरे अतीत की जानकारी रहनी चाहिए.....और एक बात मेरी दादी के संबंध में तुम मेरी माँ से कुछ भी नहीं पूछना क्योंकि मेरी माँ को मालूम नहीं है कि दादी जीवित हैं।'
'आश्चर्य!! ऐसा क्यों!!'
पूजा ने बहुत देर तक उस हार को गौर से देखा फिर कहा-कितना सुंदर! काफ़ी वजनी है, दस-बारह तोले का होगा। इतना सुन्दर उपहार किसी को पता भी नहीं चल पायेगा किसने दिया है क्योंकि पहनने से सब पूछेंगे ही। अजीब बात है, पहन भी नहीं पाऊँगी, कह भी नहीं सकूँगी। तुम्हें कैसे पता चला? किसने दिया?'

"लंबी कहानी है। आज रहने दो। फिर कभी ।"
"क्यों रहने दें? अभी बताओ ना?"
"सुहागरात है. कहानी सुनाकर रात बीता दूं? इट इज ए स्पेशल नाइट ।" अभिजीत ने ट्यूब लाइट ऑफ कर दी।

नाइट लैंप की रोशनी में पूजा हार को एकटक देखती रही। अपनी जिज्ञासा को वह शांत नहीं कर पा रही थी। ज्योंही अभिजीत उसकी बगल में बैठा पूजा ने कहा-'बोलो ना जी. इस हार का किस्सा सुनाओ ना! कितनी लंबी कहानी होगी. शॅर्ट में बताओ ना। जब तक जान नहीं लूँगी मुझे नींद नहीं आयेगी, पहन नहीं पाऊँगी, बोल नहीं पाऊँगी, झूठ नहीं बोला जाएगा. संक्षेप में ही सही, अभी बताओ। पंद्रह-बीस मिनट लगेगा कहानी में....."

अभिजीत बुरा फंसा । उसने महसूस किया अब बचने का उपाय नहीं है। उसने कहा- “फिर सुनो........तब मैं बारह वर्ष का था। हम लोग साउथ मलाका में किराये के मकान में रहते थे। शहर में चारों ओर हिन्दू मुसलमान दंगा, चारों ओर मार-काट हंगामा। लगभग डेढ़ माह तक कर्फ्यू कभी कैरम खेलता, कभी लूडो और कभी ड्राइंग मुझे ड्राइंग करना अच्छा लगता। मेरी ड्राइंग कापी का पन्ना पलटते- पलटते दादी की निगाहें एक चित्र पर ठिठक गई। कुछ देर तक देखने के बाद वह बोली अरे! इस तस्वीर में लाल काले धब्बे क्यों ?"
उन्हें नासमझ मानकर मैं बाला- " यह मॉडर्न आर्ट हैं। ये धब्बे नहीं. खून के संकेत हैं। दादी को जैसे इलेक्ट्रिक शॉक लगा। उन्होंने कहा "गधा कहीं का! खून का रंग लाल, सिर्फ़ लाल होता है. एकदम लाल ।"

मैंने कहा- " धत् ! तुम बुद्ध हो। पता है मेरे ड्राइंग बॉक्स में जितने रंग हैं उससे भी अधिक रंगों के खून होते हैं। दादी ने आँख फाड़कर मुझे देखा फिर मुस्कराकर कहा-" पगला कहीं का। आठ में पहुँच गया है अभी भी बुद्धि नहीं आई। जाने कहाँ से गलत सलत सीखता है, खून का रंग लाल, सिर्फ़ लाल होता है, एकदम लाल।" 
मैं अड़ गया- " नहीं हेरक का खून एक जैसा नहीं होता, खून-खून में फ़र्क होता है, मेरे सभी दोस्त यही कहते हैं।"
दादी अचकचा उठीं । " ये दोनों खून किस किसके हैं ?"

मैंने एक साँस में जवाब दिया-" लाल रंग मेरे शरीर का है जो घर से बाहर जाने के लिए छटपटा रहा है, काला उन लोगों का है जिनके कारण एक महीने से घर में कैद हूँ...जब देखो तब दंगा, तंग आ गया हूँ।"

मेरे उत्तर से खिन्न होकर दादी ने पूछा- " खून के बारे में और क्या क्या जानते हो ?" मैंने तपाक से कहा- " जिन लोगों ने हम हिंदुस्तानियों को गुलाम बनाया था उनका खून नीला है यानी ब्लू ब्लड, वह 'बहू' जो बर्तन माँजने आती है उसका खून पीला है, ये ग़रीब और नीच होते हैं, और......"

दादी ने अचानक अपना हाथ उठा लिया फिर खुद को संभाल कर कहा -"ऐसी बेतुकी बात दुबारा करेगा तो बहुत मार खायेगा.....वह बहू कोई साधारण औरत नहीं है, वह देवी है, देवी। तुमने कभी किसी के बदन से खून रिसते देखा है? किसी हिन्दू का खून? मुसलमान का खून? अंग्रेज का खून ?"

दादी की बातें दिन-रात मेरे मन में नाचतीं। अपनी आँखों से खून देखने के लिए मैं व्याकुल हो उठा। फिर एक दिन मेरे सामने एक हादसा हुआ। एक आदमी ट्रक से टकराकर मुँह के बल गिरा। सायकिल दो हिस्से में टूटकर बिखर गयी। ट्रक वाला तेज चलाकर भाग निकला। निमिष में अनेक लोग एकत्र हो गए। 
एक ने पूछा- " कौन है ? जवान है या बुड्ढा ?" दूसरे ने आहिस्ता से पूछा-" हिन्दू या मुसलमान ?"
किसी ने फिसफिसाया " जवान है, दाढ़ी है, सिर पर मुल्ला टोपी भी है।"

सब एक दूसरे को ताकते रहे फिर आहिस्ता-आहिस्ता अनेक लोग खिसक गये। घायल आदमी दर्द से कराह रहा था, जोरों से हाथ-पैर पटक रहा था, नाक और कान से खून बह रहा था। देखते-देखते उसकी हालत नाज़ुक हो गयी। मुझे यह देखकर हैरानी हुई कि किसी ने उसे स्पर्श तक नहीं किया ।
अचानक किसी ने चीत्कार किया--"भागो भागो पुलिस आ रही है, अभी पूछताछ होगी, खिसको।"
झट से सारे लोग भाग खड़े हुए। मैंने भी दौड़ लगायी।

पूजा ने मुस्कराकर पूछा- तो तब तुम्हें यकीन हुआ कि खून का रंग लाल होता है।' 
अभिजीत ने कहा- " सुनती रहो। सुनती रहो। मैंने पहले ही कहा था कहानी लंबी है। अभी तो कहानी शुरू ही नहीं हुई।"
पूजा बोली- " नहीं, मैं अधीर नहीं हो रही हूँ। बोलो। इन्टरेस्टिंग कहानी है। अंत तक सुनूँगी। हार का रहस्य जानना ही है। "

अभिजीत ने फिर से शुरू किया-" स्कूल पहुँचकर उस हादसे का ब्यौरा देकर मैंने अपने मित्रों को कन्विंस करना चाहा कि खून का रंग सिर्फ़ लाल होता है मगर मेरा मजाक उड़ाते हुए वे बोले-" तुम हिन्दुस्तान छोड़कर चीन या रूस चल जाओ वहीं तुम्हारी कदर होगी, हिंदुस्तान में लोग कम्यूनिजम नहीं समझते हैं। "

लंच के समय मैंने सारी बातें उस टीचर से कहीं जो अक्सर आजादी की लड़ाई और देश विभाजन की कहानी सुनाया करते थे। मेरी बातों को ध्यान से सुनने के बाद उन्होंने गंभीरता से कहा--" बेटा बात तो सही है कि हिंदू, मुसलिम, सिख, ईसाई आपस में हैं सब भाई-भाई....लेकन यह सब कहने के लिए है। दरअसल इंसान की दुनिया पशुओं की दुनिया से अधम है, यहाँ सब एक दूसरे की टाँग खींचने में लगे रहते हैं....मैं जमींदार वंश का हूँ, प्रचुर धन-संपत्ति थी मगर देखो देश को आजादी क्या मिली हम बर्बाद हो गए, रातोरात भिखारी बन गए । ईस्ट बंगाल पाकिस्तान बन गया, मुसलमानों ने हमें खदेड़ दिया। यहाँ हम खाली हाथ पहुँचे, न ठौर न ठिकाना, यहाँ हमारा क्या परिचय ?....लोग नफ़रत से कहते हैं  "ये रिफ्यूजी है देखो ना मुझे सब ' रिफ्यूजी मास्टर ' के नाम से जानते हैं.... जिन लोगों की वज़ह से हमारी यह दुर्दशा हुई है उन लोगों के खून को हम लाल कैसे मान लें ? जिनका दिल काला है उनका खून काला ही होगा ना ? तुमने गौर से देखा नहीं होगा, उसका खून काला ही रहा होगा।"

" स्कूल से लौटते समय मैंने देखा वह दुर्घटनाग्रस्त आदमी दुर्घटनास्थल पर ही पड़ा हुआ था। उसका शरीर लाश में तब्दील हो चुका था । मैंने गौर से देखा वाकई उसका खून काला था । मेरी हैरानी बढ़ गई । मास्टर साहब की बातें दिमाग में खलबली मचाने लगीं ।"

घर लौट कर सारी बातें मैंने दादी से कहीं । दादी के चेहरे पर क्लेशयुक्त चिंता प्रकट हो गई। दादी ने गंभीर मुद्रा में कहा- " बेहतर होगा तुम अपनी ड्राइंग कापी में हँसते-खेलते बच्चों की तस्वीरें" बनाओ, नदी नाले. झील, पहाड़, पर्वत बनाओ, फ़ालतू खून-खराबा, जात-धर्म के चक्कर में न पड़ो, अच्छी-अच्छी चीजें देखो, अच्छा सोचो, उम्र के साथ साथ सही क्या गलत क्या खुद ही जान जाओगे।"

मेरा कौतुहल बना रहा। मैंने कहा-" मगर दादी! मेरे टीचरजी क्यों कह रहे थे जिन लोगों ने उन्हें देश से खदेड़ दिया था उनका खून काला है, वे हमारे दुश्मन हैं? "
दादी ने मुझे समझाने की कोशिश की- " बेटा इस दुनिया में कोई किसी का दुश्मन नहीं है। लड़वाना, भिड़वाना, बँटवारा करना नेताओं का काम है। किसी देश की एकता-अखंडता के रहते सारे शीर्षस्थ महत्वाकांक्षी नेता सत्ताधिकारी होने का मजा नहीं पा सकते। उनकी सत्ता की भूख के कारण देश खंडित होता रहता है । हिंदुस्तान और पाकिस्तान के विभाजन के पीछे यही कारण था। हर दिग्गज नेता प्रधानमंत्री, मंत्री, गवर्नर बनना चाहता था । प्रांतों के विभाजन के पीछे भी यही कारण रहता है। अपने स्वार्थ के चक्कर में वे हमें अपनी बातों से उकसाते हैं, आंदोलित करते हैं। वे इन लड़ाइयों की कभी आस्था की लड़ाई, कभी अस्मिता की लड़ाई की संज्ञा देते हैं । हर लड़ाई देर-सबेर खूनी जंग बन जाती है । मगर जंग और रंजिश के बावजूद भीतर ही भीतर इंसानियत काम करती है .... देश विभाजन के समय जब हम अपना आदिवास छोड़ रहे थे तब उन्हीं लोगों में जिनका खून तुम काला समझ रहे हो, हमें यहाँ सुरक्षित पहुँचाया था.... देर शाम हम घर से रवाना हुए थे, हमारे साथ हमारे पड़ोस के दो भाई अब्दुल व कादिर हमारे बॉडी गार्ड बनकर चले थे। वे हमारे आगे आगे थे। दस-पंद्रह मील पैदल चलने के बाद उन लोगों ने हमें अपने रिश्तेदार के घर छोड़ दिया और खुदा से हमारे लिए दुआएं माँगकर लौट गए। उस समय तुम अपनी माँ की कोख में पल रहे थे, तुम्हारी माँ की तबियत अचानक ख़राब हो गयी थी। हमें चोरी-छिपे उनके घर रहना पड़ा था। चार दिन चार रात ...उस समय बहुत सारे मुसलमानों ने हिंदुओं की मदद की थी। उन मुसलमानों को अपने ही लोगों से, जो दरअसल कट्टर थे. खतरा था। जैसे ही उन कट्टर लोगों को पता चलता कि कहीं किसी मुसलमान ने हिंदू को शरण दी है, वे हमला करते। अब्दुल कादिर के रिश्तेदारों ने दुश्मनों की परवाह किए बगैर हमें पनाह दिया था । फिर एक बैलगाड़ी में आलू के बोरों के पीछे छिपाकर हमें पहुँचा गए थे .... तेरी माँ के पास तक़रीबन चालीस तोला सोना था, अपने रिश्तेदार के यहाँ छोड़कर जब अब्दुल और कादिर वापस जा रहे थे, उन्होंने हमें सलाह दी कि हम उन गहनों को उनके पास छोड़ दें और भरासा दिया कि स्थिति सामान्य होने के बाद वे गहनों को वापस भेज देंगे। तुम्हारे पिता ने गहनों को उन्हें। दे दिया.....यहाँ आने के बाद और स्थितियाँ सामान्य हो जाने के बाद हमलोगों ने अपना पता देकर पत्र भेजा कई पत्र भेजे. महीनों बीते साल बीता, कई साल बीत गए, कोई उत्तर नहीं.... हमलोगों ने मान लिया घर दुआर, जमीन-जायदाद के साथ-साथ हमने अपने गहनों को भी हमेशा के लिए खो दिया है.... मगर अकस्मात एक दिन कादिर आ पहुँचा। उसने हमें हमारी अमानत लौटायी और कहा कि उसकी आर्थिक बदहाली के कारण वह पहले नहीं आ सका था। वह हमारे लिए अमावट, खजूर का गुड़, सिंदूरी आम और नारियल के लड्डू ले आया था तुम्हारे पिता ने उसे दोनों तरफ़ का भाड़ा, अंगूठी और एक घड़ी भेंट करनी चाही मगर उसने कुछ भी नहीं लिया।'

कहानी सुनाते-सुनाते दादी का गला भर आया था, आँखे नम हो आयी थीं। साड़ी के पल्लू से आँखों को पोंछकर उन्होंने पूछा--' अब बताओ खून का रंग क्या है?'
मैं चुप था। क्योंकि दादी की सारी बातें मेरे सिर के ऊपर से निकल गयी थीं।

आये दिन दादी मुझे किस्से-कहानियाँ और अनुभव की बातें सुनातीं. 'अच्छी तालीम देतीं। वह हर वक्त मुझे अपनी आँखों के क़रीब रखना चाहतीं और मुझे अपनी छड़ी सा इस्तेमाल करतीं। मंदिर, मठ, बाजार जहाँ कहीं जाती मुझे साथ रखतीं। उधर मेरे यार-दोस्त चाहते कि खाली समय मैं उनके साथ रहा करूँ और मेरी दादी थीं कि उन सबों के साथ घूमने-फिरने से रोकतीं। उन्हें भय था कि मैं बिगड़ सकता हूँ मुझसे नाराज़ होकर मेरे साथी लोग मुझे देख 'पिछलग्गू' 'पिछलग्गू' कहके ऐसे चिल्लाते जैसे वही मेरा नाम रहा हो.... उन सबों से तंग आकर मैं दादी का पीछा छुड़ाने में लग गया और एकदिन सचमुच मैंने उन्हें खो दिया। बात कुछ यूँ हुई कि एक दिन साँझ होने पर जब मैं मैदान से खेलकर घर लोटा तो मकान के गलियारे में दादी ने मेरी कलाई पकड़ ली और मुझे एक गिलास दूध थमाने लगीं, मुझे दूध से चिढ़ थी सो मैं चीख उठा-माँ देखो ! दादी चोरी-छिपे दूध पिला रही है।'

दादी सिहर उठीं। उनेक हाथ से काँच का गिलास गिर पड़ा। मेरी माँ बिजली सी कड़कती हुई आ पहुँची और दादी पर बरस पड़ी... फर्श पर दूध फैला हुआ था, काँच के टुकड़े दूर-दूर तक बिखरे हुए थे, दादी मुल्जिम की तरह ख़ामोश खड़ी थी। मुझे अपने किए पर पछतावा हो रहा था।

दफ़्तर से पापा के आने की देर नहीं हुई कि माँ ने दादी की शिकायत कर दी फिर क्या था घर में कोहराम मच गया। काफ़ी कहासुनी के बाद माँ ने पापा से कहा--" कान खोलकर सुन लीजिए अब इस घर में या तो ये बुढ़िया रहेगी या फिर मैं रहूँगी। इसने मेरा जीना दूभर कर रखा है। "
माँ तनतनाती हुई पड़ोसिन के घर चली गई। पापा का चेहरा लाल हो था, कटाक्ष दृष्टि से उन्होंने मुझे देखा, मैं डर कर भीतर भागा, चुपचाप किताब खोलकर बैठ गया। अचानक पापा कमरे में पहुँचकर मुझे मारने लगे। हाथ चलाते-चलाते अपनी लरजती-गरजती आवाज़ से बोले " बेईमान ! जिसके लिए चोरी करो वही बोले चोर ! इतना बड़ा हो गया है। मगर गधा का गधा रह गया । माँ बेचारी अपने हिस्से का दूध पिलाती है और तू उसे चोर कहता है ? इडियट ! तेरे लिए वह अपना खून बहा रही है और तू उसे नीचा दिखाता है ?...फिर कभी तूने ऐसी हरक़त की तो तेरी हड्डी-पसली तोड़कर रख दूँगा।"

इस बीच दादी आकर बीच-बचाव करने लगी थी मगर बड़ी मशक्कत के बाद वह अलगा-अलगी कर सकी थी। बीच-बीच में पूजा ‘अच्छा' 'जी' 'हाँ' कहती जा रही थी। अब उसने पूछा- तुम्हारी दादी चोरी-छिपे क्यों दूध पिला रही थी ? तुम क्या बहुत कमजोर थे?"

अभिजीत ने कहा-" थोड़ी देर सब करो, सब कुछ साफ़ ऊब रही हो तो बताओ झट से दो लाइन में कह दूँ मगर उससे जाएगा.... तुम्हारे मन में तरह-तरह के सवाल उठेंगे। "
पूजा बोली--" नहीं, नहीं पूरी कहानी बताओ, मेरे मन में तमाम प्रश्न बन चुके हैं।"
अभिजीत ने फिर से बोलना शुरु किया--"हफ़्ते भर बाद दादी को सामान पैक करते देख मैं हैरत में पड़ गया।"
 मैंने पूछा--"अरे! कहाँ की तैयारी? कहाँ जा रही हो ?"
कुछ भावुक होकर दादी बोली--" पता नहीं... इस जग में तुम्हारे पिता के अलावा मेरा कोई नहीं है, कोई नहीं है जिसे मैं अपना कहूँ....कुछ लोगों
को पूर्व जन्म के लिये की सजा भुगतनी पड़ती है।" फिर दादी ने मुझे अपने पास बिठाया और आपबीती सुनायी।

दादी ने कहा--"जब मैं मात्र नौ साल की थी तब मेरी शादी करदी गई थी । सत्रह वर्ष होते-होते मुझे ससुराल भेज दिया गया। दस रोज बाद तुम्हारे दादा के आफिस से तार आया और वह ड्यूटी पर लौट गये..... उन दिनों विश्व युद्ध चल रहा था, तुम्हारे दादा मिलिटरी में काम करते थे, लंबे-चौड़े, तंदुरुस्त एकदम चंद्रशेखर आजाद जैसे ड्यूटी पर गये तो गये, कभी नहीं लौटे....मेरी चूड़ियाँ तोड़ दी गई सफेद थान पहना दिया गया, मेरे लंबे घने बाल काट दिए गए खाने में जो कुछ प्रिय था सब त्यागना पड़ा, हमेशा के लिए मना हो गया....मेरी जिंदगी जानवर से बद्तर हो गयी....मेरे ससुराल वालों ने काशी भेजने की व्यवस्था कर दी....उन दिनों विधवा बनते ही औरतों को काशी भेज दिया जाता था। काशीवास को विधवाएँ 'कालापानी' कहा करती थीं, यानी कि आजीवन कारावास....तुम्हारा पिता मेरा भतीजा है । उसकी माँ बचपन में चल बसी थी... तुम्हारे पिता ने मुझे 'कालापानी' से बचा लिया था, उसने कहा था अगर मुझे ज़बरदस्ती काशी भेजा गया तो वह आत्महत्या कर लेगा।"

दादी की आँखों से अविरल आँसू झर रहे थे। मैं स्तब्ध, हतप्रभ। मैंने कहा-दादी ! मैं तुम्हें बहुत प्यार करता हूँ, तुम्हें छोड़कर नहीं रह पाऊँगा, कब लौटोगी ?..... कितने दिनों के लिए जा रही हो ?"
दादी ने हताशा व्यक्त की क्या पता ! " भगवान जाने। अब शायद कभी न आ सकूँ। "

मेरा सिर चकराने लगा। मैंने रोते-रोते कहा-- " दादी ! भगवान कसम आइंदा शिकायत नहीं करूँगा, तुम्हारा कहा मानूँगा, मुझे छोड़कर मत जाना। "
कुछ कठोर होकर दादी बोली--" अब इस घर में मेरे लिए कोई जगह नहीं है, तुम्हारी माँ मुझसे खफा है, वह मुझे बिल्कुल नहीं सह पाती, मैं तुम्हारे लिए दुआएँ माँगूगी।"

मैंने माँ के सामने गिड़गिड़ाया- " माँ! दादी को रोक लो, रोक लो ना, दादी के बिना नहीं रह पाऊँगा।"
माँ चुप थी किन्तु उसकी आँखें छलछला आयी थीं। करुण दृष्टि से
मुझे देख वह बोली- "तुम्हारी दादी फिर आ जाएगी।"
तंगी के कारण पापा को डबल ड्यूटी करनी पड़ती, जब-जब मौका मिलता करते, छुट्टियों के दिन बाहर का काम करते। फिर भी हमेशा प्रसन्नचित्त रहते किन्तु दादी के जाने के बाद उन्हें जैसे साँप सूँघ गया मैंने उन्हें फिर हँसते-मुस्कराते नहीं देखा..... जिस दिन दादी घर छोड़ रही थी उस दिन हमारे घर की महरी यानी 'बहू' लगभग सारा दिन दादी के साथ थी। वे दोनों एक दूसरे की भाषा नहीं समझ पाते। दादी ईस्ट बंगाल के बरिशाल जिले की आँचलिक बोली बोलती और बहू ठेठ 'इलाहाबादी' किन्तु फिर भी दोनों में घनिष्ठ संबंध था....शायद वे दोनों एक दूसरे का चेहरा पढ़ लेती।

घर छोड़ते समय दादी ने मुझे हिदायत दी कि मैं बहू का आदर किया करूँ, उसका कहा माना करूँ। उन्होंने कहा था-" गलती से बहू की चुगली माँ से न करना वर्ना तू उसे भी खो देगा, अकेला पड़ जाएगा। "
उस दिन दादी और बहू एक दूसरे से लिपटकर खूब रोयी थी।

दादी के चले जाने के बाद हर पल, हर क्षण उनकी गैर मौजूदगी का अहसास होने लगा। अक्सर पढ़ते-पढ़ते मैं उनकी यादों में खो जाता और स्वयं को गुनाहगार समझता... बहू मुझे बहुत दुलार देती, प्रायः वह पास बुलाकर बातें करतीं....मगर उस वजह से उसे माँ की डाँट भी सुननी पड़ती।

मेरे घर के सामने खेल का मैदान था जहाँ हर शाम हम क्रिकेट खेलते और उसी मैदान से सटा बहू का अहाता था। अहाते की सात-आठ झोपड़ियों में से एक में बहू का आवास था। उसकी झोपड़ी के सामने चार पाँच बकरे-बकरियाँ बँधे रहते थे। मुझे उन सबका मिमियाना और उनके साथ खेलना प्यारा लगता था। उसी आकर्षण से मैं प्रायः बहू के घर पहुँच जाता, जब लगातार दो-तीन दिन मैं नहीं जाता तो बहू खुद ही मुझे बुला लेती, वह मुझसे पूछती " आज क्या-क्या खाया?"  "भरपेट खाना खाया था न?" "कितनी रोटियाँ खायी थी ?" 'पढ़ाई-लिखाई कैसी चल रही है?" " स्कूल का काम किया या नहीं?"
"दादी की चिट्ठी आयी ? दादी कैसी है, ठीक-ठाक है ना ?" आदि कभी कभार वह मुझे बकरी का दूध पिला देती। आदि.....एक बार होली के बाद जब मैं बहू के घर गया तो उसने मुझे ढेर सारे पापड़ और गुझिया दिए। मैंने कुछ खाया और कुछ जेब में रख लिये रात को थका-हारा बिना पैंट-शर्ट बदले मैं बिस्तर पर निढाल हो गया और नींद लग गई। अगले दिन जब मेरी आँखें खुली तो माँ ने गुझिया की जानकारी माँगी.......मैं घबड़ा गया था, कुछ समझ में नहीं आ रहा था , मैं चुप था, माँ ने कई बार पूछा मगर मैं चुप था। फिर माँ ने कान उमेठकर कहा- " तूने किचन से चुराया " चुप क्यों है ? चोर,अब चोरी भी करने लगा ?"
चोरी के इलजाम से क्षुब्ध होकर मैंने सच्चाई उगल दी और मेरी बात सुनते ही माँ का मिज़ाज ख़राब हो गया। उसने मुझसे कान पकड़वाकर उठक-बैठक करवाया, कसम दिलवायी कि आइंदा बहू के घर की कोई चीज नहीं लूँगा।

उस दिन जब बहू काम पर आयी तो मेरी माँ उस पर टूट पड़ी और कटु शब्दों की बौछार कर दी... अपराधिन की तरह बहू नतमस्तक खड़ी थी। उसे अपदस्थ देख मैं बोल पड़ा-माँ अब चुप भी करो, बहुत हो चुका, तुमने मुझे सजा दी तब भी मन नहीं भरा? खामख्वाह उसके पीछे क्यों पड़ी हो? उस बिचारी का क्या कसूर? मैंने खुद ही माँगा था, उसने जोर-जबरदस्ती नहीं ठूंसा था ।‌‌ ँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँँ

 मां ने अपना आपा खो दिया और उसने अपना गुस्सा बहू पर उतारा " नीच जात की औरत तूने अपने घर का सामान मेरे बेटे को खिलाने की जुर्रत कैसे की ? तू उसका जात-धर्म बिगाड़ रही है तुझे कोढ़ लग जाएगा।"
मुझसे रहा नहीं गया। मैं बोला- "माँ तुम्हें चुल्लूभर पानी में डूब मरना चाहिए, जब वह बर्तन साफ़ करती और तुम्हारे कामों में हाथ बटाती तब तुम्हें उसकी जात याद नहीं आती? इसी को पोंगई कहते हैं, इसी पोंगई के कारण लोग ब्राह्मणों को कभी-कभी पोंगा पंडित कहते हैं।"
आगबबूला होकर माँ ने बेलन उठा लिया और उसके हाथ बेलन आते देख मैं घर से भाग निकला और पीछे-पीछे बहू भी निकल आयी

शाम को जब पिताजी घर लौटे तो उनके पीछे-पीछे मैं भी लौटा। पिताजी ने अभी सायकिल खड़ी भी न की थी कि माँ ने शिकायत शुरू कर दी। दोनों में काफ़ी कहा-सुनी हो गयी। उसी कहासुनी में माँ ने कहा " आपकी तनख्वाह मात्र डेढ़ सौ रुपए, उसमें से कलकत्ते में उस बुढ़िया को पच्चीस भेजते हैं और उस कमीनी महरी को बीस देते हैं, अपना पेट नहीं भरता, चले हैं दूसरों का पेट भरने, हूँ! बड़ी हमदर्दी है, उस कमीनी से....उस नीच के लिए मुझे भला-बुरा कहते शर्म नहीं आती?...मैं पूछती हूँ उस कहारिन से क्या संबंध है आपका? बिन माँगे क्यों बढ़ाते गये उसकी तनख्वाह ?"
गुस्से से पिताजी ने अपना हाथ उठा लिया फिर ऐन वक्त पर खुद को संभाल कर कहा-"कितना ज्यादा देता हूँ उसे?... जितना खटा सकती हो खटा लेती हो, झाड़ू-पोंछा, गेहूँ सफाई, सब्जी काटना, अचार डलवाना दुनिया भर का काम ।"
माँ चीख उठी-कोई जरूरत नहीं है हमें उसकी, चार-पाँच रुपए में किसी और को रख लूँगी, पंद्रह रुपए मेरे हाथ में दीजिएगा। बहुत रुपए हो गए आपके....एक दो काम क्या कर देती खूब ध्यान जाता है उस पर और मैं जो कोल्हू की तरह पिसती रहती हूँ उस पर ध्यान नहीं जाता, बंधुआ मजदूर हूँ ना.....न जाने उस चुड़ैल ने क्या जादू-टोना कर दिया है, बाप-बेटे दोनों उसकी तरफदारी करते हैं।"
बात ख़त्म करके माँ भीतर चली गई और बिलख-बिलख कर रोने लगी।

माँ का क्रंदन सुनकर मकान के दोनों किरायेदारों की श्रीमतियाँ माँ के पास पहुँच गईं। उन दोनों ने माँ को अपने पति के मन मुताबिक चलने की सलाह दी फिर बाहर निकल कर खुसुर-फुसुर करती हुई चली गई।

मुझे माँ पर क्रोध आ रहा था और दया भी....। अब मैं इंटर में पढ़ रहा था और कुछ-कुछ समझने लगा था। मैंने सोचा वाकई पिताजी बहू को ज्यादा रुपए क्यों देते हैं ? वह भी माँ की सहमति के बगैर। मुझमें संदेह का बीज पैदा हो गया।

अगले दिन बात का बतंगड़ बन गया। मेरे पिताजी के साथ बहू के गलत संबंध होने की बात कानो-कान फैलने लगी। पिताजी सकते में आ गये। उन्होंने बहू की छुट्टी कर दी ।
दादी को खो चुका था, बहू का आना बंद हो गया। दोनों की कमी बुरी तरह खलने लगी। मकड़ी के जाल की तरह अकेलापन मेरे चारों और फैलने लगा। यह सोचकर मैं दुःखी होने लगा कि मैंने स्वयं उसी डाल को काट दिया जिस पर मैं बैठा हुआ था। बिछोह का धाव दिनोंदिन गहराता गया।

मुझे दादी की चिट्ठी का बेसब्री से इंतज़ार रहता। स्कूल से लौटते ही मैं माँ से पूछता चिट्ठी आयी है कि नहीं, माँ अधिकतर निरुत्तर रहती, कदाचित हाँ या ना में उत्तर देती...मेरी दादी अपनी बूढ़ी उँगलियों से बड़ी मुश्किल से चिट्ठी लिख पाती, उनका ख़त मेरे पिता के अलावा कोई न पढ़ पाता फिर भी दादी के ख़तों को मैं पढ़ाई की टेबुल पर सजा कर रख देता और अक्सर उन खतों को देखते-देखते मैं दादी की यादों में खो जाता।'

इतनी देर धीरज से सुनने के बाद पूजा ने उत्सुकता से पूछा- तुम्हारी माँ तुम्हें प्यार नहीं करती क्या ?'
अभिजीत ने कहा- नहीं पूजा ऐसी बात नहीं है, वह मुझे बेहद प्यार करती है, पहले भी करती थी लेकिन उनका अपना पसंद-नापसंद है, बचपन में मैं उन्हें समझ नहीं पाता था....लंबी-चौड़ी, गोरी, लंबा मुखड़ा, बड़ी-बड़ी भावुक आँखें, चौड़ा ललाट और उस पर बड़ी सी बिंदी...बड़ी प्यारी लगती थी। कभी अगर अच्छी साड़ी पहन लेती और भी अच्छी लगती। कदाचित मैं उससे कहा करता "माँ तुम कितनी प्यारी लगती हो, तुम गुस्से में न आया करो, गुस्से में गंदी लगती हो "  माँ मुझे अपने पास खींचकर मेरे गालों को चूमकर कहती- " मुझे क्यों गुस्सा आता तू नहीं समझेगा किसे अच्छा लगता है चीखना, चिल्लाना ? "
माँ मुझे मारती नहीं थी, डाँठ भी बहुत कम लगाती फिर भी पता नहीं क्यों मुझे उससे डर लगता था। मैं भागा-भागा फिरता था। गर्मी में दोपहर को जब मैं कमरे से निकल कर भागना चाहता था उसकी आँखों की पलके जो हल्की सी खुली रहती थी देखकर भाग नहीं पाता फिर से सो जाता..... जब मैं बी. ए. और एम. ए. में था मेरी माँ को मेरी कम्पनी अच्छी लगती। खाली समय वह मेरे पढ़ाई के कमरे में बैठती, दुनिया भर की बातें करती। यूँ तो वह हाईस्कूल थी पर पढ़ाई-लिखाई से उसका खास लगाव है। वह मेरी किताबों को पढ़ती, कभी-कभार चर्चा करती....इम्तहान के दिनों में मैं जब जी-जान से मेहनत करता वह मुझे रात-बिरात चाय बना देती, गर्म-गर्म दूधे ले आती...मगर इन सबके बावजूद वह मेरे मुख से 'दादी' और 'बहू' शब्दों को सुनना पसंद नहीं करती थी। उल्टा नाराज हो जाती और मैं था कि उन दोनों को नहीं भूल पा रहा था। एक बार दादी को भेजा गया मनीऑर्डर वापस लौट आया। पापा ने उन्हें कई खत लिखे मगर किसी भी ख़त का उत्तर नहीं आया। कई माह बाद दादी की ख़बर लेने पापा कोलकाता गये मगर वह निराश होकर लौटे। उन्होंने हमें जानकारी दी कि दादी का दिमाग खराब हो गया था और वह घर छोड़कर चली गयी थी। मुझे दाल में कुछ काला लगा। मैंने पिताजी से पूछा- " उन लोगों ने हमें सूचित क्यों नहीं किया ? "
पिताजी बोले- " उन लोगों ने कई पत्र भेजे थे मगर डाक की गड़बड़ी के कारण हमें ख़त नहीं मिल पाया। मुझे रिश्तेदारों की बात झूठ लगी। मैं अत्यंत मर्माहत हो गया। अपराध बोध ने मुझे बुरी तरह दबोच लिया। दिनरात में स्वयं को कोसने लगा।
जब से बहू ने काम छोड़ा था उसके अगले महीने से हर माह पिताजी मेरे हाथों बहू को दस-बीस रुपए भिजवाते और हर बार आगाह करते " माँ से मत कहना।" कदाचित वह स्वयं रुपया दे आते। हर बार बहू रुपया लेने में आनाकानी करती मगर मैं खाट पर रख कर लौट आता हमेशा मेरे मन में जिज्ञासा होती आख़िर क्या माजरा है ? पिताजी उस औरत पर इतने मेहरबान क्यों हैं? माना कि वह बहुत गरीब है पर पिताजी ही कौन रईस हैं?

जब मैं एम. ए. फाइनल में था एक दिन सुबह-सुबह बहू की मौत की ख़बर मिली। उसकी शव यात्रा में मैं शामिल हुआ....मेरी माँ घर से उसकी अर्थी को देखती रही, पिताजी उसकी अर्थी को लगभग पूरे रास्ते अपने कंधों पर ढोये.....उस दिन पिताजी बेहद दुःखी थे! रात को तीन मंजिले छत के एक कोने मैंने उन्हें रोते हुए देखा था। मेरे मन का संदेह और गहरा गया। एक दलित औरत के लिए उनका सुबकना मुझे अच्छा नहीं लगा। मुझे माँ से हमदर्दी होने लगी।

एम. ए. पास करने के बाद मुझे नौकरी मिल गयी और नौकरी मिलने के साथ-साथ मुझे अहसास हुआ कि मुझे दादी को ढूंढ निकालना चाहिए। अज्ञानतावश मुझसे जो पाप हुआ था उसका प्रायश्चित करना चाहिए। मुझे लगा कि मेरी दादी को पिछले जन्म के पाप की सजा नहीं बल्कि इस जन्म की परिस्थितियाँ भुगतनी पड़ रही हैं। उनकी परिस्थिति को बदलने के लिए मैं अधीर हो उठा। पहली तनख्वाह मिलते ही मैं कोलकाता पहुँचा।

कोलकाता में जब रिश्तेदारों से शराफ़त से पूछने पर संतोषप्रद उत्तर नहीं मिल पाया तब मैंने जासूसी पूछताछ की. पुलिस और कानून की धमकी दी। डर के मारे उन लोगों ने क़बूल किया कि चूँकि दादी उन लोगों के लिए बोझ थी उन लोगों ने उन्हें घर से निकाल दिया था और यह सूचना दी थी कि दादी को उन लोगों ने एक बार कालीघाट के मंदिर के पास देखा था।

मैं कालीघाट काली मंदिर पहुँचा। मंदिर के पास प्रवेश द्वार तक पहुँचने के रास्ते लगभग आधा किलोमीटर दांये बांये दोनों किनारें भिखारियों की लंबी लाइन, अधिकतर बूढ़े व लाचार मंदिर के चारों ओर हाथ फैलाने वाले अनगिनत हर उम्र के लोग, किन्तु शारीरिक दृष्टि से ठीक-ठाक दिखे। एक-एक बूढ़ी औरत को मैं बहुत करीब से देखता गया फिर अपनी दादी को मैंने ढूंढ़ निकाला....उन्हें देख मैं तार-तार हो गया। मेरी हट्टी-कट्टी खूबसूरत दादी कंकाल लग रही थी। उन्हें पहचान पाना मेरे लिए नामुमकिन था, गनीमत थी कि उनके गले में काले धागे में बँधा वही ताबीज लटक रह था जिस पर उनके गुरु की तसवीर थी।

मैंने जब दादी को अपना परिचय दिया तो वह आश्चर्य चकित होकर मुझे देखने लगी। कुछ देर बाद वह बोली-मैंने तुम्हें पहचाना नहीं..इस दुनिया में मेरा कोई नहीं है. कोई नहीं है जिसे मैं अपना कहूँ, तुम्हें गलतफ़हमी हुई है।"

मैंने उस ताबीज की चर्चा की, उस घटना का जिक्र किया जिसके कारण उन्हें बेघर होना पड़ा था, तब जाकर दादी ने मुझे पहचाना। मगर वह मेरे साथ आने के लिए तैयार नहीं थी। वह बोली 'सुखे पेड़ से किसी को छाँव नहीं मिल सकती. मुझे मेरे हाल पर छोड़ दो... चंद दिनों की बात

है. आखिर भगवान निष्ठुर तो नहीं है, बुला ही लेंगे।' मैं अपने निर्णय पर अडिग था. उनकी कलाई पकड़कर मैंने उन्हें उठाया। वह अपने साथ मुझे अपनी झुग्गी में ले गयी। बात चीत के दौरान पाया कि दादी की याददाश्त क्षीण हो गयी थी, अतीत ओझल सा हो गया था। मैं उन्हें एक-एक दिन की बात याद दिलाता गया, धीरे-धीरे उन्हें सब कुछ याद आता गया.... दादी ने एक पुरानी कथरी निकाली, गंदा, तेलचिट्टा, जगह-जगह पैबंद लगा हुआ कथरी का कोना-कोना टटोलने के बाद दादी ने मुझे कथरी फाड़ने को कहा।

अवाक् होकर मैं कथरी को देखता रहा। दादी ने कहा- फाड़ दे। टुकड़ा टुकड़ा कर दे, जो कहती हूँ सुन।"

मैंने कथरी को फाड़ डाला, कई टुकड़े कर दिए। कथरी के भीतर से सोने का एक हार निकल आया। यही वह हार है। दादी ने इसे मेरे हाथ देकर कहा-'ले इसे संभाल कर रख यह मेरी शादी का हार है, तेरी दुल्हन के लिए रखा था।"

फिर पोटली से एक कागज निकालकर दादी ने कहा-'देख इसे । इसमें मैंने अपनी इच्छा लिख रखी थी।'

उल्लास, ग्लानि, श्रद्धा, अनुकंपा, अनुताप आदि तमाम भावनाओं से उत्पन्न आवेग ने मेरे हृदय को झकझोर कर रख दिया। कुछ खामोशी के बाद दादी बोली'ले ले इसे रख ले क्या सोच रहा है. इसे बहू को पहनाना। मेरा आशीर्वाद है यह।'

बहू शब्द सुनते ही मेरा माथा ठनका शरीर सिहर उठा, मैंने संकोच से पूछा-दादी यह बताओ कि महरी बहू के साथ मेरे पिताजी का क्या संबंध था?"

दादी का खिला हुआ चेहरा औचक मुरझाया। कुछ देर गंभीर रहने के बाद हठात् मुस्कराकर उन्होंने पूछा-खून का रंग क्या है?'

मुझे अपना बाल्यकाल याद आ गया। आह्लादित होकर मैं बोला 'लाल! सिर्फ लाल। एकदम लाल।'

दादी ने कहा- " शाबास! फिर अपना तेवर बदल कर कहा जब तू पैदा हुआ था डाक्टर ने तेरी माँ को स्तनपान न कराने का हुक्म दिया था..... तेरी माँ को टी. वी. हो गया था। तेरी जान बचाने के लिए माँ के दूध की जरूरत थी... उस समय बहू उसी अस्पताल में थी। उसने एक संतान को जन्म दिया था। बहू ने जब सुना कि एक नवजात शिशु माँ के दूध बिना मरने की स्थिति में है तो उसने नर्स से कहलवाया कि वह दूध पिलाना चाहती है. उसने अपनी जात बता दी थी.....गरीब थी. दुबली पतली. भरपेट आहार नहीं जुटा पाती फिर भी वह दूध पिलाने के लिए आगे आयी.... एक साथ दो-दो बच्चे को उसने दूध पिलाया, उसके दूध से तू बच गया....वह तेरी जीवनदायिनी माँ है, माँ का दूध एक जैसा होता है रे माँ सिर्फ माँ होती है. पिता-पिता नहीं बन सकता मगर कोई माँ किसी और की माँ बन सकती है. यह औरत जात की खूबी है, मातृत्व उसका धर्म है और मातृत्व ही उसकी जात होती है.... तूने किसी जात का दूध नहीं पिया था. तूने माँ का दूध पिया था, उसी के दूध से तेरा खून बना है.... उस खून का रंग लाल है, हर माँ की संतान का खून लाल होता है... तूने जो दूध पिया था तेरा पिता उस कर्ज के अहसान से लदा था।"

दादी शांत हो गयी थी। मेरे मन का बोझ उतर गया था किन्तु भावुकता से मेरा हृदय भारी हो उठा। बहू अब इस दुनिया में नहीं रही वर्ण मैं उसका चरण स्पर्श करने पहुँच जाता।

बहू की मौत की ख़बर मैंने दादी को नहीं दी थी उल्टा झूठ बोला था। कि वह ठीक है क्योंकि उस खबर से वह आहत होती।

अल्पकालीन नीरवता के बाद दादी ने कहा अपनी माँ से बहू की बात समझबूझ कर तू ही बता देना उसका भी भ्रम दूर हो जायेगा।' मैंने अवाक् होकर पूछा- क्या ? अब तक माँ को मालूम नहीं? क्यों? यह कैसे संभव ?

आश्चर्य चकित होकर दादी ने मुझे देखा फिर कहा- तेरे जन्म के एक महीने बाद तेरी सगी माँ चल बसी थी, यह तेरी दूसरी माँ है। तू जब एक साल का था तब तेरे पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। तब तक तुझे मैं रोजाना बहू के पास छोड़ आती रही, वही देखभाल करती रही...... तेरी माँ एक कट्टर ब्राह्मण की बेटी है, वह जात-पात, ऊँच-नीच मानती है, 'बहू' की बात बता देने से आफत आ सकती थी, हो सकता था कि वह तुमसे नफ़रत कर बैठती।

दादी की बात सुनकर मैं सातवें आसमान से गिरा। मुझे लगा कि मैं विकट झंझावत में फँस गया हूँ, मुझे लगा कि मेरे पैरों के तले जमीन खिसक रही है, मेरा सकल वजूद चरमराने लगा।

मैं माँ की उम्र के साथ अपनी उम्र का फ़र्क उंगलियों पर गिनने लगा, देखा ठीक तो है, वह मुझसे बीस साल की बड़ी है, मैं अपने चेहरे की तुलना छोटे भाई से करने लगा देखा हम दोनों पिता पर ही गए हैं। मैं माँ का प्यार व बर्ताव मेरे लिए तथा छोटे भाई व बहन के लिए कैसा है याद करने लगा, देखा कहीं कोई पार्थक्य नहीं है। दादी की बात मैं हरगिज मानने को तैयार नहीं था। मैंने कहा-दादी तुम मजाक कर रही हो।'
दादी ने कहा-'सच एकदम सच। यह जानकर मुझे प्रसन्नता हो रही है कि इस क्रूर सच्चाई को तेरी माँ ने तुझे जानने नहीं दिया जबकि उसकी अपनी संतान भी है.... शायद यही वज़ह थी कि उसने मुझे घर से निकाल दिया था... ख़ैर! अब तू लायक बन गया है, समझदार हो गया है, तू उसका साथ कभी न छोड़ना।'
मैंने कहा-'दादी वृक्ष कभी वृक्ष की छाया से अलग नहीं हो सकता।"

दादी को मैं अपने साथ ले आने के लिए जिद्द करता रहा मगर उसने मेरी बात नहीं मानी।
इस हार को जेब में रखकर मैंने कहा-दादी एक लड़की से मेरा ...... मेरे साथ वह यूनिवर्सिटी में पढ़ती थीं, माँ को पसंद है, तुम्हें भी पसंद आयेगी....जाड़े में उसी के साथ शादी होनी है, तुम मेरे साथ चलो, अपने हाथ से उसे पहना देना।'
थोड़ी देर के लिए दादी सोच में पड़ गयी फिर बोली-'इस खुशखबरी से मेरा मन भर गया, तुम सब खुश रहो, मुझे इसी मंदिर में पड़े रहने दो, भगवान के नाम में बड़ी शांति है, भगवान का नाम जपते-जपते मुझे शांति से स्वर्ग जाने दो.....पिता-माता को मेरा आशीर्वाद कह देना ।'

मगर दादी की खबर और उनका आशीर्वाद मैं अपने पिता को सुना न सका था.... जिस दिन मैं घर लौटा पिताजी का मृत देह मेरे इंतजार में था। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें देख मैंने मन ही मन कहा 'पापा मुझे माफ़ करना।'

'बहू' के संबंध में दादी के मुख से सुनी हुई बात दादी के आदेश के बावजूद अपनी माँ से मैं कह न सका, यहाँ तक कि दादी से मेरी मुलाकात हुई थी इस बात को भी माँ से छिपाए रखना पड़ा क्योंकि मुझे भय था कि सब कुछ कह देने से मैं हमेशा के लिए माँ का प्यार खो बैठता ....वह मेरे लिए दूसरी माँ बन जाती....उसे खोकर मैं रिक्त नहीं होना चाहता था।
              --------- -----------------------

© सुभाष चंद्र गागुली
(कहानी संग्रह: सवाल तथा अन्य कहानियाँ से, प्रथम संस्करण: 2002, इसके कुल तीन संस्करण है ।)
** पत्रिका ' कथ्यरूप' ( सम्पादक: अनिल श्रीवास्तव ) अंक 28 वर्ष 2001मे प्रकाशित ।