Search This Blog

Tuesday, September 13, 2022

कहानी: दूसरी रामकली



रामकली की मौत के बाद चार-चार बेटियों को लेकर प्रदीप अजीब मुसीबत में फँस गया। उसकी माँ बूढ़ी हो चुकी थीं, अस्वस्थ भी रहतीं, उनसे अब कुछ भी नहीं होता। भाभियों ने कहा कि वे अपनी-अपनी गृहस्थी से ही फुरसत नहीं पातीं उसके बच्चों को कैसे सँभालेगी। प्रदीप बच्चों को लेकर अपनी ससुराल पहुँचा तो रामकली की विधवा माँ ने 'रामकली का हत्यारा' कह के मुँह पर दरवाज़ा बन्द कर दिया।

प्रदीप के घरवाले रामकली की तेरही समाप्त होने से पहले ही लड़की की तलाश में लग गये थे मगर रामकली की व्यथा-कथा और अस्पताल से उसके फ़रार हो जाने की ख़बर किसी से छिपी नहीं रही। उसके उस क्रूर आचरण के कारण उसने सभी की हमदर्दी खो दी थी लिहाजा लड़की ढूँढ़ने के लिए एड़ी चोटी का पसीना एक करना पड़ा। दो-ढाई वर्ष तक प्रदीप की बूढ़ी माँ को बच्चों की देखरेख करनी पड़ी।

आख़िरकार प्रदीप का दूसरा विवाह तय हो गया। एक वृद्ध अपनी विधवा बेटी श्यामा को देने के लिए राजी हो गये। मगर श्याम को यह प्रस्ताव नागवार था । श्यामा अब बत्तीस वर्ष की हो चुकी थी। पन्द्रह वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी मगर दुर्भाग्य से हफ़्ते भर बाद उसका पति ट्रक से दबकर चल बसा था।

ट्रकवाले को पकड़ लिया गया था, वह छूट भी गया था किन्तु श्यामा को कहीं से एक धेला नहीं मिला था। तभी से श्यामा अपने ग़रीब बाप के पास रहकर वीरान सी जिन्दगी बीता रही थी। एक छोटे-से स्कूल से श्यामा मात्र दो सौ रुपये पर आया। का काम करती, कभी-कभार शादी-ब्याह में बावर्ची के साथ पूड़ी बेलने का काम भी कर कुछ कमा लेती।

श्यामा अपनी हालात के साथ समझौता कर चुकी थी। दूसरी शादी के लिए वह हरगिज़ तैयार न थी और उसने कड़े शब्दों में अपनी आपत्ति व्यक्त की थी किन्तु उसके माता-पिता ने समझाया- “हम बूढ़े हो रहे हैं, हमारी मौत के बाद तुम्हें कौन देखेगा ?”

श्यामा ने कहा था अभी आप लोग कहाँ जा रहे हैं ? तब तक मैं बूढ़ी हो जाऊँगी ? पिता ने समझाया- "बेटी! जीवन का क्या भरोसा ? हम उल्टी गिनती गिन रहे हैं। कभी भी मर सकते हैं। हमारे मरने के बाद तुम्हारा क्या होगा ? कौन देखेगा ? वैसे भी तुम घर कहाँ बसा पायी ? दुबारा घर बसाने की कोशिश करो, वे लोग पैसेवाले हैं, सुखी रहोगी।"

श्यामा ने गिड़गिड़ाया- "बाबू जी हमें सजा मत दीजिए। चार-चार बेटियाँ संभालनी है। मुझसे नहीं होगा यह आदमी और उसके घरवाले ठीक लोग नहीं है। उन लोगों ने रामकली को मार डाला है, हमें भी मार डालेंगे। मुझे मेरे हाल पर छोड़ दीजिये।"

श्यामा की माँ बोली- "बेटी तू अब बच्ची नहीं है, समझदार भी है, स्कूल जाती है, दस पढ़े-लिखे लोगों के संग उठ-बैठ चुकी है, तू बुद्धि से काम लेना तू बेवा है, हम तेरी शादी न रचाते मगर हमारे बाद तुझे कौन देखेगा ? यह दुनिया बड़ी जालिम है, तू अकेली नहीं रह पायेंगी । तुझे सब नोंच-नोचकर खायेंगे, दर-दर ठोकर खायेगी।” 

आखिरकार, श्यामा को अपनी सहमति देनी पड़ी थी।

शादी के लगभग दो बरस बाद श्यामा की कोख में बीज अंकुरित होने लगा। किन्तु इस बार प्रदीप के घर की स्थिति भिन्न थी। इस सम्बन्ध में किसी की कोई दिलचस्पी नहीं थी जबकि श्यामा ने अनचाहे ही लोगों के सामने कई बार उल्टी भी की थी। 

प्रदीप की माँ को इस बीच फालिज पड़ चुका था। वह हिलने-डुलने की स्थिति में नहीं रही। रौबीले पिता घर के एक कोने मसनद पर सीना चिपकाए फूलते साँस के दर्द को रोकने की कोशिश करते रामकली की बेटियाँ जो उनकी मदद में लगी रहती उन्हें प्रिय हो गयीं। उन्हें देख वे मुस्कुराते और सूखी हथेलियों को हिलाकर घड़ी-घड़ी आशीष देते।

रोगग्रस्त सास-ससुर के निकट बहुएँ अपने बेटों को नहीं जाने देतीं भूल से अगर कोई पोता उनके पास पहुँच जाता तो उसकी माँ चीख उठती- "कहना नहीं मानता कमीना, चमड़ी उधेड़ लूँगी तब समझेगा। कितनी बार समझाया कि वे लोग बीमार हैं तू बीमार पड़ जायेगा, बात नहीं मानता, आ तुरन्त आ।" और बेटा अगर अनसुनी कर देता तो उसकी माँ दनदनाती हुई कमरे में पहुँचती और बेटे को घसीटते घसीटते बिलबिलाती-"यह कैसा प्यार पोते का अगर भला चाहते हैं तो मत आने दीजिए अपने पास।"

घर में तीन बहू के तीन चूल्हे बन चुके थे। खेत चार भाई के नाम दो-दो बिसवा जमीन बँट चुकी थी और श्यामा के घर आने के दो दिन बाद श्यामा को चौका-चूल्हा थमा दिया गया था।

श्यामा की सन्तान संभावना से एक अकेला प्रदीप उत्साहित हो उठा। उसे फिर से आँगन में पुत्र दिखाई देने लगा। प्रदीप श्यामा के लिए साड़ी, सोने का झुमका और पायल खरीद लाया और उसे देते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। श्थामा ने कहा "आपको फिजूलखर्ची नहीं करनी चाहिये हमारी चार-चार बेटियाँ है, उन्हें पढ़ाना लिखाना है, उनकी शादी करनी है, उनके लिए रुपये जोड़िये।"

प्रदीप आगबबूला हो गया- "ठीक से बात किया करो, लगता है तुम्हारी माँ ने तमीज नहीं सिखायी है, औरत हो औरत की तरह रहा करो। कहाँ तुम्हें खुश होना चाहिये, उल्टा बेतुकी बातें कर रही हो, बाप के घर में ऐसी साड़ी देखी भी न होगी और न ही तुम्हारे पहले पति ने ऐसा सामान दिया होगा। गँवारू जाहिल औरत! मिजाज खराब कर दिया, सारा मजा किरकिरा कर दिया।"

श्यामा ने उग्र रूप धारणकर लिया-"आपने मुझे रामकली समझ रखा है क्या? मैं श्यामा हूँ श्यामा। अपना भला-बुरा खुद तय करूंगी। अपनी गृहस्थी जैसा मैं चाहूँगी वैसा चलाऊँगी। मेरे साथ रहना हो तो ठीक से बर्ताव करियेगा वर्ना में घर छोड़कर चली जाऊँगी या अपने बदन में आग लगाकर जान दे दूँगी।"

प्रदीप ने अपना हाथ उठा लिया था मगर श्यामा की आँखों में खून उतरते देख वह सहम गया।

हफ़्ते भर बाद श्यामा चारों बेटियों को लेकर अपने मायके गयी। पन्द्रह दिन बाद जब वह लौटी तब प्रदीप ने उसे एक बड़ा सा गुड्डा भेंट किया। श्यामा ने अवाक् होकर पूछा- "इसे मुझे क्यों दे रहे हैं ?"

प्रदीप ने कहा- "बुद्ध ! जब तक पेट में बच्चा रहे इसे देखती रहना, मन प्रसन्न रहेगा और ऐसा ही गुड्डा जन्मेगा ।"

श्यामा ने गम्भीरता से उत्तर दिया-"मायके गयी थी वहीं मैंने दाई से अपनी सफाई करवा ली है। नसबन्दी करवा लीजिए, जब तक नहीं करवाते मैं गर्भ निरोधक लेती रहूँगी ले आयी हूँ।"

प्रदीप ने चीत्कार किया- "क्या ? मुझसे पूछे बगैर ? तेरी ये हिम्मत ?” और फिर उसने हाथ उठा लिया। श्यामा ने हाथ पकड़कर मुस्कुराकर कहा-"मैंने पहले ही आपसे कह दिया था मुझे रामकली मत समझियेगा। सुनिए! बेटे की आस में फिर अगर एक दो बेटियाँ आ जायें तो मुसीबतें बढ़ेंगी। बेटे और बेटी में आजकल कोई अन्तर नहीं है, बेटियाँ माँ-बाप का ख़्याल कम नहीं रखतीं और दूसरी बात मुझे भय है कि अपनी सन्तान को जन्म देने से मैं रामकली की बेटियों की सौतेली माँ बन जाऊँगी। इसलिए मैंने तय किया है कि मैं कभी भी सन्तान को जन्म नहीं दूँगी। अब आप जैसा कहिए, अगर आप कहें तो मैं घर छोड़कर ? ........"

थोड़ी देर खामोश रहने के बाद प्रदीप ने करुण मुस्कान के साथ श्यामा को गले लगा लिया। 

© सुभाष चंद्र गाँगुली 
( "कहानी की तलाश" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2006)

कहानी: रामकली



डिलेवरी के सम्बन्ध में मेरी पत्नी अस्पताल में एडमिट थी। पार्ट पेयिंग कमरा था। आने-जाने पर ख़ास रोक-टोक नहीं थी, बस जब-जब डॉक्टर के आने का टाइम रहता. बाहरी लोग कमरे से थोड़ी देर के लिए निकल जाते। मैं भी घूम फिरकर पत्नी के पास चक्कर काटता। मैंने गौर किया कि प्रदीप जब कभी बाहर से भीतर प्रवेश करता 'रम्पो' 'रम्मों' करके चिल्लाता और उसकी कर्कश आवाज तथा विचित्र-सा सम्बोधन सबका ध्यान आकर्षित करता। हालाँकि यह साफ़ था कि वह अपनी पत्नी को ही पुकारता पर जाने किस धुन में मैं पूछ बैठा था-"भाई साहब! आप 'रम्मो' 'रम्मो' क्यों रटते रहते हैं ? क्या आप राम जी यानि भगवान् श्री राम को संकट में याद कर रहे हैं ?" पूछने की देर नहीं कि वह मेरे ऊपर बरस पड़ा-"आपको क्या प्रॉब्लम ? प्रॉब्लम हो तो ले जाइए ना अपनी बीबी को किसी प्राइवेट रूप में, किसने रोका है ? इस रूम के लिए मैं भी उतना ही रुपया देता हूँ जितना आप देते हैं, समझे!"

प्रदीप को गरम होते देख मैंने कहा 'सॉरी' मगर उसके बावजूद उसने मुझे इतनी खरी-खोटी सुनायी कि कमरे में शान्ति बहाल करने के लिए मैंने माफ़ी माँग ली। चूँकि हम दोनों की समस्याएँ एक जैसी थी और हम दोनों एक ही उम्र के थे हम दोनों में शीघ्र ही मित्रता हो गयी।

जिस समय हम दोनों की पत्नियों को डिलेवरी रूम के बगलवाले हॉल में ले जाया गया हम दोनों अस्पताल के बाहर एक चाय की दुकान पर आकर बैठ गये! हम दोनों में तरह-तरह की बातें होने लगीं। अपनी पत्नी को प्रदीप 'रम्मो' कह के क्यों पुकारता इसका बखान करते हुए उसने लम्बी-चौड़ी कहानी सुनायी- "जब मैं हाई स्कूल का स्टुडेण्ट था तब हमारी शादी हुई थी... .."
 बात काटकर मैंने पूछा- "क्या ? इतनी कम उम्र में ?” 
प्रदीप ने सहजता से उत्तर दिया- "गाँवों में खाने-पीने की तो कमी नहीं रहती, बड़े बुज़ुर्गों का हड़कम्प रहता है, वे लोग पुराने ख़्याल के हैं. बात सुनिए !....... पिछले छह वर्षों में मेरी पत्नी ने चार बेटियों को जन्म दिया है, लड़कियाँ ......हाँ रम्मो की ही लड़कियाँ होने के कारण मेरे परिवार, गाँव, बिरादरी में हम पति-पत्नी की कोई कदर नहीं है, मेरे माता-पिता उससे नफ़रत करते हैं, बात-बेबात मेरी बेटियों पर बरसते, दुर दुर करते, मेरी बेटियों के सामने मेरे भाइयों के बेटों को गोद में खिलाते, दुलार देते....... भाईयों की पत्नियों को प्यार से पुकारते, उनके लिए 'रामू की माँ', 'बबलू की माँ, 'चन्दा की माँ' कह के औरों से परिचय करवाते पर मेरी पत्नी के लिए कहते 'इ प्रदीपवा की औरत बा' ..एक बार का एक अजीब किस्सा सुनाऊँ। मैं अपनी पत्नी के साथ साल साहब के घर पहुँचा तो पता चला कि सलहज अस्पताल में भर्ती है और उसकी डिलेवरी हुई है। मैंने जब पूछा लड़का जन्मा या लड़की तो वह मुँह बनाकर बोले "क्या बताऊँ शर्म के मारे मेरा सिर झुका जा रहा है, नाक कट गयी है, मुँह दिखाने लायक नहीं रह गया हूँ।" 
मैं घबरा गया, सोचा शायद हिजड़ा जन्मा है. .. काफ़ी देर बाद जब वह बोले "लड़की हुई है" तो मुझे बेहद क्रोध आया फिर भी खुद को संयत रखकर बोला "इसमें शर्म की क्या बात है आपके दो बेटे हैं ही,अच्छा हुआ बेटी हुई है।" फिर जब हम अस्पताल पहुँचे तो देखा सलहज ने बेटे को जन्म दिया है.. ....... आप ही बताइए उन्होंने मुझे क्यों जलील किया ? घर तो घर, मेरे यार-दोस्त मुझे ताना मारते हैं, अक्सर वे कहते हैं- "हमनि शरेन बा शेर, हमनि तीन-तीन लइका बा, इ सरवा लोमड़ी बा"......... आप ही बताइए अगर मैं लड़के का बाप नहीं बन पाया तो इसमें मेरा क्या क्या क़सूर ? इस बात को सभी जानते हैं लड़का अपने हाथ में नहीं है पर पता नहीं क्यों कोसने में और बेइज़्ज़त करने में कोई पीछे नहीं रहता। गाँव में तो चलिए या तो लोग थोड़ा-बहुत पढ़े-लिखे हैं या अशिक्षित हैं मगर शहरों में भी ऐसी ओछी बातें हुआ करती हैं, जाने कब लोग सुधरेंगे ?"

बात करते-करते प्रदीप भावुक हो उठा। थोड़ी देर चुप रहने के बाद उसने यकीन के साथ कहा- "मगर इस बार मैं लोमड़ी से शेर बन जाऊँगा।” मैंने पूछा- "कैसे पता ? अल्ट्रासाउण्ड करवाया था क्या ?"

उसने जवाब दिया- "नहीं, उससे बच्चे को ख़तरा रहता है, ज्योतिषियों ने मेरी और पत्नी की कुण्डली देखी है, यह देखिए मैंने तीन-तीन नग पहन रखे हैं, पत्नी ने नीलम पहना है, नगों को पहनने के लिए मैंने कोऑपरेटिव से कर्जा लिया था, इस बार लड़का ही होगा........मेरी पत्नी का नाम है रामकली, इधर कुछ दिनों से उसे मैं 'रम्मो' कहने लगा हूँ।" मुझे हँसी आ गयी। मैंने पूछा “उछलने लगा है क्या ?"

अचानक मेरे मन के भीतर का चोर भयभीत हो उठा, बेटे की तमन्ना प्रदीप से कम नहीं थी, प्रदीप को तसल्ली देते हुए मैंने कहा- "इस बार आपकी पत्नी को पुत्र लाभ होगा, मेरा मन बोल रहा है. .. पिछली मर्तबा जब मेरी पत्नी यहाँ आयी थी मैं एकदम निश्चिन्त था कि लड़का जन्मेगा, उसकी सेहत देखकर सभी औरतों ने कहा था लड़का होगा मगर लड़की जन्मी, इस बार फिर औरतों ने जोर देकर कहा है लड़का ही होगा, मैं भी उम्मीद लगाए बैठा हूँ, सुबह-शाम ऊपरवाले से प्रार्थना करता हूँ, अब देखिए क्या होता है ?"

और ठीक उसी वक़्त मेरे एक परिचित ने ख़बर दी "आज गुरुवार दोपहर को लक्ष्मी आयी है, बधाई हो!” "धन्यवाद" मैंने मुस्कुराकर कहा और अपनी नाखुशी को चेहरे पर प्रकट नहीं होने दिया।

मैं अस्पताल के भीतर पहुँचा। थोड़ी देर बाद जब लेडी डॉक्टर बाहर निकली मैंने उनसे अनुरोध किया- "डॉक्टर साहब! अभी लगे हाथ नसबन्दी का ऑपरेशन भी कर दीजिये, सुविधा होगी।" डॉक्टर ने उत्तर दिया-"अभी तो दो ही सन्तान है, दोनों ही लड़की,सोच लीजिए, जल्दी क्या है, सोच समझकर निर्णय लीजियेगा, बाद में अफ़सोस न हो।" -
“मैंने सोच लिया, सोच-समझकर निर्णय लिया है, हमने पहले से ही सोच रखा था लड़का हो या लड़की दो के बाद नहीं," मैने कहा । डॉक्टर ने फिर कहा-"देखिए बाद में पछत न हो, पत्नी से मशवरा कर लीजियेगा, दोनों की सहमति होनी चाहिये।" 
मैंने कहा-"यह निर्णय हम दोनों का है, लड़के की चाहत सभी को रहती है, मुझे भी है, आखिर मैं भी हाड़-माँस का हूँ, मेरी पत्नी की इच्छा तो मुझसे भी प्रबल है मगर मन की हर मुराद पूरी कहाँ होती। बेटे के चक्कर में परिवार बढ़ाकर हम अपना कष्ट नहीं बढ़ाना चाहते वैसे भी आजकल बेटी और बेटे में ख़ास फ़र्क नहीं रह गया है, योग्य बेटी बेटा समान होती हैं, बस आप हमें आशीर्वाद दीजिये हमारी बेटियाँ आप जैसी काबिल हो।"

थोड़ी देर बाद रामकली को डिलेवरी रूम के भीतर ले जाया गया, प्रदीप बरामदे के एक कोने फर्श पर बैठा था। भय, चिन्ता, उम्मीद तमाम भावनाएँ उसके चेहरे पर एक साथ दिखने लगीं। उसकी व्याकुलता देखकर मुझे दया आ रही थी और साथ-साथ क्रोध का कारण भी था। रामकली ने अपना दुखड़ा मेरी पत्नी को सुनाया था। अपनी विवशता के लिए रामकली प्रदीप को दोषी मानती।

रामकली जब मात्र चौदह बरस की थी तभी उसे दुल्हन बना दिया गया था। उस समय वह अपनी साड़ी भी नहीं संभाल पाती थी। दो बरस बाद उसका गौना हो गया था। जब वह पहली मर्तबा गर्भवती हुई थी उसकी सास खुश थी, उससे कोई काम नहीं लेती, आये दिन उसके मनपसन्द व्यंजन पकाकर खिलाती रामकली ने कहा था पहली गोदभराई के अवसर पर खूब धूम मची थी, घर में उत्सव जैसा माहौल था, सास ने अपने हाथों से कंगन पहनाया था, ससुर ने गले का हार भेंट किया था, घर पर लेडीज संगीत हुआ था, महिलाओं ने खूब चुहल लिया था, मंगल कामनाएँ की थीं, कईयों ने उसकी कलाई पकड़कर माथा चूमा था, सबों ने बेटे की कामना की थी। उस समय उसे लगा था वाकई में जिन्दगी बहुत ख़ूबसूरत है। शायद जिन्दगी का सबसे हसीन लम्हा वह होगा जब उसकी कोख में पल रहा शिशु भूमिष्ट होगा। मगर बेटी के जन्मते ही उसका सारा सपना चूर हो गया था, सुख गुम हो गया था, जिन्दगी में अजीब-सी नीरवता छा गयी थी। बेटी और बेटे का फ़र्क सामने आ गया था।"

रामकली ने कहा कि पहली कन्या घुटनों के बल उठी भी न थी कि वह दुबारा गर्भवती हो गयी थी। उसके सास, ससुर और पति को दुबारा आँगन में लड़का नज़र आने लगा था, सभी लोग उसका ख्याल रखने लगे किन्तु लड़की के जन्म के बाद फिर मायूसी छा गयी थी और उसके बाद तो उसकी जिन्दगी जानवर से भी बदतर हो गयी थी। सन्तान को जन्म देना और उसे भगवान् के भरोसे छोड़ देना, शायद जानवर भी बेहतर होते हैं, कम से कम नर और मादा का भेद तो नहीं जानते। तीसरी कन्या के जन्म के बाद उसके साथ वैसा सलूक होने लगा मानो उसने कोई कत्ल किया हो। सौरी भी समाप्त न हुई थी कि उसे घर का सारा काम-काज सँभालना पड़ा था। नवजात शिशु पाखाना करके पूरे बदन में मैल लगाकर पड़ी रहती पर कोई झाँकने नहीं जाता। पति की बेरुखाई की भी सीमा न थी। कारण-अकारण झगड़ा करता, बच्चों को मारता यहाँ तक कि रामकली पर भी हाथ चला देता। लड़का न होने के कारण वह रामकली को ही कोसता और प्रायः कहता "तोर माई को चार-चार लौडियों के बाद लौड़ा मिला रहा तोहर इत्ता जल्दी लौंडा कहाँ से होई, बच्चा तू पैदा करत है तोहरे में कमी है।" रामकली ने कहा था जब चौथी बार उसने प्रदीप से गर्भपात की बात कही थी तव प्रदीप ने नाराज होकर कहा था "औरतन का काम है बच्चा पैदा करना एमे परेशानी का कौन बात है, समाज मा अभिन हम मुँह दिखाई लाइक नहीं भये हैं।" और जब प्रदीप ने रामकली के गर्भपात कराने की इच्छा की बात अपनी माँ से कही तो रामकली की सास इतनी बिगड़ गयी कि उसने अपने बेटे की दूसरी शादी कर देने की धमकी दे डाली।

एकाध घण्टे बाद पता चला कि रामकली ने लड़की को जन्म दिया है लेकिन उसकी हालत खराब है, खून और दवाइयों की जरूरत है। सुनने में आया की प्रदीप को ढूँढ़ाई हो रही है। नर्स ने मुझसे प्रदीप के बारे में पूछा, उसने यह भी सूचित किया कि कुछ समय पहले तक प्रदीप बरामदे में ही बैठा हुआ था, उसे बेटी होने की खबर भी दी गयी थी। मैं प्रदीप की खोज में निकला। अस्पताल परिसर और उसके इर्द-गिर्द वह नहीं दिखायी पड़ा।

सहमी, सकपकायी रामकली की आँखों से आँसू बहने लगे। उत्पीड़न और यन्त्रणा ने उसे समय से पहले ही बूढ़ा बना दिया था, अब उसे डर लगने लगा कि आगे आनेवाले दिन और बुरे होंगे। रामकली ने दबी जुबान से कहा-"मेमसाहब! हमार सास हमका मार डाली, हमार मरद दूसर ब्याह कर लेई, आप हमार जान लै लै हमका घर न भेजे.... ." रामकली बुदबुदाती रही, उसकी आवाज अस्पष्ट, क्षीण होती गयी। फाटक के पास जाकर डॉक्टर ने आवाज लगायी "मिस्टर प्रदीप मिस्टर प्रदीप "

'....... रामकली के साथ कौन है ? कौन है रामकली के साथ ?" 
 उत्तर न पाकर डॉक्टर ने रामकली को उसी के हाल पर छोड़ दिया, और अपने कक्ष में चली गयी।

प्रदीप की 'रम्मी' फिर से रामकली बन गयी। वह किसी की बेटी थी, पत्नी, बुआ, भाभी, मौसी, चाची, ताई और न जाने क्या-क्या थी मगर अब उसकी हालत ट्रक में दबी सड़कछाप जानवर जैसी हो गयी थी। पूरी ताकत के साथ उसने चीखा। उसका दर्द अस्पताल की दीवारों ने दर्ज किया, बिस्तर के सफेद चादर ने अबला के शेष बचे खून को मानचित्र बनने दिया.....माँ से लिपटी भूमिष्ट शिशु अपना रोष प्रकट करने लगी, बच्ची ने मुट्ठियाँ भींच ली और भारतनुमा मानचित्र में दाग बनकर वह मृत शिशु सबका ध्यान आकृष्ट करने लगी।

© सुभाष चंद्र गाँगुली 
( "कहानी की तलाश" कहानी संग्रह से, प्रथम संस्करण: 2006)

Tuesday, September 6, 2022

कहानी- दस्तक


सुमिता ने विदेश जाने की अपनी तैयारी पूरी कर ली। दो घण्टे बाद उसकी फ्लाइट है। राहुल ने एक बार फिर रिक्वेस्ट किया "मुझे इस हाल में छोड़कर मत जाना प्लीज। तुम्हारी ज़रूरत है।"

-"क्यों ? मेरी क्या ज़रूरत ? किस चीज की कमी है ? रुपये पैसे की दिक्कत हो तो डैडी से माँग लेना।"

काल बेल बजी। विमला ने फाटक खोला। सुमिता के पिता अजयबाबु भीतर आये। उन्होंने पूछा - "जमाई बेटा कैसी तबियत है ? कुछ बेहतर महसूस कर रहे हो ?" सुमिता बौखला उठी-"कैसा है क्या ? ठीक है। अभी तो फोन किया था आपने। खामखाह काम-काज छोड़कर चले आते हैं।"
-"खामख्वाह ? क्या बकवास करती है? मैं तो सोच रहा हूँ काम-काज का जिम्मा सेक्रेटरी को देकर यहीं आकर रहूँ।"
-"हूँ! आप क्या तान्त्रिक हैं कि झाड़-फूँक से ठीक हो जाएगा ? जब प्लास्टर खुलेगा तो ठीक हो जाएगा। फ़ालतू टेंशन पालते हैं। "
पिता अपनी बेटी को अवाक् होकर देखते रहें। ज्यों ही उनकी निगाहें सामान पर पड़ी उन्होंने पूछा- "यह क्या ? कहाँ की तैयारी है ?"
- "टोकियो जा रही हूँ, मिस जापान कम्पीटिशन में हाँग काँग भी जाना है।”
-“दया नहीं आती तुमको ? राहुल के पूरे शरीर में बैंडेज बँधा हुआ है, वह मौत से लड़ रहा है और तुम सैर-सपाटा करने चली ? अभी तो दो साल पहले तुमने 'अराउण्ड 'द वर्ल्ड' प्रोग्राम बनाकर दो दर्जन देशों का भ्रमण किया था "

बिना उत्तर दिये सुमिता टॉयलेट में चली गयी। अजय बाबू बुदबुदाते रहे-"बड़ी अजीब-सी लड़की है। लाड़-प्यार से बिगड़ गयी है। बारह साल की थी तभी माँ चल बसी थी। मेरी माँ ने उसे पाल-पोसकर बड़ा किया। सुमिता को मैं डाँटता वह मुझ पर पिल पड़ती। क्या करूँ कुछ समझ में नहीं आता।"  

राहुल चुप था। असहाय, लाचार। वाकई सुमिता की दुनिया निराली है। उद्योगपति पिता की सम्पत्ति का गुमान तो है ही अपनी खूबसूरती पर इतना नाज़ है कि आई० ए० एस० पति को दो कौड़ी का समझती है। जाने कितने अवसरों पर उसने पति को अपमानित किया, पार्टियों में अपनी सहेलियों से परिचय तक नहीं करवाया। राहुल ने कई बार उसे टोका भी था मगर हर बार सुमिता ने दम्भ से कहा था-"पति के नाम का सहारा कमजोर औरतें लिया करती हैं।"

राहुल को खरी-खोटी सुनने की आदत पड़ चुकी थी। उसने कभी झंझट-बखेड़ा नहीं मोला बल्कि हमेशा उसे सहा, हमेशा उसने कहा- "तुम नादान हो, नासमझ हो ।” 

सुमिता टॉयलेट से निकली। अजय बाबू ने कहा-"तुम नहीं जाओगी।” 
सुमिता ने कहा- "डैडी प्लीज जाते समय मेरा मूड खराब न करिए। आपके लाडले दामाद के लिए डॉक्टर, अटेण्डेंट, नौकर-चाकर सब कुछ है, किसी चीज की कमी नहीं है, उसको सिर्फ़ आराम की जरूरत है, फ़ालतू बैठे-बैठे मैं क्या करूँगी ?"

- 'ह्वाट ? फ़ालतू ? वह बेचारा लाचार है, अपाहिज जैसा है और तुम कहती हो फ़ालतू क्या करोगी ?"

- "कम ऑन डैड, नाऊ यू टेल मी, मैं क्या करूंगी ? यहाँ बैठकर क्या करनाचाहिए ? .......आपको मालूम है ना जापान में कम्पीटिशन होनेवाला है, उसके लिए मुझे जज बनाया गया है ......बड़े भाग्य से ऐसे अवसर मिलते हैं, उसे क्या मैं व्यर्थ गँवा दूँ ?”

-“स्टुपिड ! लगता है तुम्हारा दिमाग वाकई ख़राब हो गया है, प्यार तो दूर हमदर्दी तक नहीं है उससे ? तुम उसकी धर्मपत्नी हो, तुम्हारा फ़र्ज क्या है यह भी सिखाना पड़ेगा ? . तुम्हें क्या करना चाहिए यह तुम्हें मालूम रहना चाहिए। क्या तुम्हें यही शिक्षा दी गयी थी ?.......... नहीं लगता है कि तुम उस माँ की बेटी हो जो मेरी ज़रा-सी छींक पर परेशान हो जाया करती थी।"

-"डैड प्लीज! मुझे रोकिए नहीं। मुझे जाना ही है। मैं आप जैसे सेण्टिमेण्टल नहीं हूँ और ना ही माँ जैसी दासी। मैं प्रैक्टिकल हूँ।"
सुमिता ने घड़ी देखी फिर तनफनाती हुई गाड़ी में बैठ गयी।

अजय बाबू का चेहरा लाल हो उठा, होंठ थरथराने लगे। दो कदम आगे बढ़कर उन्होंने चीत्कार किया- "सुमिता । तुझे मेरी कसम, अपनी भलाई चाहती हो तो मत जाओ, आई वॉर्न यू, मैं अपना आपा खो बैदूंगा, तेरा बुरा होगा।"

सुमिता चीख उठी-"सॉरी डैड, यू आर बैक-डेटेड, आपके विचार दकियानूसी है, आज की नारी पार्वती और लक्ष्मी बनकर नहीं जीना चाहती है। जमाना बदल चुका है......."

बेटी के आचरण से पिता इतने मर्माहत हुए कि बहुत देर तक एकान्त में बैठकर वे ख़ुद को टटोलते रहे। क्या उन्हीं के लाड़-प्यार से सुमिता बिगड़ गयी है ? क्या दरअसल समाज में बदलाव आ गया है ?

कुछ देर के बाद राहुल के कमरे में आकर अजय बाबू बोले-"आई एम सॉरी माई सन, मगर मैं तुम्हारा साथ दूंगा, मैं तुम्हारे पास रहूँगा, तुम अकेला नहीं महसूस करोगे।" 

राहुल ने कहा- "डैडी आप परेशान मत होइये। सुमिता भोली है, नासमझ है, बदल जायेगी, थोड़ा वक्त लग सकता है। बड़े बाप की बेटियाँ ऐसी ही हुआ करती हैं पर घर गृहस्थी बसाने के बाद सभी बदल जाती हैं । सुमिता नारी है, नारी के गुण अपने आप प्रकट होते हैं. समय की बात है।"

अजय बाबू बोले-" नहीं बेटे, तुम बहुत नेक इंसान हो, इतना कुछ होने के बाद भी तुम बुरा नहीं मान रहे हो। तुम्हारा ससुर होने के नाते मैं बेहद शर्मिन्दा हूँ, दुःखी हूँ।" 

अपना काम-काज छोड़कर अजय बाबू दामाद के घर ठहरे। पत्नी की मृत्यु के बाद वे अकेले पड़ गये थे। राहुल का साथ अच्छा लगने लगा। वे राहुल को आप बीती सुनाते, अख़बार पढ़कर सुनाते और तरह-तरह से उसका मन बहलाते, खुण रखने की कोशिश करते। 

सुमिता के लौटने का समय बीत गया पर वह नहीं लौटी। राहुल ने कहा- "डैडी जरा सुमिता की ख़बर जानने की कोशिश कीजिए।"

अजय बाबू ने बेरुखी से कहा- "उसे उसके हाल पर छोड़ दो, जहाँ भी होगी, ठीक होगी....... वह है किस काम की ? सिरदर्द ! सिरदर्द है लड़की। निकम्मी, निखट्टू, होपलेस।”

चार-पाँच दिन बाद फोन आया- "मैं सुमिता की सहेली हाँगकाँग से । सुमिता दो दिन और रुकेगी। उसकी तबीयत अचानक ख़राब हो गयी है। उसने मुझसे कहा मिस्टर राहुल कैसे हैं पूछ लो ।”

राहुल ने भड़ाँस निकाली- “उससे कह दो मैं दौड़ने लगा हूँ। आराम से हूँ, उसके बिना रह सकता हूँ। मेरे बारे में सोचना बन्द कर दे।" राहुल ने फोन काट दिया।

सहेली के फोन आने के बाद राहुल का तनाव बढ़ गया। उसने रात को खाना नहीं खाया। अजय बाबू से उसने कहा भूख नहीं है, वह सोना चाहता है। अजय बाबू ने उसके मन में मची खलबली को पढ़ लिया पर उन्होंने कहा कुछ नहीं।

बिस्तर पर लेटे-लेटे राहुल एक के बाद एक सिगरेट सुलगाता रहा और रात-भर सुमिता के साथ बिताए हुए क्षणों को याद करता रहा। उसे इस बात पर अफ़सोस होने लगा कि ना-नुकुर करते-करते उसने विवाह के लिए अपनी सहमति क्यों दे दी थी ? राहुल को याद आया कि एक दिन उसने सुमिता को तलाक देने की धमकी दे डाली थी मगर अगले ही क्षण उसे अहसास हुआ था कि सुमिता को त्यागना उसके लिए नामुमकिन है। तमाम खट्टी-मिट्ठी यादों से गुजरते हुए हठात् वह चीख उठा-"सुमिता सुमिता !” चीख सुनकर अजय बाबू उसके पास पहुँचे-"क्या हुआ ? क्या हुआ ?"

राहुल निरुत्तर । पूस की सर्दी मगर राहुल पसीने से तर-बतर पूरे कमर में सिगरेट का धुआँ कुहासा जैसा छाया हुआ था, घायल सैनिक की तरह दर्द से कराहता राहुल फर्श पर पड़ा हुआ था।

अजय बाबू ने सहारा देकर राहुल को उठाया। पानी पिलाया, नींद की गोली दी। वे बोले-"तुम्हारी दुर्दशा के लिए मैं दोषी हूँ। तुम्हारी तकलीफ़ मैं समझता हूँ। तुम चाहो तो दूसरी शादी कर सकते हो। तलाक दिलवाने में मैं तुम्हारी मदद कर सकता हूँ।”

अजय बाबू का कण्ठ अवरुद्ध हो गया था। अगले दिन दोपहर को राहुल की नींद खुली। पिछली रात की घटना को यादकर वह शर्मिन्दा हुआ, उसने ससुर जी से क्षमा माँगने का मन बनाया। राहुल ने नौकरानी से पुछा ससुरजी कहाँ गये हैं तो उसने कहा "बड़े साब सुबे-सुबे निकल गइन। कहके गइन आपका खियाल रखा जाय। मेमसाहब लौट आइन हैं।"

-"क्या ?? कब लौटी ?" राहुल चौंका।

-“दुई घण्टा पहिले । आप सोवत रहे। आपके सिरहाने बैठिन, हालचाल पूछिन, कापी-किताब, दवाई - बवाई सिगरेट-उगरेट सब कुछ देखिन, नहाय-धोय के आपका जगावत रहिन पर हम जब बोले कि आप रात भर जागे रहे तो फिर नहीं जगाइन अब मेमसाहब आपन कमरे में लेटी हैं।"

राहुल पुनः भावुक हो गया। थोड़ी देर बाद उसने फोन पर कहा- "डॉक्टर साहब! काइण्डली मुझे फिटनेस सर्टिफिकेट दे दीजिए, मुझे लगता है मैं दफ़्तर ज्वाइन कर सकता हूँ। मुझे मदद करने के लिए कोई न कोई रहेगा।"
 डॉक्टर ने कहा- “आप एकदम से फिट हो जाइए, जल्दी किस बात की है ?"
-"डॉक्टर! बिस्तर पर पड़े-पड़े मेरा मनोबल टूट रहा है।"
- "ओ० के० ! अपना ख्याल रखियेगा।" आधे घण्टे बाद अजय बाबू घर पहुँचकर राहुल से बोले -"सुना कल से ऑफिस जाओगे ? सुना सुमिता आ गयी है ?"
-"जी, ऑफिस जाना चाहता हूँ। ऊब गया हूँ। जाऊँगा। सुमिता का आना न आना दोनों बराबर ।" अत्यन्त मायूसी से राहुल ने उत्तर दिया।

अजय बाबू की आँखें छलछला आयीं। उन्होंने कहा- "सुनो। अपना चाय बागान और अपना सारा कारोबार ट्रस्ट के नाम कर रहा हूँ। एक करोड़ रुपये से एक ट्रस्ट का गठन कर दूँगा जिसका उद्देश्य होगा अशिक्षित बच्चों को शिक्षित करना। उसमें एक ट्रस्टी तुम भी होगे। मथुरा के एक आश्रम से मेरी बात हो गयी है। दस लाख आश्रम फण्ड में दान करूँगा। बाकी जीवन वहीं बिताऊँगा।"

राहुल ने आश्चर्य व्यक्त किया-"डैडी! आपको क्या हो गया है ? यह सब क्या करने जा रहे हैं? अचानक इतने सारे निर्णय ? आपको गम्भीरता से सोचना चाहिए। फिर सोच लीजिए।” अजय बाबू ने उसे अनसुनी कर दी और कहा-"मैं तुम्हारा गुनहगार हूँ। तुम अपनी जिन्दगी जैसी चाहो वैसी बिता सकते हो, मैं कुछ भी कहने-सुनने नहीं आऊँगा।"

लगभग एक साँस में अपनी बात कहकर अजय बाबू कमरे से बाहर निकल गये।

सुमिता ने रास्ता रोका - "डैडी! डैडी! डैडी सुन तो लीजिए !” 
-"कमजोर बेटियाँ बाप के नाम का सहारा लिया करती हैं।” अजय बाबू ने गम्भीर स्वर में कहा।

एक नज़र बेटी को देख पिता ने मोटरकार पर पैर रखा ही था कि बेटी रोती हुई बोली- “डैडी ! मत जाइये। मत जाइये। आप नाना बननेवाले हैं।” 

-"क्या ??" पैर पीछे खींचकर अजय बाबू बोले।

पीछे से राहुल ने खुशी व्यक्त की- “थ्री चियर्स फॉर सुमिता, हिप, हिप हुर्रे!"
                    -------------------

© सुभाषचंद्र गांगुली
---------------------------------
* पत्रिका ' जाह्णवी ' सितंबर 1999 में प्रकाशित।
कहानी प्रतियोगिता में तीसरा पुरस्कार प्राप्त।